शत्रुघ्न सिन्हा का दावा- 150-175 पर आ जाएगा एनडीए
बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा मंगलवार की शाम पटना पहुंचे। तृणमूल कांग्रेस से पश्चिम बंगाल के आसनसाेल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पटना के ही बाशिंदा हैं। पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए के 150 से 175 सीटों में सिमटने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट बांड का केस देख रहा है, उससे लग रहा है कि चुनाव आयोग भी सावधानी से चुनाव कराएगा और लोकसभा चुनाव 2024 का परिणाम ठीक से आएगा। उन्होंने कहा कि शक्ति वाले बयान पर राहुल गांधी को घेरने के पीएम मोदी के स्टैंड का प्रतिकार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कुछ भी बोलने के आदी हैं।
मांझी ने पारस पर दी प्रतिक्रिया- वह सिपाही नहीं थे
भूतपूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद पशुपति कुमार पारस के केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस्तीफे की जानकारी के बाद कहा कि वह खुद को एनडीए का सिपाही बता रहे थे, लेकिन उन्होंने यह कदम उठाकर बता दिया कि वह सच्चे सिपाही नहीं थे। सिपाही को तो जो आदेश होता है, वह पालन करता है। मांझी ने कहा कि सच्चे सिपही होते तो मंत्रिमंडल से इस्तीफा नहीं देते। सोमवार को बिहार की 40 लोकसभा सीटों के बंटवारे में 17 सीटें भाजपा, 16 जदयू, पांच लोक जनशक्ति पार्टी को दी गईं। इसके अलावा, एक-एक सीट उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी की पार्टी को दी गई। लोजपा की पांचों सीटों पर चिराग पासवान अपने प्रत्याशी उतारेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सीट बंटवारे के बाद अब इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। पशुपति पारस ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से इस्तीफा दिया तो अब जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी ने पार्टी के तमाम पदों के साथ सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार दोपहर झमाझम बारिश शुरू हो गई। मंगलवार की सुबह ज्यादातर हिस्सों में धूप बहुत कमजोर निकली। पटना में पहले काले बादलों के कारण अंधेरा छाया और फिर गरज के साथ बारिश शुरू हो गई।
पशुपति कुमार पारस ने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। वह आज शाम चार बजे पटना पहुंचकर मीडिया से बात करेंगे और अबतक की सूचना के अनुसार वह शाम साढ़े पांच बजे के करीब राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे। वह तीन सीटों की मांग कर रहे हैं। हाजीपुर से वह सीट चाह रहे हैं। भाजपा से इसी मांग पर वह अड़े थे, लेकिन चिराग पासवान को पांच सीटें मिलने के बाद गुस्से में उन्होंने यह फैसला लिया है।
उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी के बयान का इंतजार
आज राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख व भूतपूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बयान का भी इंतजार है। बिहार की लोकसभा सीटों में उन्हें जो मिलने की उम्मीद थी, वही मिली है लेकिन विपक्ष को उम्मीद इन दोनों से भी है। हम के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को दिल्ली में एनडीए के संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा या उनके प्रतिनिधि के रूप में कोई नहीं था। इसलिए ज्यादा ध्यान कुशवाहा पर रहेगा। हालांकि, कुशवाहा को पहले से एक ही सीट की गणना दिख रही थी और वह सभी 40 सीटों पर एनडीए की जीत का दावा बार-बार कर रहे थे।
एनडीए में सीटें भी बदलीं, जानें अब कौन कहां से लड़ेगा