फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News Live: नीतीश कुमार रविवार सुबह दे सकते हैं इस्तीफा, शाम में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी

Sat, 27 Jan 2024 11:57 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Political Crisis Live News in Hindi : बिहार में सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार कायम रहेगी या गिर जायेगी, इस पर आज तस्वीर साफ हो जाएगी। अटकलों की बाजार में कई सियासी गतिविधियों का एलान हो गया है। क्या हो रहा, क्या कह रहे कौन...जानें।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:55 PM, 27-Jan-2024

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कभी भी महागठबंधन से नाता तोड़ने की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के रविवार सुबह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना है। सूत्र ने बताया कि नीतीश कुमार रविवार सुबह करीब 10 बजे जदयू विधायकों की एक बैठक को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वह राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं और शाम तक बिहार में नई सरकार का गठन हो सकता है।

07:10 PM, 27-Jan-2024

भाजपा की एक बैठक खत्म, दूसरी बैठक शुरू 
भाजपा की विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। दो घंटे तक यह बैठक चली। पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर यह बैठक हुई। अब भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई। कोर कमेटी की बैठक के बाद चीजें स्पष्ट हो पाएंगी। भाजपा नेताओं ने वर्तमान हालात पर बात करने से इनकार कर दिया है। 

06:42 PM, 27-Jan-2024

मीसा भारती बोलीं- हमने जनता के लिए काम किया
सियासी घमासान के सवाल पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी और सांसद ने कहा कि मुझे अभी कोई जानकारी नहीं है। मीडिया में में जो कुछ चल खबरें चल रही हैं, वह सिर्फ एक बात है, इसके अलावा किसी ने कुछ नहीं कहा है। मीसा भारती ने कहा कि हमलोगों ने जनता के लिए काम किया और हम भविष्य में भी उनके लिए काम करते रहेंगे। 

विज्ञापन
06:39 PM, 27-Jan-2024

केसी त्यागी बोले - गाड़ी राइट (भाजपा) की तरफ मुड़ रही है
केसी त्यागी ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि गाड़ी राइट (भाजपा) की तरफ मुड़ रही है। एक सवाल के जवाब में केसी त्यागी शायराना अंदाज में आ जाते हैं। कहते हैं कि मेरी फितरत तो देखिए, मेरा सलीका तो देखिए। जब उलझ जाती है गुत्थी तो सुलझाने में लग जाता हूं मैं। एक मिनट की बातचीत में जद(यू) महासचिव केसी त्यागी सबकुछ कह गए। पढ़ें पूरी खबर...

04:57 PM, 27-Jan-2024

भाजपा प्रभारी बोले- लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे
बिहारी में जारी सियासी हलचल के बीच भाजपा की बैठक हो रही है। भाजपा के सांसद, विधायक और विधान पार्षद इसमें मौजूद हैं। वहीं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि हमलोग लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इसको लेकर ही बैठक कर रहे हैं। 

विज्ञापन
04:27 PM, 27-Jan-2024

बिहार में जारी सियासी घमासान के बीच डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर आवाजाही रोकी गई। पुलिस दोनों तरफ से भीड़ नियंत्रण की कोशिश में जुटी हुई है। 

04:12 PM, 27-Jan-2024

सांसद मनोज झा ने कही यह बात
राजद के विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि बैठक काफी सकारात्मक हुई। हमारे पूरे विधानमंडल दल के लोग मौजूद थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सभी नेताओं ने हाथ उठाकर समर्थन दिया है। उनका जो फैसला होगा वह सर्व मान्य होगा। मनोज झा ने स्पष्ट कहा कि हमारे नेता का निर्णय अंतिम होगा। वह जो भी निर्णय लेंगे हम सभी उनके साथ हैं। 

03:41 PM, 27-Jan-2024
पूर्णिया के गोकुल कृष्ण आश्रम में कांग्रेस नेताओं की बैठक। - फोटो : अमर उजाला

कल होगी कांग्रेस की विधायक दल की बैठक
बिहार कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने पूर्णिया में कहा कि आज विधायक दल की बैठक पूर्णिया में नहीं बुलाई गई है। आज न्याय यात्रा को लेकर बैठक है। विधायक दल की बैठक कल होगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिर है और कुछ भी नहीं हुआ है। बिहार में राजनीतिक हालात की संभावनाओं पर अखिलेश सिंह ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। बता दें कि कांग्रेस के अबतक छह विधायक ही पूर्णिया पहुंचे हैं। अभी विधायकों के पहुंचने के बाद ही कल बैठक होगी।

02:56 PM, 27-Jan-2024

राजभवन के बाहर अचानक डेढ़ घंटे का सन्नाटा
सियासी बैठकों का दौर चल रहा है और अटकलें खत्म नहीं हो रहीं। न अबतक कोई इस्तीफा हुआ है और न समर्थन वापसी। इस बीच राजभवन के बाहर अचानक भीड़ खिसकने लगी। मीडियाकर्मियों को भी ब्रेक मिल गया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर किसी कार्यक्रम के सिलसिले में सवा घंटे के लिए राजभवन से निकल गए हैं। वह सवा चार बजे तक लौटेंगे। इसके बाद ही अब कुछ होगा। मतलब, करीब साढ़े चार बजे तक अटकलों का बाजार ही गरमाता रहेगा, कुछ जमीनी गतिविधि पर ब्रेक है।

02:47 PM, 27-Jan-2024

राजभवन के पास बढ़ी पुलिस की गतिविधियां
तेजस्वी यादव के आवास पर चल रही राजद की बैठक की खबर के बीच इस समय राजभवन के आसपास पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ गई है। एक तरफ चर्चा हो रही है कि राजद ही समर्थन वापस ले रहा है तो दूसरी तरफ ऐसी चर्चा भी है कि भाजपा से डील फाइनल होने के आधार पर नीतीश कुमार खुद इस्तीफा देने आ रहे हैं। कोई भी बात पक्की नहीं है, क्योंकि औपचारिक जानकारी किसी ने नहीं दी है। इन चर्चाओं के बीच पुलिस जवानों की सक्रियता और शनिवार से सभी सरकारी दफ्तरों के खुलने की खबर से सनसनी फैल गई है।

01:49 PM, 27-Jan-2024

मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकले कोर कमेटी के नेता
मुख्यमंत्री आवास में बैठक चल रही थी, वह खत्म हो गई। मुख्यमंत्री आवास से ललल सिंह, विजेंद्र यादव, श्रवण, अशोक चौधरी और संजय झा बैठक से बाहर निकल गए। करीब एक घंटे पहले जदयू की कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई थी। लेकिन, जदयू के कोर कमेटी के नेता बाहर निकल गए। हालांकि, किसी भी नेताओं ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।  

01:07 PM, 27-Jan-2024

दिल्ली में नड्डा और शाह से मिले चिराग
दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और जमुई के सांसद चिराग पासवान ने कहा कि कई सारी चिंताएं हमलोगों की हैं। जब तक अधिकृत जानकारी नहीं आती है तब तक कुछ भी कहना है सही नहीं है। आज गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई। पिछले कुछ दिनों से जो सुगबुगाहट हो रही है, वह सही है। बता दें कि गुरुवार रात ही फोन कर चिराग पासवान को दिल्ली बुलाया गया था। इसके बाद शुक्रवार को चिराग दिल्ली पहुंचे। आज गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद चिराग पासवान मुस्कुराते हुए बाहर निकले। इधर, सीएम आवास पर जदयू के वरीय नेता मंथन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ ललन सिंह विजय चौधरी सहित अन्य लोग शामिल हैं। वहीं राजद की बैठक चल रही है। 

01:01 PM, 27-Jan-2024

पटना में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, वरीय नेता विनोद तावड़े, नित्यानंद राय, मंगल पांडे समेत कई वरीय नेता मौजूद हैं। कहा जा रहा है कि इस बैठक में सीएम नीतीश कुमार और जदयू को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है। सम्राट चौधरी ने नित्यानंद राय के बाद अब जाकर पूर्व सीएम जीतन राम मांझी से भी मुलाकात की है।

12:37 PM, 27-Jan-2024
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के आवास के बाहर लगी भीड़। - फोटो : अमर उजाला

तेजस्वी यादव के आवास पहुंचे रहे विधायक और मंत्री
राजद विधायक और मंत्री राबड़ी आवास पर पहुंचने लगे हैं। महागठबंधन में टूट के सवाल पर विधायकों ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री और हमारे नेता हैं। हमलोगों उनके साथ हैं। विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है इसलिए पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हो रही है। इधर, बैठक में शामिल होने वाले नेताओं का मोबाइल बाहर ही जमा करवा लिया गया है। किसी को भी मोबाइल लेकर अंदर जाने की इजाजत नहीं है। 

12:06 PM, 27-Jan-2024
जलाभिषेक करते सीएम नीतीश कुमार और सांसद अश्विनी चौबे। - फोटो : अमर उजाला

होइहि सोइ जो राम रचि राखा
बक्सर में ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर के विकास कार्य फेज- 1 और 2 का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा सांसद अश्विनी चौबे भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश कुमार और अश्विनी चौबे में बातचीत हुई। सीएम नीतीश कुमार ने विकास कार्य का जायजा भी लिया। भाजपा सांसद अश्विनी चौबे ने कहा कि ईश्वर की कृपा से बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य हुआ। जदयू के साथ गठबंधन के सवाल पर अश्विनी चौबे ने कहा कि होइहि सोइ जो राम रचि राखा। 

11:21 AM, 27-Jan-2024

बक्सर के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुए सीएम
मुख्यमंत्री बक्सर के लिए रवाना हो गए। वह वहां ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर के विकास कार्य फेज- 1 और 2 का शिलान्यास करने वाले हैं। हालांकि, उनके साथ तेजस्वी यादव नहीं थे। बताया गया कि तेजस्वी यादव अपने ही विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो रहे। इस बीच राजद कोटे के विभाग से भारी पैमाने पर अंचलाधिकारियों और राजस्व अधिकारियों के तबादले की खबर सामने आयी।

 

11:13 AM, 27-Jan-2024

भाजपा सांसद पहुंचे राजभवन
भाजपा सांसद और वरीय नेता राधा मोहन सिंह अचानक राजभवन पहुंचे हैं। राधामोहन सिंह ने राज्यपाल से मुलाकात की। हालांकि, इस दौरान मीडिया से उन्होंने बातचीत नहीं की। 

11:01 AM, 27-Jan-2024
अग्निशमन विभाग की प्रदर्शनी में पहुंचे सीएम नीतीश कुमार। - फोटो : अमर उजाला

मंदिर से पहले अग्निशमन विभाग की प्रदर्शनी में पहुंचे सीएम नीतीश
मुख्यमंत्री बक्सर के लिए रवाना हो रहे। वह वहां ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर के विकास कार्य फेज- 1 और 2 का शिलान्यास करने वाले हैं। हालांकि इस कार्यक्रम से पहले वह पटना में अग्निशमन विभाग के कार्यक्रम में शामिल हुए। अग्निशमन विभाग की ओर प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सीएम ने इसका उद्घाटन किया।

10:29 AM, 27-Jan-2024

आज भाजपा, राजद और कांग्रेस पार्टी की बैठक
सियासी घमासान के बीच राष्ट्रीय जनता दल की ओर से  विधायक और वरीय नेताओं के साथ आज दोपहर एक बजे के साथ बैठक बुलाई गई है। वहीं भाजपा की ओर से शाम चार बजे प्रदेश कार्यालय में बैठक बुलाई गई है। वहीं कांग्रेस पार्टी पूर्णिया में सारे विधायकों के साथ बैठक करेगी। इधर, जदयू की ओर से रविवार को बैठक बुलाई गई है। 

09:11 AM, 27-Jan-2024

राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कल सीएम नीतीश कुमार से अपील की थी कि वह असमंजस की स्थिति साफ करें। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बेटी रोहिणी आचार्या के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अचानक बेपटरी हो रही सरकार को बचाने के लिए बगल में मुख्यमंत्री आवास का दौरा 48 घंटे बीतने पर भी नहीं किया। सीएम के गुस्से को संभालने की जगह डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव राजभवन के कार्यक्रम में भी नहीं गए। अब शनिवार को सभी की नजर एक और कार्यक्रम पर है। पटना में मौजूदा सरकार गिरने और नई सरकार बनने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री कुछ देर में हेलीकॉप्टर से निकलने वाले हैं। जाना तो डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को भी है। वह निकलते हैं या नहीं, नजर इसपर रहेगी। मुख्यमंत्री बक्सर जिला के ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर के विकास कार्य फेज- 1 और 2 का शिलान्यास करने निकल रहे हैं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे के भी पहुंचने की उम्मीद है।

08:39 AM, 27-Jan-2024

Bihar News Live: नीतीश कुमार रविवार सुबह दे सकते हैं इस्तीफा, शाम में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी

बिहार में सियासी घमासान जारी है। चर्चा है कि आज राजद और जदयू गठबंधन वाली सरकार टूट सकती है। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच दूरी। राजभवन में आयोजित टी पार्टी पर तेजस्वी यादव का नहीं जाना। नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा के बीच मुस्कुराते हुए बातचीत करने वाली तस्वीर ने काफी कुछ स्पष्ट कर दिया है। आज भाजपा राजद और जदयू के विधायक को और सांसदों की पटना में बैठक है। तीनों दल अपने अपने विधायक और सांसदों के साथ पार्टी कार्यालय में बैठक करने वाले हैं। हालांकि में बैठक को यह लोग लोकसभा चुनाव की तैयारी का नाम दे रहे हैं लेकिन अटकलें लगाई जा रही है कि आज ही राजद और जदयू का गठबंधन टूट सकता है और अगले 24 घंटे में नई सरकार का एलान हो जायेगा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें