अटल पथ पर एमएलसी क्वार्टर के पास हंगामा
आर. ब्लॉक से सटे अटल पथ पर बिहार विधान परिषद् के सदस्यों के लिए बने क्वार्टर के पास शनिवार को घंटों हंगामा होता रहा। एमएलसी क्वार्टर में रह रहे नेताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को भी गेट में घुसने से रोका गया। शुक्रवार सुबह यहां निर्माणाधीन एक क्वार्टर में खुले आसमान के नीचे एक युवक की लाश बरामद की गई थी। छत की रेलिंग से लटकाकर और करंट से उसकी हत्या की गई थी। यह हत्या उसके जन्मदिन की रात की गई थी। उसने हत्या से कुछ ही देर पहले घरवालों को बताया था कि वह घर आ रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल बजता रहा, लेकिन रिस्पांस नहीं मिला। शुक्रवार सुबह लाश मिली। परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी और मौत पर मुआवजे की मांग के साथ प्रदर्शन के लिए लाश के साथ शनिवार को एमएलसी क्वार्टर के गेट पर पहुंच गए थे।
चुनाव आयोग ने घोषणा कर दी
अगिआंव विधानसभा के लिए उपचुनाव होगा। सातवें चरण में चुनाव करवाया जा जाएगा। यह सीट भाकपा माले के नेता मनोज मंजिल को उम्रकैद की सजा मिलने के बाद खाली हो गई थी। लोकसभा चुनाव के बीच ही यह चुनाव भी करवाया जाएगा। चुनाव आयोग ने इसकी घोषणा कर दी है। वामपंथ के शीर्ष नेताओं ने इस चुनाव को रोकने की मांग की थी। दीपांकर भट्टाचार्य ने निर्वाचन आयोग से अपील की थी कि सजा गलत है, इसलिए अभी चुनाव नहीं कराया जाए।
परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया है
शिक्षक भर्ती पेपर लीक को लेकर छात्र नेता दिलीप कुमार ने बड़ा आरोप लगाया है। कहा है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित टीआरई 3 की एक से पांच वर्ग के लिए ली गई परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया है। यह वायरल पेपर पहले ही आ चुका था। छात्र नेता दिलीप ने सीबीआई जांच की मांग की है। कहा कि जो प्रश्न वायरल हो रहे हैं उसका आंसर मिल रहा है। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले और परीक्षा रद्द करवा दे।
मंगल पांडेय फिर से बने स्वास्थ्य मंत्री
कैबिनेट विस्तार के बाद अब मंत्रियों को विभाग का आवंटन कर दिया गया है। पूर्व में भी स्वास्थ्य मंत्री रहे मंगल पांडेय को फिर स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पहली बार मंत्री बने दिलीप जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर मंत्री बने महेश्वर हजारी को सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जदयू कोटे से मंत्री बने अशोक चौधरी को ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। यहां देखें पूरी लिस्ट...
बेगूसराय में व्यवसायी से लूट
बेगूसराय में अपराधियों ने हथियार के बल पर एक व्यवसायी से दुकान पर चढ़ कर दो लाख रुपये सहित सोने की चेन की लूटपाट की। जब व्यवसायी ने लूटपाट का विरोध किया तो अपराधियों ने उसे बेरहमी से पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बेतिया में सड़क हादसे में युवक की मौत
बेतिया में बारातियों से भरी बोलेरो कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाराती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया गया है। जबकि एक को परिजन गोरखपुर लेकर चले गए हैं। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
पटना में एक युवती की गला काटकर निर्मम हत्या
पटना में एक युवती की निर्मम तरीके से हत्या के बाद उसके शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। शनिवार को पुलिस ने युवती का शव पानी भरे गड्ढे से बरामद किया है। युवती की शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल कायम हो गया। पुलिस मृत युवती की पहचान करने में जुट गई है।
भोजपुर में बालू कारोबारी के ठिकाने पर ईडी की रेड
भोजपुर में एक बार फिर से ईडी ने दस्तक दी है। इस बार ईडी ने बालू कारोबारी पुंज कुमार सिंह के ठिकानों पर रेड मारी है। ईडी ने शनिवार की सुबह सुबह पुंज कुमार सिंह के कई ठिकानों पर एक साथ रेड मारी है। वहीं ईडी ने भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा स्थित श्रीराम वाटिका में छापेमारी कर रही ही। भोजपुर के साथ साथ धनबाद में भी पुंज कुमार सिंह के ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।
18वीं लोकसभा के लिए चुनाव आयोग आज शनिवार दोपहर तीन बजे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। इसके साथ ही बिहार समेत देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। संभावना है कि इससे पहले बिहार एनडीए में सीटों का फॉर्मूला तय हो जाए। इसके बाद महागठबंधन की ओर से लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जा सकती है। इधर, बिहार कैबिनेट विस्तार के बाद आज मंत्रियों को उनका विभाग मिल सकता है। बिहार सरकार में सीएम नीतीश कुमा समेत अब कुल 30 मंत्री हो गए। बिहार सरकार ने राज्य के दो करोड़ उपभोक्ता को एक अप्रैल से 15 पैसा प्रति यूनिट सस्ती बिजली देने का एलान किया है।