जमुई में भी बंद का असर
जमुई में बिहार बंद का असर देखने को मिला। इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं में जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंड मुख्यालय में सुबह 9:00 बजे से ही प्रदर्शन किया। कई जगह चक्काजाम किया। पूर्व मंत्री विजय प्रकाश समेत इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि डेढ़ बजे चक्का जाम टूटने के बाद लोगों को राहत मिली। इस सिकंदरा चौक से मंत्री सुमित कुमार सिंह को वापस पटना लौटना पड़ा।
लखीसराय में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सहरसा में भी चक्काजाम
सहरसा में इंडिया गठबंधन के घटक दलों कांग्रेस, राजद, वीआईपी, सीपीआई और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर के मुख्य बाजार में बाइक जुलूस और पैदल मार्च कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सहरसा के वीर कुंवर सिंह चौक से जुलूस शुरू होकर शंकर चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक होते हुए समाहरणालय तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
पटना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका
इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता विधानसभा मोड़ तक पहुंच चुके हैं। वह चुनाव आयोग के दफ्तर जाना चाह रहे हैं। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी एक रथ पर सवार होकर आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन, पटना पुलिस टीम ने इन्हें रोक दिया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग लोकतंत्र का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। एनडीए सरकार हमलोगों को रोकने की कोशिश कर रही है लेकिन हमलोग रुकने वाले नहीं है।
राजद कार्यकर्ताओ ने सड़क पर चल रहे ऑटो पर बरसाए डंडे
गया में भी बिहार बंद का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है। इंडिया गठबंधन के नेतओं के द्वारा गया बंद कराने के लिए जुलूस निकाला गया है। गांधी मैदान के पास महजूद राजद कार्यकर्ताओ ने सड़क पर चल रहे ऑटो के उपर ऑटो बंद करने को लेकर ऑटो पर लगातार डंडे मारते हुए नजर आए है। इस घटना के बाद ओटो चालको में आक्रोश है। वह पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
राजधानी में बंद का पूरा असर दिखा
बिहार बंद का असर राजधानी पटना में पूरी तरह से दिखने लगा है। इंडिया गठबंधन के सातों दलों के नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सड़क पर उतर चुके हैं। इनकम टैक्स से लेकर डाकबंगला चौराहा तक विपक्षी दलों के प्रदर्शनकारियों की भीड़ दिख रही है। सभी लोग चुनाव आयोग की दफ्तर की ओर बढ़ रहे हैं। जाम के कारण आवागमन ठप पड़ गया है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
पटना, जहानाबाद और भोजपुर में ट्रेनें रोकीं
पटना, जहानाबाद और भोजपुर में भी ट्रेनें रोक दी गई है। आरा स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फरक्का एक्सप्रेस रोक प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी में भी जाम का असर दिखने लगा है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ता चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पप्पू यादव पटना के सचिवालय हॉल्ट और अपने समर्थकों के साथ ट्रेन रोककर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी लोग मतदाता पुनरीक्षण काम को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
सीवान में दुकानें बंद, सड़कों को भी जाम किया
सीवान में भी बिहार बंद का असर देखने को मिल रहा है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बड़े-बड़े वाहनों को सड़क पर लगाकर यातायात को बाधित कर दिया है। इस दौरान, दुकानों को भी बंद कराया जा रहा है और प्रदर्शनकारी झंडा-बैनर लेकर "इलेक्शन कमीशन का आदेश वापस लो" के नारे लगा रहे हैं। महागठबंधन में शामिल सात पार्टियों के कार्यकर्ताओं सड़क पर उतर गए हैं। विभिन्न स्थानों पर सड़कें जाम कर रहे हैं। गोपालगंज मोड़ और बबुनिया मोड़ को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है, जिससे शहर में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जहां प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों को रोका है।
मुजफ्फरपुर में विपक्ष ने किया जाम
इंडिया महागठबंधन के द्वारा बुलाते गए बिहार बंद को लेकर आज के मुजफ्फरपुर के जीरो माइल चौक पर बंद समर्थकों ने पटना-गया, मुजफ्फरपुर-दरभंगा हाईवे जाम कर दिया। शहर के चौक-चौराहों पर विपक्ष के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राजद कार्यकर्ताओं ने केंद्र की सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग द्वारा बिहार में पूर्ण मतदाता पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है जो गरीब शोषित वंचितों के लिए उचित नहीं है।
राजद ने नमो भारत को दरभंगा जंक्शन पर रोका
बिहार बंद को लेकर राजद नेताओ ने दरभंगा जंक्शन पर नमो भारत ट्रेन रोक दी। चक्काजाम कर NDA सरकार और चुनाव आयोग से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को बंद करने की मांग की। वही रेल चक्का जाम कर रहे राजद नेता प्रेमचंद्र उर्फ भोलू यादव ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य कमजोर और पिछड़े वर्गों को मतदान के अधिकार से वंचित करने की साजिश है। केंद्र की सरकार चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर पुनरीक्षण कार्य करवा रही है। वही भोलू यादव ने कहा कि अगर सरकार हम लोगों की मांगों पर विचार नहीं करती है तो हम लोग आंदोलन को उग्र करेंगे।
बिहार में आज इंडिया गठबंधन ने चक्काजाम का एलान किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पूरा विपक्ष आज राज्यभर में विरोध प्रदर्शन कर रहा है। बुधवार सुबह से ही राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वामदल, विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। वह केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर रह हैं। दरभंगा, भोजपुर, जहानाबाद में ट्रेनें रोक दी गई हैं। दरभंगा में तो विपक्ष के कार्यकर्ता नमो भारत ट्रेन पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। वहीं पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, गया समेत कई जिलों में विपक्ष ने सड़कों को जाम कर दिया है। टायर जलाकर आगजनी कर रही है।