फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News LIVE: भाजपा ने सभी 17 सीटों के प्रत्याशी घोषित किए, ज्यादातर चेहरे पुराने; अश्विनी चौबे का टिकट कटा

Sun, 24 Mar 2024 09:12 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar News : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में भी टिकट बंटवारा फाइनल स्टेज में है। सीएम नीतीश कुमार की पार्टी आज अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:10 PM, 24-Mar-2024

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार की सभी 40 सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए। पश्चिम चंपारण से डॉ. संजय जायसवाल, पूर्वी चंपारण से राधामोहन सिंह, मधुनबी से अशोक कुमार यादव, अररिया से प्रदीप कुमार सिंह, दरभंगा से गोपालजी ठाकुर, मुजफ्फरपुर से राजभूषण निषाद, महाराजगंज से जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सारण से राजीव प्रताप रूडी, उजियारपुर से नित्यानंद राय, बेगूसराय गिरिराज सिंह, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, पाटलिपुत्र से रामकृपाल यादव, आरा से आरके सिंह, बक्सर से मिथिलेश तिवारी, सासाराम से शिवेश राम, औरंगाबाद से सुशील कुमार सिंह और नवादा से विवेक ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है।

06:58 PM, 24-Mar-2024

लालू यादव के घर की कुर्ताफाड़ होली कैंसिल, दिल्ली निकले सपरिवार
इस होली में लालू प्रसाद यादव के आवास पर मशहूर कुर्ताफाड़ होली कैंसिलकर दिया गया है। वजह यह है कि लालू यादव अपने परिवार के साथ राबड़ी आवास से निकलकर पटना एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गये हैं। वेलोग पटना एयरपोर्ट से दिल्ली जा रहे हैं। 27 मार्च को तेजस्वी यादव की बेटी कात्यायनी का जन्मदिन है। कात्यायनी का जन्मदिन पटना में नहीं बल्कि दिल्ली में मनाया जाएगा। इस वजह से राजद के समर्थकों में थोड़ी निराशा देखी जा रही है।

05:26 PM, 24-Mar-2024

पटना पहुंचे चिराग पासवान
पटना एयरपोर्ट परिसर में आज उस समय भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जब चिराग पासवान एनडीए के सीट बंटवारे के बाद बिहार लौटे। मैं पीएम मोदी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने गठबंधन के हर साथी को सम्मान देने का काम किया। सीएम नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी को भी मैं धन्यवाद देता हूं क्यों कि उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी को सम्मान दिया। चिराग ने दावा किया कि आगामी चुनाव में 40 के 40 सीट जीतकर हमलोग पीएम मोदी की झोली में डालेंगे। 

विज्ञापन
04:20 PM, 24-Mar-2024

समस्तीपुर में पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई आग
समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में रविवार को पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुद को भी आग के हवाले कर दिया। उसके बाद ग्रामीणों ने उसे गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया है। वहीं, मृतका की पहचान गांव के देवेंद्र साह की पत्नी मीना देवी (44) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद चकमेहसी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद परिवार के अन्य लोगों के बीच कोहराम मचा हुआ है।

03:38 PM, 24-Mar-2024

एक अप्रैल से टोल टैक्स में वृद्धि होगी
बिहार में एक अप्रैल से आम आदमी के लिए आवागमन महंगा हो जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल टैक्स में 2.6% की वृद्धि करने का फैसला किया है। यह वृद्धि बिहार के  32 टोल प्लाजा पर लागू होगी। एनएचएआई ने पत्र जारी कर सभी टोल प्लाजा पर नई दरों से टोल टैक्स की वसूली का निर्देश दिया है। यह नई दर 31 मार्च की रात 12 बजे के बाद लागू हो जायेगी। 

विज्ञापन
02:54 PM, 24-Mar-2024

राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मिला चुनाव का सिंबल
पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को सिंबल मिल गया है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि हमारी पार्टी को कॉमन सिंबल दे दिया गया है। भरा हुआ गैस सिलेंडर हमारा सिंबल है। इस बार हमलोग लोकसभा चुनाव इसी सिंबल पर चुनाव लड़ेगे। कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता की समृद्धि के लिए हमारी पार्टी काम करेगी। हमारे कंधों पर 40 लोकसभा सीट है। 40 की 40 सीट पर एनडीए को जीत मिलेगी। 

02:15 PM, 24-Mar-2024

अली अशरफ फातमी और ललित यादव को मिला सिंबल
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव अपनी रौ में हैं। इंडी एलायंस तो बिहार में नहीं ही चला, महागठबंधन का फॉर्मूला भी नहीं चल रहा है। वह कांग्रेस की आपत्ति के बावजूद अपनी पार्टी से लगातार प्रत्याशी उतारे जा रहे हैं। इसी हफ्ते जनता दल यूनाईटेड को छोड़कर राजद में वापसी करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी को उन्होंने रविवार को अपने आवास पर बुलाकर मधुबनी से राजद का सिंबल दिया। दरभंगा का प्रत्याशी भी राजद की ओर से पूर्व मंत्री व पार्टी विधायक ललित कुमार यादव को बनाया गया है।

01:23 PM, 24-Mar-2024

लालू से मुलाकात करने पहुंचे रामा सिंह
वैशाली के पूर्व सांसद रामा किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह राबड़ी आवास पहुंचे। वहां उन्होंने लालू प्रसाद से मुलाकात की। सूत्र बता रहे हैं रामा सिंह अपनी पत्नी वीणा सिंह को वैशाली से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ाना चाह रहे हैं। वहीं जदयू छोड़कर राजद में शामिल हुए मो. अली अशरफ फातमी ने कहा कि जदयू के बाद अब भाजपा में टूट होने वाली है। सीएम नीतीश कुमार काफी दबाव में थे। 

12:50 PM, 24-Mar-2024

जदयू ने 16 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की
सीएम नीतीश कुमार की पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है। जदयू ने 16 प्रत्याशियों ने नाम की घोषणा की है। सीतामढ़ी के सांसद और जदयू नेता सुनील कुमार पिंटू का टिकट कट गया है। उनके जगह विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर को टिकट दिया गया है। सीवान की सांसद कविता सिंह का भी टिकट कट गया है। उनके जगह विजयालक्ष्मी देवी को पार्टी ने लोकसभा उम्मीवार बनाया है।

12:17 PM, 24-Mar-2024

बेगूसराय में महिला की हत्या
बेगूसराय में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के बहनोई पर लगा है। घटना चकिया थाना क्षेत्र के बिन्द टोली की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मामले में मृत महिला के बहनोई समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। 

11:30 AM, 24-Mar-2024

बेतिया में सड़क हादसे में एक की मौत
बेतिया मे दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार शख्स की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरे व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के राजघाट पुल के समीप की है। इनका इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। वहीं मृतक की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के श्यामपुर बैठनिया गांव निवासी प्रयाग महतो के पुत्र जामदार महतो 45 वर्षीय के रूप में की गई है। घायल व्यक्ति की पहचान अमवा गांव निवासी मनोज यादव 35 वर्षीय के रूप में की गई है।

10:50 AM, 24-Mar-2024

पटना में गैस लदे ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर
पटना के फतुहा स्थित महारानी चौक के नजदीक रविवार की अहले सुबह गैस लदे ट्रक और कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसा में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। सभी घायलों को पटना के पीएमसीएच में रेफर कराया गया है, जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

09:57 AM, 24-Mar-2024

मुजफ्फरपुर में ट्रेन से कटकट महिला-पुरुष की मौत
मुजफ्फरपुर में ट्रेन से कटकर महिला और पुरुष की मौत हो गई। घटना मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर डाउन लाइन के पास की है। मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के बर्जी गांव के निवासी अमित कुमार ओझा (45) के रूप में रूप है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

09:00 AM, 24-Mar-2024

हत्या मामले में चार को आजीवन कारावास
बेतिया में हत्या मामले की सुनवाई के बाद पिता पुत्र सहित तीन सगे भाई समेत चार को आजीवन कारावास कि सजा सुनाई गई है। सुनवाई पूरी करने के बाद चार साल की सजा सहित चालीस-चालीस हजार का अर्थदण्ड लगाए गए हैं। शनिवार को सजा के बिंदु पर जिला सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार मांझी ने कांड के बहस सुनने के बाद न्यायाधीश ने दोषसिद्ध अभियुक्त उधम यादव, शंभू यादव, धनई यादव एवं लूटन यादव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।न्यायाधीश ने प्रत्येक सजायाफ्ता को चालीस-चालीस हजार रुपए जुर्माना भी देने का आदेश दिया है।

08:10 AM, 24-Mar-2024

Bihar News LIVE: भाजपा ने सभी 17 सीटों के प्रत्याशी घोषित किए, ज्यादातर चेहरे पुराने; अश्विनी चौबे का टिकट कटा

लोकसभा चुनाव का बिगुल बजते ही बिहार की सियासत पल-पल बदल रही है। महागठबंधन में सीट बंटवारा अब तक नहीं हुआ है। राजद ने सिंबल बांटना शुरू कर दिया है। वामदल ने भी कुछ सीटों पर अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी भी खुले तौर पर दावा ठोक रहे हैं।
राजद और कांग्रेस के बीच चुनावी केमेस्ट्री बिगड़ने लगी है। सूत्र बता रहे हैं राजद बिहार में कांग्रेस को लिए छह से अधिक सीट छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस 12 सीट की मांग कर रही है। जदयू की विधायक बीमा भारती के राजद में शामिल होने के बाद पूर्णिया सीट से कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने दावा ठोक दिया है। ऐसे में डर है कि दोनों दलों के भी कहीं फ्रेंडली फाइट की नौबत न आ जाए। वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में भी टिकट बंटवारा फाइनल स्टेज में है। सीएम नीतीश कुमार की पार्टी आज अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें