फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhath Puja Live: पटना समेत पूरे बिहार में श्रद्धालुओं ने दिया भगवान सूर्य को अर्घ्य, जानिए कहां-क्या हुआ

Mon, 27 Oct 2025 06:59 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Chhath Puja Sandhya Arghya Time: छठ महापर्व हर जिले में धूमधाम से मनाया जा रहा है। छठ घाटों पर खास इंतजाम किए गए हैं। पटना में 109 गंगा घाट, 65 तालाब और 46 पार्कों में महापर्व हो रहा है। 
विज्ञापन
छठ महापर्व - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:54 PM, 27-Oct-2025
सीएम नीतीश ने दिया भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य। - फोटो : अमर उजाला

सीएम नीतीश कुमार ने अपने आवास पर दिया भगवान सूर्य को अर्घ्य

आज एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में परिवार के सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। लोक आस्था का यह महापर्व आत्मानुशासन का पर्व है, जिसमें लोग शुद्ध अंतःकरण और निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। महापर्व छठ के अवसर पर भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना है।

06:47 PM, 27-Oct-2025
मंत्री अशोक चौधरी ने अपने परिवार के साथ भगवान भास्कर की आराधना की। - फोटो : अमर उजाला

मंत्री और सांसद ने दिया भगवान सूर्य को अर्घ्य 

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपने परिवार के साथ सरकारी आवास पर चार दिवसीय इस लोक आस्था के पर्व में भाग लिया। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। उनकी पत्नी नीता केसकर चौधरी पिछले 13 वर्षों से निर्जला छठ व्रत करती आ रही हैं। इस मौके पर मंत्री की बेटी और समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व हमारी संस्कृति और नारी शक्ति की पहचान है। इस पर्व से हमें पर्यावरण, नदियों और प्रकृति के प्रति सम्मान की प्रेरणा मिलती है।

06:19 PM, 27-Oct-2025
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दिया अर्घ्य। - फोटो : अमर उजाला

डिप्टी सीएम ने भी दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य 
डिप्टी सीएम और तारापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर अपने पैतृक निवास तारापुर(मुंगेर) में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा कि लोकदेव भगवान भास्कर और छठी मईया की कृपा बिहार पर बनी रहे। बिहार के विकास, उन्नति, संपन्नता के कोष को भगवान दीनानाथ भर दें।

विज्ञापन
05:25 PM, 27-Oct-2025
बांका में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया - फोटो : अमर उजाला

बांका में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बांका में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन बांका के सभी छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा । नदी, तालाब और पोखरों के तट भक्ति गीतों और दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठे। व्रतधारियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज की मंगलकामना के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजधजकर पूजा अर्चना की, वहीं पुरुषों और बच्चों ने श्रद्धा भाव से सहयोग किया।
 

05:17 PM, 27-Oct-2025
गंडक के घाट पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री नित्यानंद राय - फोटो : अमर उजाला

गंडक नदी के घाट पर पहुंचे नित्यानंद राय
हाजीपुर के गंडक नदी के घाट पर नित्यानंद राय पहुंचे सभी प्रोटोकॉल को नजरअंदाज करते केंद्रीय मंत्री लोगों के साथ छठ पूजा के अवसर पर सेल्फी लेते हुए दिखे। वहीं भारी संख्या में भीड़ में केंद्रीय मंत्री सभी के साथ घूमते नजर आए। 

विज्ञापन
05:15 PM, 27-Oct-2025

मुजफ्फरपुर में रही धूम 
मुजफ्फरपुर में धूमधाम से छठ महापर्व मनाया जा रहा है। सभी घाटों पर श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। व्रती जल में खरी होकर छठी मैय्या की आराधना कर रही हैं। शहर का साहू पोखर तालाब श्रद्धालुओं से पट चुका है। श्रद्धालु दूध और जल से भगवान भास्कर को अर्घ्य दे रहे हैं।

04:28 PM, 27-Oct-2025
कटिहार में छठ घाट पर पहुंचे श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला

कटिहार में छठ घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालु 

कटिहार के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। गंगा, कोसी और महानंदा जैसी नदियों के तटों के साथ-साथ कई मोहल्लों, कॉलोनियों और स्कूल परिसरों में बनाए गए कृत्रिम घाटों पर भी सुंदर साज-सज्जा और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। दीपों और झालरों की चमक से पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया है। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर पूरे नियम-निष्ठा के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत निभाते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रही हैं। छठ घाटों पर गूंजते पारंपरिक गीत माहौल को और अधिक भक्तिमय बना रहे हैं।

04:03 PM, 27-Oct-2025
मुजफ्फरपुर में छठ पर्व। - फोटो : अमर उजाला

छठ घाट पर तैनात किए गए अर्धसैनिक बल के जवान
मुजफ्फरपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर आज शाम संध्या अर्घ्य के लिए श्रद्धालु घाटों की ओर उमड़ने लगे हैं। शहर का प्रसिद्ध साहू पोखर मंदिर तालाब भगवान भास्कर और छठी मैया के भक्ति गीतों से गूंज उठा है। चारों ओर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है। घाटों पर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजधजकर पूजा की तैयारी में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ स्थानीय पुलिसकर्मी भी मुस्तैदी से तैनात हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें।

 

03:52 PM, 27-Oct-2025
घाट पर भगवान भास्कर की आराधना करतीं छठ व्रती। - फोटो : अमर उजाला

छठ घाट पर पहुंचे श्रद्धालु
पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, शिवहर, सीतामढ़ी समेत सभी जिलों में छठ व्रती और श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचने लगे हैं। कई प्रत्याशी भी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे हैं। जल्द ही वह भगवान सूर्य को देंगे। 

03:29 PM, 27-Oct-2025
छठ घाट पर पहुंची भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह। - फोटो : एएनआई।

पटना के दीघा घाट पर पहुंची अक्षरा सिंह
छठ पूजा के तीसरे दिन पटना के प्रसिद्ध दीघा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अन्य कलाकारों और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति दी। सभी श्रद्धालु यहां डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए पहुंचे हैं। पूरा घाट छठ मइया के गीतों, दीपों की रोशनी और भक्ति के माहौल से सराबोर रहा।

02:27 PM, 27-Oct-2025
छठ के लिए तैयार हो चुके हैं घाट। - फोटो : अमर उजाला

मुजफ्फरपुर के तालाब घाट भी सज-धज कर तैयार हो गए हैं
मुजफ्फरपुर के नदी घाटों के अलावा शहर के प्रमुख तालाब घाट भी सज-धज कर तैयार हो गए हैं। दोपहर दो बजे के बाद से श्रद्धालु घाटों पर आने लगे हैं। शहर के प्रसिद्ध साहू पोखर मंदिर घाट, पड़ाव पोखर घाट, तीन पोखरिया घाट और ब्रह्मपुरा घाट सहित कई अन्य घाटों पर आज शाम भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

01:05 PM, 27-Oct-2025

यह प्रत्याशी भी कर रही हैं छठ महापर्व
बिहार विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमा रहीं प्रत्याशी भी छठ महापर्व कर रही हैं। हिसुआ से कांग्रेस प्रत्याशी नीतू कुमार, सासाराम से राष्ट्रीय लोक मोर्चा की प्रत्याशी स्नेहलता, गोविंदपुर से लोजपा राम प्रत्याशी विनीता मेहता और कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण छठ कर रही हैं। सभी लोग खरना का महाप्रसाद करने के बाद से 36 घंटे के निर्जला व्रत पर हैं। 
 

12:48 PM, 27-Oct-2025
छठ घाट पर मतदान को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा। - फोटो : अमर उजाला

मुजफ्फरपुर में श्रद्धालुओं से मतदान करने की अपील 
मुज़फ्फरपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। अब कुछ ही घंटों बाद छठ व्रती घाटों पर पहुंचने लगेंगी। मुज़फ्फरपुर के 200 से अधिक घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सभी प्रमुख घाटों को सुंदर रूप से सजाया-संवारा गया है। शहर के प्रमुख सीढ़ी घाट, अखाड़ा घाट और आश्रम घाट को विशेष रूप से सजाया गया है। आज शाम को छठ व्रती डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। नगर निगम प्रशासन की ओर से घाटों पर विशेष तैयारियाँ कराई गई हैं। छठ पूजा के साथ-साथ लोकतंत्र के महापर्व मतदान को लेकर भी नगर निगम प्रशासन द्वारा अपील की जा रही है। शहर के विभिन्न घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं से मतदान अवश्य करने की अपील की जा रही है।

 

12:11 PM, 27-Oct-2025

कांग्रेस प्रत्याशी अमित भूषण भी छठ कर रहीं
बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व विधायक अमिता भूषण बिना अन्न-जल ग्रहण किए छठ व्रत के दौरान भी जनता के बीच सक्रिय हैं। रविवार को उन्होंने अपने रामदीरी आवास पर खरना की पूजा संपन्न की और 36 घंटे के व्रत की शुरुआत की। पूजा के दौरान उन्होंने देशवासियों सहित बेगूसराय के लोगों की सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

11:32 AM, 27-Oct-2025
सहरसा में सज धज कर तैयार है छठ घाट। - फोटो : अमर उजाला

सहरसा में 197 घाटों में से 39 खतरनाक घाट 
सहरसा में कुल 197 छठ घाट है, जिनमें 39 घाटों को चिन्हित कर खतरनाक श्रेणी में रखा गया है। सभी घाटों पर दण्डाधिकारी, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सदर अनुमंडल अन्तर्गत कुल 112 घाट है जबकि सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अन्तर्गत कुल 85 घाट है। खतरनाक की श्रेणी में अधिकतर वैसे घाट है जो कोसी नदी, तिलावे नदी सहित, नदी की उपधारा है। 

11:12 AM, 27-Oct-2025
पटना डीएम और एसएसपी ने छठ घाटों का जायजा लिया। - फोटो : अमर उजाला

किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पटना में छठ घाट पर सुरक्षा की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी जगह पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर ली गई है। महिला, पुरुष पुलिस बल के साथ-साथ गस्ती पार्टी, पैदल लाठी पार्टी और पेट्रोलिंग गाड़ी को भी लगातार पेट्रोलिंग का निर्देश दिया गया है। कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। सभी घाटों पर वॉच टावर भी लगाए गए हैं। सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जा रही है। लोगों से अपील है कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी समस्या के लिए पुलिस से संपर्क करें।

10:28 AM, 27-Oct-2025
जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर खास इंतजाम किए गए हैं। - फोटो : अमर उजाला

जिला प्रशासन की ओर छठ की तैयारी पूरी
पटना में जिला प्रशासन की ओर छठ की तैयारी पूरी कर ली गई है। दानापुर से लेकर पटना सिटी तक 109 गंगा घाट, 65 तालाब और 46 पार्कों में छठ हो रहा है। पटना में गंगा और सहायक नदी के लिए 500 से अधिक घाटों पर छठ हो रहा है। जिला प्रशासन की ओर से हर घाट पर स्वच्छता और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। 

10:04 AM, 27-Oct-2025

Chhath Puja Live: पटना समेत पूरे बिहार में श्रद्धालुओं ने दिया भगवान सूर्य को अर्घ्य, जानिए कहां-क्या हुआ

लोक आस्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। पटना समेत पूरे बिहार में लाखों श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। श्रद्धालुओं जल में दूध डालकर सूर्य की अंतिम किरण को अर्घ्य देंगे। सीएम नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री, राजनीतिक दल के नेता भी भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे। रविवार रात को खरना का महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो चुका है। सोमवार सुबह से ही व्रती और उनके परिजन छठ का महाप्रसाद बनाने में जुट गए हैं। जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से पटना की सड़कों को धोया जा रहा है। दोपहर तीन बजे से ही पटना समेत पूरे बिहार के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगे। हर गली-सड़कों पर बिहार कोकिला स्व. शारदा सिन्हा के छठ गीत बज रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बिहारवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें