बिहार में छठे चरण की आठ सीटों पर मतदान का समापन हो गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास के अनुसार, अब तक सबसे अधिक पश्चिमी चंपारण में 59.75 प्रतिशत मतदान हुआ। कुछ बूथों पर वोट बहिष्कार के कारण गोपालगंज में 50.70 प्रतिशत मैदान हुआ। वहीं वैशाली में 58.50 प्रतिशत, शिवहर में 56.30 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 57.30 प्रतिशत, वाल्मीकिनगर 58.25 प्रतिशत, और महाराजगंज में 51.27 प्रतिशत मतदान हुआ है। आठों सीटों पर कुल 55.45 प्रतिशत मतदान हुआ है।
शाम पांच बजे तक बिहार में कुल 52.24 प्रतिशत मतदान हुआ
नाव से नदी पार कर मतदान करने पहुंचे मतदाता
पश्चिम चंपारण के बगहा में लोगों में मतदान को लेकर काफी उत्साह है। नाव के सहारे नदी पार कर मतदाता बूथ पर पहुंचे और मतदान किया। पिपरासी इलाके में बने मतदान केंद्र संख्या 193, 192, 194 पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद मतदाताओं ने कहा कि हमलोग चाहते हैं कि हमारे इलाके का विकास हो।
लोग नदी पार कर बूथ पर पहुंचे
पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज के बूथ नंबर 34 पर मतदान करने गए मतदाताओं की एक अनोखी तस्वीर सामने आए। यह लोग नदी पार कर बूथ पर पहुंचे। नदी पार करने के लिए इन्हें भैंसागाड़ी का सहारा लेना पड़ा। इनका कहना है कि इलाके में विकास नहीं हुआ है। इसलिए हमलोगों को इस तरह बूथ पर जाना पड़ रहा है।
दोपहर तीन बजे तक बिहार में कुल 45.21 प्रतिशत मतदान हुआ
बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग ने दोहपर एक बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है। अब तक सबसे अधिक वैशाली लोकसभा सीट पर 48.94 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं सबसे कम महाराजगंज में 39.81% प्रतिशत मतदान हुआ। शिवहर में 48.19 प्रतिशत, पश्चिम चंपारण में 47.31 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 46.71 प्रतिशत, वाल्मीकिनगर 47.49 प्रतिशत, गोपालगंज में 41.51 प्रतिशत और सीवान में 39.81 प्रतिशत मतदान हुआ है। सभी सीटों पर कुल 45.21 प्रतिशत मतदान हुआ है।
दोपहर एक बजे तक बिहार में कुल 36.48 प्रतिशत मतदान हुआ
बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग ने दोहपर एक बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है। अब तक सबसे अधिक वैशाली लोकसभा सीट पर 40.48 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं सबसे कम सीवान में 31.59 प्रतिशत मतदान हुआ। शिवहर में 38.89 प्रतिशत, पश्चिम चंपारण में 37.75 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 37.57 प्रतिशत, वाल्मीकिनगर 36.64 प्रतिशत, गोपालगंज में 34.65 प्रतिशत और महाराजगंज 34.75 प्रतिशत मतदान हुआ है। सभी सीटों पर कुल 36.48प्रतिशत मतदान हुआ है।
गोपालगंज में कई बूथों पर वोट बहिष्कार
गोपालगंज में कई बूथों पर मतदाता वोट बहिष्कार कर रहे है।ग्रामीणों में कही रेलवे ढाला तो कही सड़क नहीं होने से नाराजगी है। वही वोटरों को मनाने में अधिकारी लगे हुए है। बतादे कि गोपालगंज सुरक्षित लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। लेकिन बरौली विधानसभा के बूथ संख्या 223 नवादा चंदन टोला गांव और माझागढ़ प्रखंड के भटवालिया स्थित बूथ संख्या 51 पर ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार कर दिया है। बरौली के भटवालिया और नवादा चंदन टोला में रेलवे क्रॉसिंग नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने वोट बाहिष्कार किया हैं।वही हथुआ विधानसभा के चैनपुर गांव में सड़क नही तो वोट नहीं के नारे लगाकर गग्रामीण वोट का बहिष्कार कर रहे हैं। जिसकी वजह से सुबह से इस गांव में बनाए गए बूथ पर एक भी वोटर मतदान करने नहीं पहुंचे हैं।
सौ साल पार चुके दंपती पहुंचे मतदान करने
सौ साल पार कर चुके दंपती भी वोट डालने वैशाली के गोरौल पहुंचे। बैंड-बाजा के साथ लोग दंपती को लेकर मतदान करवाने पहुंचे। गांव में सबसे आगे आगे दंपती थे और पीछे-पीछे पूरे गांव के मतदाता चल रहे थे। बुजुर्ग जागी राम ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। इस दौरान दोनों काफी खुश नजर आ रहे थे।
मतदाताओं ने किया वोट बहिष्कार
गोपालगंज के बरौली में लोगों ने वोट बहिष्कार कर दिया है। बरौली के बूथ संख्या 223 पर लोगों ने वोट का बहिष्कार किया है। लोगों का कहना है कि इलाके में नहीं बनने से ग्रामीण नाराज हैं। अब तक एक भी मतदाता वोट देने नहीं पहुंचे हैं। वहीं मतदान केंद्र पर विधि व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पर्याप्त संख्या पर पुलिसबल तैनात कर दिए गए हैं।
वैशाली लोकसभा सीट पर 11.95 प्रतिशत मतदान हुआ
बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग ने सुबह नौ बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है। अब तक सबसे अधिक वैशाली लोकसभा सीट पर 11.95 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं सबसे कबम वाल्मीकिनगर में 8.55 प्रतिशत मतदान हुआ। सीवान में 10.54 प्रतिशत, पश्चिम चंपारण में 9.35 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 8.95 प्रतिशत और शिवहर में 9.25 प्रतिशत मतदान हुआ है। सभी सीटों पर कुल 9.66 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मतदान करने पहुंची लवली आनंद ने कहीं यह बातें
शिवहर में मतदान करने पहुंची जदयू प्रत्याशी व आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद ने कहा कि शिवहर के लोगों को हमें वोट देना चाहिए क्योंकि हमारा उनसे पुराना रिश्ता है। शिवहर की जनता ने पहले और दो बार आनंद मोहन को यहां से सांसद बनाया है। उस समय बहुत सारे विकास कार्य हुए थे।
खास तरह से सजाया गया मतदान केंद्र
वैशाली लोकसभा क्षेत्र के कांटी विधानसभा स्थित मध्य विद्यालय में पिंक बूथ बनाया गया है। महिला कर्मियों की निगरानी में मतदान कराया जा रहा है। मतदान मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 42 और 43 पर मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। वैशाली लोकसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र को विशेष रूप में सजाया गया है। इस दौरान में मतदान केंद्र को ट्रेन को कोच का रूप दिया गया है।
गोपालगंज लोकसभा सीट पर मतदान जारी
छठे चरण में गोपालगंज लोकसभा सीट पर मतदान जारी है। डीएम मकसूद आलम एवं एसपी स्वर्ण प्रभात ने सदर प्रखंड के आदर्श बूथ पर मतदान किया । मतदान के पश्चात उन्होंने पूरे जिले वासियों से अपील की की अपना मत का प्रयोग करें। वहीं कुचायकोट के सिरिसिया मतदान संख्या 334 का ईवीएम खराब हो गई। मतदानकर्मी इसे रिप्लेस करने में जुटे हैं।
मतदान के बाद काफी उत्साहित दिखे मतदाता
वैशाली लोकसभा क्षेत्र में सुबह छह बजे से ही मतदाता बूथ पर पहुंच गए। कतार में लगकर वह अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कई मतदाता वोटिंग के बाद काफी उत्साहित नजर आए। इस लोकसभा में 1869178 मतदाता है। वहीं कुल 1942 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमे 1941 मुख्य मतदान केंद्र जबकि 01 सहायक मतदान केंद्र है।
छठे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वाल्मीकिनगर, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज लोकसभा सीटों पर आज सुबह मतदान शुरू होगा। आठों सीटों पर कुल 86 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सबसे अधिक 15 उम्मीदवार वैशाली लोकसभा सीट पर भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं महाराजगंज में केवल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं पश्चिम चंपारण आठ, पूर्वी चंपारण में 12, वाल्मीकिनगर में 10, शिवहर 12, गोपालगंज में 11 और सीवान में 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। सुरक्षा को देखते हुए इन आठों सीटों पर कुल 60 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। छठे चरण में एक करोड़ 49 लाख 32 हजार 165 मतदान अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं कुल 14872 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।