फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Chunav Result Live: बिहार चुनाव में NDA की 202 सीटों पर शानदार जीत, महागठबंधन 35 पर ही सिमटा

Fri, 14 Nov 2025 11:41 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Election Results 2025 Live: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ने सारे समीकरणों को ध्वस्त करते हुए शानदार जीत हासिल है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जदयू ने भी अच्छी वापसी की। महागठबंधन 35 सीटों पर ही सिमट गया। सम्राट, प्रेम, अनंत, नितिन समेत कई दिग्गज चुनाव जीत चुके हैं। NDA अब शपथ ग्रहण की तैयारी कर रहा है। राघोपुर से तेजस्वी यादव जीत गए। तेज प्रताव चुनाव हार गए। सीएम हाउस में नीतीश कुमार ने जदयू नेताओं के साथ बैठक की। जानिए कहां-क्या हो रहा है... 
विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:29 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए किस दल को कितनी सीटें मिली

243 विधानसभा सीटों पर चुनाव परिणाम आ चुके है। आयोग के मुताबिक, भाजपा ने 89 सीटों पर, जदयू ने 85 सीटों पर और राजद ने 25 सीटों पर जीत हासिल की। लोजपा (रा.) 19 सीटों पर जीत मिली है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली है। सीपीआई (एमएल) 2 सीटों पर, हम पार्टी 5 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों पर जीत मिली है। AIMIM ने इस बार 5 सीटों पर जीत हासिल की है। सीपीआई (एम), आईआईपी और बसपा को 1-1 सीट पर नीट मिली है। कुल मिलाकर 243 सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं।

10:40 PM, 14-Nov-2025

कैमूर में रामगढ़ विधानसभा की मतगणना के दौरान मोहनिया स्थित बाजार समिति में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि बहुजन समाजवादी पार्टी के समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके दौरान पथराव भी हुआ और तीन सिपाहियों के सिर फट गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी अफरातफरी के बीच नाराज़ समर्थकों ने नगर आवास एवं विकास कार्यपालक पदाधिकारी की स्कॉर्पियो में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

10:29 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: तरारी विधानसभा से जनसुराज प्रत्याशी का निधन

तरारी विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का दुखद निधन हो गया। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें पहला हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को मतगणना के बीच उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और दूसरा हार्ट अटैक आने के बाद शाम में उनका देहांत हो गया। उनके निधन से जन सुराज पार्टी और पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। बता दें कि तरारी सीट से भाजपा प्रत्याशी विशाल प्रशांत ने जीत हासिल की है।

विज्ञापन
09:59 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: तेज प्रताप बोले- जयचंदों ने राजद को खोखला किया

तेज प्रताप यादव ने चुनाव परिणामों को जनादेश मानते हुए कहा कि उनकी हार में भी जनता की जीत छिपी है, क्योंकि बिहार ने परिवारवाद नहीं, सुशासन और शिक्षा को चुनने का संदेश दिया है। उन्होंने कांग्रेस और पार्टी के अंदरूनी ‘जयचंदों’ पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हीं वजहों से RJD कमजोर हुई। जयचंदों ने राजद को खोखला कर दिया। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी वास्तविक जीत है। महुआ की जनता से किए वादों को वे विधायक बनें या न बनें, पूरा करने का प्रयास जारी रखेंगे और उनका दरवाज़ा हमेशा जनता के लिए खुला रहेगा। उन्होंने NDA की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह और मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दिया, साथ ही NDA गठबंधन की एकता को सफलता का मुख्य आधार बताया। अंत में उन्होंने युवाओं, मातृशक्ति और समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे जनता की आवाज़ बनकर और मजबूती से फिर लौटेंगे।

09:32 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: जानिए सुपौल में किस सीट से कौन जीते

सुपौल जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की है, जिसमें जदयू और भाजपा दोनों का शानदार प्रदर्शन रहा। निर्मली सीट पर जदयू के अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने 118904 वोट पाकर राजद के बैद्यनाथ मेहता को 37310 वोटों से हराया। पिपरा में जदयू के रामबिलास कामत ने 107041 वोट हासिल कर सीपीआई (एमएल) के अनिल कुमार को 37776 मतों से मात दी। सुपौल विधानसभा में जदयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने 109085 वोट पाकर कांग्रेस उम्मीदवार मिन्नतुल्लाह रहमानी को 30803 वोटों से पराजित किया। त्रिवेणीगंज आरक्षित सीट पर जदयू की सोनम रानी ने 105262 वोट के साथ राजद के संतोष कुमार पर 5683 मतों की बढ़त से जीत हासिल की। वहीं छातापुर सीट पर भाजपा के नीरज कुमार सिंह बबलू ने 122491 वोट प्राप्त कर राजद के डॉ. बिपिन कुमार सिंह को 16178 वोटों से हराया। कुल मिलाकर सुपौल जिले की सभी पांचों सीटों पर एनडीए ने प्रभावी जीत दर्ज की।

विज्ञापन
09:05 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: जानिए सीवान जिले में किस सीट से कौन जीते

सीवान जिले की अब तक घोषित सभी छह विधानसभा सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं, जिनमें विभिन्न दलों के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। सीवान विधानसभा सीट से भाजपा के मंगल पांडेय ने 92379 वोट पाकर राजद के अवधबिहारी चौधरी को 9370 वोटों से हराया। जीरादेई में जदयू के भीष्म प्रताप सिंह ने 66287 वोट के साथ मामूली अंतर से माले के अमरजीत कुशवाहा पर 2626 वोटों की बढ़त से जीत हासिल की। दरौली सीट पर लोजपा (रा) के विष्णुदेव पासवान ने 83014 वोट प्राप्त कर माले के सत्यदेव राम को 9573 मतों से पराजित किया। रघुनाथपुर में राजद के ओसामा शहाब ने 87867 वोट पाकर जदयू के विकास कुमार सिंह को 9157 वोटों से हराया। बड़हरिया सीट पर जदयू के इंद्रदेव सिंह ने 93600 वोट हासिल कर राजद के अरुण गुप्ता को 12136 वोटों से मात दी। वहीं दरौंदा विधानसभा में भाजपा के कर्णजीत सिंह उर्फ़ व्यास सिंह ने 87047 वोट पाकर माले के अमरनाथ यादव को 18367 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया।

08:15 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: 4 घंटे तक ललन सिंह और संजय झा ने नीतीश कुमार के साथ की मीटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार वापसी के बाद मुख्यमंत्री आवास पर जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और संजय झा ने करीब 4 घंटे तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठक की। जीत के बाद आगे की तैयारी, सरकार के गठन समेत कई मुद्दों पर बात हुई। करीब 8:15 बजे ललन सिंह और संजय झा एक साथ अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर सीएम हाउस से बाहर निकले लेकिन दोनों नेताओं ने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी।

07:56 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: तेजस्वी यादव 14,532 वोटों से जीते

वैशाली जिले में राघोपुर से तेजस्वी यादव ने 14,532 वोटों से जीत दर्ज की। राजापाकर में जेडीयू के महेंद्र राम पहली बार विजयी हुए, जहां पूर्व विधायक प्रतिमा दास के विरोध का लाभ मिलते हुए उन्होंने 48,067 वोटों से जीत हासिल की। महुआ में लोजपा (रामविलास) के संजय सिंह ने 44,997 वोटों से जीत पाई। तेज प्रताप यादव और AIMIM उम्मीदवार के मैदान में होने से राजद के मुकेश रोशन पराजित हो गए। वहीं जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मेहनगर सीट पर 38,558 वोटों से जीत का परचम लहराया।

07:31 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए जीत के बाद मैथिली ठाकुर ने क्या-क्या बातें कहीं

लोकगायिका और नवविजेता विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी जीत को अलीनगर की जनता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि उनका पहला लक्ष्य अलीनगर को आदर्श नगर बनाना और पार्टी के मेनिफेस्टो के अनुसार सभी सुविधाएं बहाल कराना होगा। मैथिली ने क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात कही और आश्वासन दिया कि रुके हुए विकास कार्य अब तेज़ी से आगे बढ़ेंगे। 

07:26 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: जानिए जीत के बाद सम्राट चौधरी ने क्या कहा

बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड जनादेश नारीशक्ति के समर्थन, युवाओं के भरोसे, किसानों की उम्मीदों और बुजुर्गों की संतुष्टि का प्रतीक है। सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न कोई मुद्दा था, न कोई ठोस योजना, इसलिए जनता ने अहंकारी और भ्रष्टाचारी नेतृत्व को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने इसे सुशासन और विकास पर जनता की मुहर बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए ने लोगों के लिए काम किया है और खासकर महिलाओं ने सुरक्षित माहौल के कारण एनडीए पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया कि अब बिहार में जंगलराज या माफियाराज की कोई जगह नहीं, राज्य नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा।

06:50 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: जानिए किशनगंज जिले की सीटों का हाल

किशनगंज में शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना संपन्न हुई और जिले की चारों विधानसभा सीटों के नतीजे सामने आ गए। दो सीटों पर AIMIM, एक पर कांग्रेस और एक पर जदयू ने जीत दर्ज की। बहादुरगंज से AIMIM के तौसीफ आलम, ठाकुरगंज से जदयू के गोपाल कुमार अग्रावल, किशनगंज से कांग्रेस के कमरूल होदा और कोचाधामन से AIMIM के सरवर आलम विजयी हुए। जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल, पटाखों और डीजे के साथ जश्न मनाया। राजनीतिक पंडितों के मुताबिक, सीमांचल में AIMIM बड़ा फैक्टर बनकर उभरी है, जिससे महागठबंधन को नुकसान हुआ।

06:39 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: सुपौल की पांचों सीट पर एनडीए जीत

सुपौल जिले की सभी पाँचों विधानसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज की है, हालांकि औपचारिक घोषणा अभी बाकी है। जदयू के वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सुपौल में जीत हासिल की, जबकि भाजपा के नीरज कुमार सिंह ने फिर से बाजी मारी। त्रिवेणीगंज में सीटिंग विधायक का टिकट कटने के बाद पहली बार जदयू प्रत्याशी बनी सोनम रानी ने भी जीत दर्ज की। निर्मली से जदयू के अनिरुद्ध प्रसाद यादव छठी बार विधायक बने, वहीं पिपरा से जदयू के रामविलास कामत ने लगातार दूसरी जीत हासिल की।

06:14 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: सीएम नीतीश कुमार बोले- बिहार की जनता का धन्यवाद

NDA की जीत के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों का भी आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

05:58 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: भाजपा 91 और जदयू 83 पर आगे

चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम छह बजे तक के रुझानों में भाजपा 91 सीटों पर, जदयू 83 सीटों पर और राजद 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लोजपा (रा.) 19 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर बढ़त मिली है। सीपीआई(एमएल) 3 सीटों पर, हम पार्टी 5 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों पर आगे है। AIMIM भी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि वीआईपी, सीपीआई (एम) और बसपा को 1-1 सीट पर बढ़त मिली है। कुल मिलाकर 243 सीटों पर रुझान आए हैं।

05:33 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: गया के सभी सीटों का हाल जानिए

गया जिले में इस बार चुनावी नतीजों ने कई दिलचस्प संदेश दिए। गया टाउन सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार विजयी हुए, जबकि गुरुआ सीट से पहली बार चुनाव लड़ रहे बीजेपी प्रत्याशी उपेंद्र प्रसाद ने जीत दर्ज की, जहां जातीय समीकरण उनके पक्ष में प्रमुख फैक्टर माना गया। अतरी विधानसभा से हम के उम्मीदवार रोमित कुमार ने विकास और जंगलराज के मुद्दों के सहारे पहली बार जीत हासिल की। टिकारी में राजद उम्मीदवार अजय कुमार ने अपने पहले ही चुनाव में सबको चौंकाते हुए जीत दर्ज की, जिसमें राजद सांसद अभय कुशवाहा की भूमिका अहम बताई जा रही है। वहीं इमामगंज से हम की दीपा कुमारी विजयी रहीं, जिससे पार्टी को महत्वपूर्ण बढ़त मिली है।

05:14 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result: बेगूसराय के सभी सीटों का हाल जानिए

बेगूसराय की सभी सात विधानसभा सीटों के नतीजे साफ हो गए, जिसमें एनडीए ने पांच और महागठबंधन ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। मटिहानी की हॉट सीट पर राजद के नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने जेडीयू के राजकुमार को करीब छह हजार वोटों से हराया। चेरियां बरियारपुर से जदयू के अभिषेक आनंद, बछवारा से खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता और बेगूसराय से भाजपा के कुंदन कुमार ने क्रमशः अपने विरोधियों को मात दी। बखरी से लोजपा (रा.) के संजय पासवान ने सीपीआई विधायक सूर्यकांत पासवान को हराया, जबकि तेघरा में भाजपा के रजनीश कुमार ने सीपीआई के रामरतन सिंह को पराजित किया। साहेबपुर कमाल सीट पर राजद के सतानंद संबद्ध विजयी रहे। सभी विजेताओं ने अपनी जीत को जनता और विकास की जीत बताया।

04:45 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result: गोपालगंज में सभी सीटों पर NDA की जीत

गोपालगंज जिले के सभी 6 सीटों पर एनडीए ने अपना कब्जा जमा लिया है। जिले में महागठबंधन का खाता भी नहीं खुला है। बैकुंठपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी, बरौली से जदयू प्रत्याशी मनजीत सिंह, गोपालगंज सदर विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी सुभाष सिंह, हथुआ से जदयू प्रत्याशी रामसेवक सिंह, कुचायकोट से जदयू प्रत्याशी अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय एवं भोरे विधानसभा से जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार ने जीत दर्ज की है। जिले में जहां जदयू के चार तो वहीं भाजपा के दो प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।

04:29 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए कहां से कौन जीते

जमुई विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने 54,773 मतों से विजय प्राप्त की। सीवान के बड़हरिया से जदयू के इंद्रदेव पटेल ने जीत हासिल की, जबकि दरौली विधानसभा में विष्णु देव पासवान ने लगभग 9,000 वोटों से जीत दर्ज की है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। हाजीपुर से भाजपा के उम्मीदवार अवधेश सिंह ने लगभग 18,500 वोटों से जीत हासिल की है, जिसकी घोषणा भी बाकी है। छपरा में बनियापुर से भाजपा के केदारनाथ सिंह, एकमा से जदयू के मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल, और अमनौर से भाजपा के कृष्ण कुमार मंटू ने जीत हासिल की। वहीं, परसा से राजद की करिश्मा राय और मढौरा से राजद के जितेंद्र राय भी चुनाव जीते, लेकिन उनके परिणामों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। आरजेडी के अरुण गुप्ता को हराने की खबर भी सामने आई है।

04:12 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: तेजस्वी अब आगे हुए, तेज प्रताप तीसरे नंबर पर पीछे चल रहे

राघोपुर विधानसभा सीट पर 21वें राउंड की गिनती में तेजस्वी यादव 4937 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं तेज प्रताप यादव महुआ विधानसभा सीट से तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। 

03:56 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए भागलपुर के सीटों का हाल

भागलपुर में चुनावी नतीजों ने कई दिलचस्प मोड़ लिए हैं। बिहपुर विधानसभा से इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने विकासशील इंसान पार्टी की प्रत्याशी अपर्णा कुमारी को हराकर जीत हासिल की। वहीं, पीरपैंती विधानसभा में भाजपा के मुरारी पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रामविलास पासवान को शिकस्त दी। कहलगांव में जदयू के शुभानन्द मुकेश ने आरजेडी और कांग्रेस के प्रत्याशियों को पराजित किया। गोपालपुर विधानसभा में शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने वीआईपी के डब्लू यादव और निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल मंडल को हराते हुए जीत दर्ज की।

03:46 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result: जानिए नालंदा के सभी विधानसभा का हाल

नालंदा जिले में विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है, जहां अस्थावां से जदयू के डॉ. जितेंद्र 21वें राउंड में 32,572 वोट से आगे चल रहे हैं और लगातार छठी जीत की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि हरनौत से जदयू के हरिनारायण सिंह 29 में से सभी राउंड पूरे होने के बाद 47,909 वोट से जीत दर्ज कर चुके हैं, जो उनकी लगातार 10वीं जीत है। बिहारशरीफ में बीजेपी के डॉ. सुनील 18वें राउंड में 22,652 वोट से आगे हैं। नालंदा में जदयू के श्रवण कुमार 17वें राउंड में 25,252 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं, वहीं हिलसा में जदयू के कृष्ण मुरारी शरण 4,276 वोट से आगे हैं। इस्लामपुर में जदयू के रूहैल रंजन 15वें राउंड में 21,287 वोट से आगे चल रहे हैं। राजगीर में जदयू के कौशल किशोर 20वें राउंड में 38,942 वोट से आगे हैं और लगातार दूसरी जीत की ओर बढ़ रहे हैं, हालांकि औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।

03:31 PM, 14-Nov-2025

Dhamdaha Election Result: लेशी सिंह ने संतोष कुशवाहा को हराया

धमदाहा विधानसभा की हॉट सीट पर जेडीयू नेता और मंत्री लेसी सिंह ने आरजेडी उम्मीदवार संतोष कुशवाहा को लगभग 55,000 वोटों के भारी अंतर से पराजित कर प्रचंड जीत हासिल की है, हालांकि प्रशासनिक पुष्टि अभी बाकी है। पूर्णिया जिले की इस सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से लेसी सिंह और संतोष कुशवाहा के बीच ही रहा। जीत सुनिश्चित होने के बाद लेसी सिंह ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एनडीए के विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि विरोधी जमीन पर काम करने के बजाय सोशल मीडिया पर चुनाव लड़ रहे थे, जिसका जवाब जनता ने दे दिया।

03:22 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए सारण जिले की सीटों का हाल

सारण में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना अब अंतिम चरण में है, जहां एकमा सीट से एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार मनोरंजन सिंह धूमल ने महागठबंधन के राजद प्रत्याशी श्रीकांत यादव को पराजित कर जीत दर्ज कर ली है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। मतगणना केंद्र से बाहर आते ही राजद उम्मीदवार श्रीकांत यादव वापस चले गए, जबकि जदयू प्रत्याशी मनोरंजन सिंह धूमल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2025 में जनता ने एकमा, सारण और पूरे बिहार में फिर से नीतीश कुमार को जनादेश दिया है।

03:16 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam 2025: नित्यानंद राय बोले- बिहार में जंगल राज कभी नहीं आएगा

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन भाजपा और जदयू के नेता शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी भी करने लगे। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में अब कभी जंगल राज नहीं आ सकता है। जनता ने तेजस्वी यादव का सूपड़ा साफ कर दिया है। वही मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर नित्यानंद राय ने कहा की नीतीश कुमार ही एनडीए के मुख्यमंत्री होंगे इसमें कहीं कोई कंफ्यूजन नहीं है। हम लोग अब शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी में जुटे हैं। इस बार का शपथ ग्रहण ऐतिहासिक होगा। पीएम मोदी भी इसमें शामिल होंगे।

03:09 PM, 14-Nov-2025
मुजफ्फरपुर में मतगणना केंद्र पर तैनात सुरक्षा कर्मी। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav Parinam: मुजफ्फरपुर में मतगणना केंद्र पर हंगामा

मुजफ्फरपुर में मतगणना केंद्र पर बीजेपी प्रत्याशी केदार प्रसाद गुप्ता और राजद प्रत्याशी सुनील कुमार सुमन के बीच कहासुनी और हंगामा हो गया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गहमागहमी की सूचना मिलते ही एसएसपी सुशील कुमार तुरंत मतगणना केंद्र पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। बताया जाता है कि दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच भी तनातनी हुई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

02:57 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam 2025: जनता की उम्मीदों की जीत हुई है

भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार के अद्भुत और ऐतिहासिक जनादेश को सलाम करते हुए संदेश में कहा गया कि यह प्रचंड विजय सिर्फ़ चुनावी जीत नहीं, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य की मुहर है। युवा शक्ति से लेकर जीविका दीदियों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, माताओं–बहनों और नौजवानों तक, सभी ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया है कि विकास ही मार्ग है और NDA ही विकल्प। विधानसभा चुनाव 2025 में मिली यह एकतरफ़ा जीत वास्तव में जनता की उम्मीदों और सपनों की जीत है। इस विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए वादा किया गया है कि इसे विकास, सुशासन और सेवा में बदला जाएग। 

02:51 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: लालू के दोनों बेटे पीछे

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार एक नंबर पर चल रहे हैं। 11वें राउंड के बाद भी तेजस्वी यादव 4829 वोटों से पीछे हैं। वहीं महुआ सीट से तेज प्रताप यादव तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। 13वें राउंड में तेज प्रताप 27132 वोटों से लोजपा रामविलास के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह से पीछे चल रहे हैं।

02:38 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result: गया टाउन से प्रेम कुमार और मोतिहारी से प्रमोद कुमार जीते

गया टाउन विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार 20,408 मतों से विजयी रहे, जबकि बोधगया विधानसभा में राजद उम्मीदवार कुमार सर्वजीत ने 881 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, मोतिहारी विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रमोद कुमार ने चुनाव में सफलता हासिल की। इसके अलावा मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह, तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी, झंझारपुर से भाजपा प्रत्याशी नीतीश मिश्रा ने जीत दर्ज की है। हालांकि, इनकी जीत की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

02:21 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: रोहिणी आचार्य ने की यह अपील

रोहिणी आचार्य ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि साथियों, अधिकांश सीटों पर अभी मतगणना के शुरुआती चरण यानी पांच से सात राउंड ही पूरे हुए हैं, इसलिए भ्रामक और गुमराह करने वाले रुझानों को अंतिम परिणाम समझने की गलती न करें। उन्होंने आग्रह किया कि निर्णायक राउंड्स की गिनती पूरी होने तक मतगणना केंद्रों पर पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता और सजगता के साथ डटे रहें, ताकि वोट चोर किसी भी प्रकार की धांधली या गड़बड़ी न कर सकें। 

02:16 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result 2025: जानिए सीवान में कौन आगे चल रहे

सीवान जिले की सभी सीटों पर रुझान स्पष्ट होते दिख रहे हैं। सदर सीट से भाजपा के मंगल पांडेय 12,462 वोट से आगे चल रहे हैं, जबकि जिरादेई में जदयू के भीष्म प्रताप सिंह 3,043 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं। दरौली में लोजपा के विष्णु देव पासवान 4,854 वोट से आगे हैं। रघुनाथपुर से राजद के ओसामा सहाब 16,117 वोट की बड़ी बढ़त लिए हुए हैं। दारौंदा में भाजपा के करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह 2,682 वोट से आगे हैं, वहीं बड़हरिया में राजद के अरुण गुप्ता 3,670 वोट से बढ़त पर हैं। गोरेयाकोठी में भाजपा के देवेशकांत सिंह 12,418 वोट से आगे हैं और महाराजगंज में जदयू के हेमनारायण साह 5,390 वोट की बढ़त बनाए हुए हैं।

02:10 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: तेजस्वी और तेज प्रताप अब भी पीछे

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार एक नंबर पर चल रहे हैं। 11वें राउंड के बाद भी तेजस्वी यादव करीब 4800 वोटों से पीछे हैं। वहीं महुआ सीट से तेज प्रताप यादव तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। तेज प्रताप 26000 वोटों से लोजपा रामविलास के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह से पीछे चल रहे।

01:55 PM, 14-Nov-2025
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Result 2025: भाजपा कार्यालय में जश्न

पटना में वीर चंद पटेल मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के बाहर जश्न मनाया जा रहा है। महिला और पुरुष कार्यकर्ता झूम रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि अब तक रुझानों में भाजपा को 91 सीटें आई है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के कम पर वोट दिया है। बिहार में एक बार फिर से एनडीए सरकार बन रही है।

01:28 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: जानिए बांका जिले सभी सीटों का हाल

बांका जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर एनडीए ने मजबूत बढ़त बना रखी है। अमरपुर से जदयू प्रत्याशी और भवन निर्माण मंत्री जयंत राज दसवें राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह से 10,000 वोटों से आगे हैं। जयंत राज का कहना है कि जनता ने एनडीए के विकास कार्यों पर भरोसा जताया है और यह बढ़त अंत तक और बढ़ सकती है, जिससे उनकी लगभग 25,000 मतों से जीत तय मानी जा रही है। जिले में सभी सीटों पर राउंड-दर-राउंड एनडीए की बढ़त कायम है।
 

01:11 PM, 14-Nov-2025
जदयू दफ्तर के बाहर जश्न। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Result 2025: रुझान देखने के बाद जदयू कार्यालय के बाहर जश्न

अब तक के रुझानों को देखकर सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जश्न मनाने लगी है। जदयू नेता और कार्यकर्ता मिठाई बांटने लगे हैं। पटाखे फोड़े जा रहे हैं। जदयू नेताओं ने कहा कि 10वीं बार नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता सब खेल समझ चुकी है। नीतीश कुमार को जनता ने फिर से अपना आशीर्वाद दिया है। 

12:54 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result 2025: लाल के दोनों बेटे पीछे

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए गए तेजस्वी यादव भाजपा के सतीश राय से 343 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वही उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव महुआ विधानसभा में चौथे नंबर पर चल रहे हैं। यहां पर चिराग पासवान की पार्टी के प्रत्याशी संजय सिंह ने बढ़त बनाकर रखी है।

12:42 PM, 14-Nov-2025
विक्ट्री साइन दिखाते जदयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Result 2025: समस्तीपुर में जदयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी ने कही यह बातें

समस्तीपुर जिले की कल्याणपुर विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी 19,359 मतों से आगे चल रहे हैं। काउंटिंग हॉल पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का नारा “2025 फिर से नीतीश 225” अब सच होता हुआ दिखाई दे रहा है। विपक्ष को जनता ने जवाब दे दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, रुझानों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को 89 और जदयू को 79 सीटों पर बढ़त है। वही राजद 30 और कांग्रेस छह सीटों पर आगे चल रही है। चौंकने वाली बात यह है कि 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने वाली जनसुराज पार्टी का खाता भी नहीं खुला है। 
 

12:27 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam: जानिए दरभंगा में कौन आगे चल रहा

दरभंगा शहर से भाजपा के संजय सरावगी 14वें राउंड में 21,177 मतों से आगे हैं और VIP प्रत्याशी पीछे चल रहे हैं। ग्रामीण सीट पर 10वें राउंड में ईश्वर मंडल 1,480 मतों से आगे हैं। बहादुरपुर में 10वें राउंड तक मदन सहनी 5,301 मतों से आगे चल रहे हैं। केवटी में 11वें राउंड में मुरारी मोहन झा 7,721 मतों से आगे हैं। कुशेश्वरस्थान से जदयू के अतीरेक 8वें राउंड में 16,085 मतों से आगे हैं, जबकि अलीनगर में 8वें राउंड तक भाजपा की मैथिली ठाकुर 8,569 मतों से आगे हैं। गोराबौराम में 5वें राउंड में सुजीत कुमार 4,418 मतों से आगे हैं और बेनीपुर में 6वें राउंड तक जदयू के विनय चौधरी 3,136 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
 

12:15 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result 2025: भाजपा 87 सीटों पर आगे, कांग्रेस को छह पर बढ़त

चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 12:15 बजे तक के रुझानों में भाजपा 87 सीटों पर, जदयू 76 सीटों पर और राजद 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लोजपा (रा.) 19 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर बढ़त मिली है। सीपीआई(एमएल) 6 सीटों पर, हम पार्टी 4 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 3 सीटों पर आगे है। AIMIM भी 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सीपीआई (एम) और बसपा को 1-1 सीट पर बढ़त मिली है। कुल मिलाकर 243 सीटों पर रुझान आए हैं।

12:01 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Parinam : सीवान जिले के सभी विधानसभा का हाल जानिए

सीवान जिले के सीवान सदर सीट पर भाजपा के मंगल पांडेय 9380 वोट से आगे हैं। जिरादेई में जदयू के भीष्म प्रताप सिंह 533 वोट से आगे चल रहे हैं, जबकि दरौली में लोजपा के विष्णु देव पासवान 3766 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं। रघुनाथपुर में राजद के ओसामा साहब 5088 वोट से आगे हैं और जदयू के विकास कुमार सिंह उर्फ जीसू सिंह पीछे चल रहे हैं। दारौंदा में माले के अमरनाथ यादव 1278 वोट से आगे हैं, जहां भाजपा के करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह पीछे हैं। बड़हरिया में जदयू के इंद्रदेव पटेल 621 वोट से आगे हैं और राजद के अरुण गुप्ता पीछे चल रहे हैं। गोरेयाकोठी में भाजपा के देवेशकांत सिंह 6279 वोट से आगे हैं, जबकि महाराजगंज में जदयू के हेमनारायण साह 3875 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं।
 

11:45 AM, 14-Nov-2025
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Result 2025: सुबह 11:45 बजे तक यह है दलीय स्थिति

चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 11: 45 बजे तक के रुझानों में भाजपा 82 सीटों पर, जदयू 75 सीटों पर और राजद 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लोजपा (रा.) 22 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 7 सीटों पर बढ़त मिली है। सीपीआई(एमएल) 6 सीटों पर, हम पार्टी 4 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 3 सीटों पर आगे है। AIMIM भी 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि वीआईपी, सीपीआई (एम) और बसपा को 1-1 सीट पर बढ़त मिली है। कुल मिलाकर 241 सीटों पर रुझान आए हैं।

11:24 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: पटना के इन विधानसभा का हाल जानिए

पटना के एएन कॉलेज में बने मतगणना केंद्र पर सुबह 11 बजे तक की गणना के अनुसार, मोकामा में अनंत सिंह 26299 वोट लाकर वीणा देवी (15174) से बहुत आगे हैं। यहां से जन सुराज को महज 2712 वोट मिले हैं। दीघा में संजीव चौरसिया 19006 वोट ला चुके, जबकि दिव्या गौतम अब भी 2262 पर हैं। दानापुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव राजद के रीत लाल यादव से भारी मतों से पीछे हैं। रीत लाल यादव को 36 हजार से ज्यादा वोट आ चुका है, जबकि रामकृपाल को 22 हजार के करीब वोट आए हैं।

11:09 AM, 14-Nov-2025

कटिहार जिले की सातों विधानसभा सीटों के ताज़ा रुझानों में कटिहार से वीआईपी के सौरभ अग्रवाल भाजपा के तारकेश्वर प्रसाद पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि प्राणपुर में भाजपा की निशा सिंह राजद की इशरत प्रवीण से आगे हैं। मनिहारी में कांग्रेस के मनोहर प्रसाद जदयू के शंभू सुमन को पीछे छोड़ बढ़त बनाए हैं। बरारी में जदयू के विजय सिंह कांग्रेस के तौकीर आलम से आगे चल रहे हैं। कदवा में भी जदयू के दुलालचंद गोस्वामी कांग्रेस के शकील अहमद खान से आगे हैं। कोढ़ा में भाजपा की कविता पासवान कांग्रेस की पूनम पासवान पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बलरामपुर में एनडीए की संगीता देवी AIMIM के आदिल हुसैन से आगे चल रही हैं।

10:54 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: तेज प्रताप यादव पीछे, तेजस्वी यादव आगे चल रहे

अब तक के रुझानों में महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए गए तेजस्वी यादव राधोपुर विधानसभा से आगे चल रहे हैं। वही उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव महुआ सीट से पीछे चल रहे हैं। इन दोनों के अलावा जदयू प्रत्याशी व बाहुबली अनंत सिंह मोकामा से आगे चल रहे हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर अलीपुर सीट से आगे चल रही हैं। राजद प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव आगे चल रहे हैं। 

10:48 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए सारण जिले के सभी विधानसभा का हाल

सारण जिले के रुझानों में एकमा विधानसभा में जदयू के मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह 3175 वोट के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि राजद के श्रीकांत यादव को 1653 वोट मिले हैं और जदयू 1500 वोट से बढ़त बनाए हुए है। मांझी विधानसभा में भी जदयू के रणधीर सिंह 3066 वोट के साथ आगे हैं, जहां राजद के डॉ. सत्येंद्र कुमार यादव को 1812 वोट मिले हैं और जदयू की बढ़त 1254 की है। वहीं बनियापुर विधानसभा में भाजपा के केदारनाथ सिंह को 10145 वोट जबकि राजद की चांदनी देवी को 11697 वोट मिले हैं, जिससे राजद 1051 वोट से आगे है। गड़खा विधानसभा में लोजपा (रा) के सीमांत मृणाल को 2707 और राजद के सुरेंद्र राम को 3495 वोट मिले हैं, जहां राजद 786 वोट की बढ़त पर है।

10:38 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: महुआ से तेज प्रताप चौथे नंबर पर

बिहार विधानसभा चुनाव की सबसे हॉट सीटों में से एक महुआ विधानसभा सीट से चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। अब तक के रुझानों में लालू प्रसाद के बड़े बेटे व जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव चौथे नंबर पर चल रहे हैं। यहां से लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के उम्मीदवार संजय सिंह ने बढ़त बना ली है। राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी मुकेश कुमार रोशन दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। तीसरे नंबर पर एआईएमआईएम के उम्मीदवार अमित कुमार चल रहे हैं

10:27 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: पश्चिम चंपारण जिले के सभी विधानसभा का अब तक का हाल जानिए

पश्चिमी चंपारण की नौ विधानसभा सीटों के तीसरे राउंड के रुझानों में कई सीटों पर मुकाबला रोचक बना हुआ है। बाल्मीकि नगर में धीरेंद्र प्रताप सिंह 1070 वोट से जेडीयू के सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि रामनगर में भाजपा के नंदकिशोर राम 3070 वोट से आगे हैं। नरकटियागंज में राजद के दीपक यादव 542 वोट से भाजपा के संजय पांडे पर बढ़त में हैं। बगहा में कांग्रेस के जयेश मंगल सिंह 1438 वोट से आगे हैं। लौरिया में भाजपा के विनय बिहारी 70 वोट से आगे हैं, वहीं नौतन में भाजपा के नारायण प्रसाद साह 103 वोट से बढ़त में हैं। चनपटिया में कांग्रेस के अभिषेक रंजन 1112 वोट से आगे हैं, जबकि बेतिया में कांग्रेस के वासी अहमद 719 वोट से बढ़त में हैं। सिकटा में जदयू के समृद्ध वर्मा 2701 वोट से खुर्शीद आलम पर बढ़त बनाए हुए हैं।

10:21 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: नालंदा जिले के सभी विधानसभा का अबतक का हाल जानिए

नालंदा जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों से मिले रुझानों में जदयू और भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त जारी है। अस्थावां में जदयू के जितेंद्र कुमार दूसरे राउंड में 3566 और तीसरे राउंड में 6071 वोट से आगे रहते हुए कुल 10,646 मत प्राप्त कर चुके हैं। बिहार शरीफ में भाजपा के डॉ. सुनील कुमार 2825 मतों से आगे हैं, जबकि नालंदा सीट पर जदयू के श्रवण कुमार दूसरे राउंड में 3476 वोट की बढ़त के साथ 8682 मत पा चुके हैं। हरनौत से जदयू के हरिनारायण सिंह चौथे राउंड में 2933 वोट से आगे हैं। हिलसा में अत्री मुनि 1269 वोट से आगे हैं और इस्लामपुर में जदयू के रुहेल रंजन 128 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं।

10:16 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result 2025: तारापुर से सम्राट चौधरी और सीवान से मंगल पांडेय आगे

तारापुर विधानसभा क्षेत्र के राउंड-02 की गिनती में 164 तारापुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने 8647 वोट हासिल करते हुए राजद उम्मीदवार अरुण शाह, जिन्हें 5957 वोट मिले, पर 2690 मतों की बढ़त बनाई है। इधर, सीवान से भाजपा के मंगल पांडेय और अलीनगर से भाजपा की मैथिली ठाकुर आगे चल रहे हैं, जबकि वैशाली में जदयू के सिद्धार्थ पटेल बढ़त बनाए हुए हैं।

09:57 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result : NDA 243 सीटों पर आगे चल रहा

अब तक के रुझानों में एनडीए आगे चल रहा है। 243 सीटों का रुझान सामने आ चुका है। इसमें एनडीए 166 और महागठबंधन 71 सीटों पर आगे चल रहा है।

09:36 AM, 14-Nov-2025
पटना में एएन कॉलेज में बने मतगणना केंद्र के बाहर तैनात सुरक्षा कर्मी। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav Result 2025: जानिए पटना में कौन आगे चल रहा?

पटना में दीघा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार संजीव चौरसिया बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि दूसरे स्थान पर दिव्या गौतम हैं। कुम्हरार में दूसरे राउंड की गिनती के बाद भाजपा के संजय आगे चल रहे हैं। वहीं मोकामा सीट से अनंत सिंह ने बढ़त बना ली है।

09:24 AM, 14-Nov-2025
रोहतास में मतगणना केंद्र के पास तैनात सुरक्षा कर्मी। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Result: रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

रोहतास में मतगणना स्थल पर बुधवार रात हुए विवाद के बाद तकिया बाजार समिति स्थित स्ट्रांग रूम के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कार्य शुरू हो गया है। स्ट्रांग रूम के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है और पूरे शहर में विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्ट्रांग रूम की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, जहां सघन जांच जारी है। आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया है और अनावश्यक आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।

09:16 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए बेगूसराय में कौन आगे चल रहा है

बेगूसराय मतगणना केंद्र से मिले ताज़ा रुझानों के अनुसार कांग्रेस बेगूसराय सीट पर बढ़त बनाए हुए है। तेघड़ा में भाजपा आगे चल रही है, जबकि बछवाड़ा में कांग्रेस ने बढ़त हासिल कर ली है। बखरी सीट पर सीपीआई आगे है। चेरिया बरियारपुर और साहेबपुर कमाल दोनों जगह राजद बढ़त में है, वहीं मटिहानी सीट पर भी राजद ने बढ़त बना ली है।

09:04 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: जानिए कौन सा दल कितनी सीटों पर आगे चल रहा

अब तक 222 सीटों का रुझान आया है। एनडीए के दलों में भाजपा 76, जदयू 49, लोजपा रामविलास चार, हम और रालोमो एक एक सीट पर आगे चल रहा है। वही महागठबंधन में दलों में राजद 72, कांग्रेस 9, सीपीआईएम 2, वीआईपी और सीपीआई एमएल एक-एक सीट पर आगे चल रहा है।

08:56 AM, 14-Nov-2025

ईवीएम की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में NDA आगे चल रहा है। NDA 98 सीटों पर और महागठबंधन 82 सीटों पर आगे चल रहा है। 

08:45 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: रुझानों में राजद 47 और कांग्रेस सात सीटों पर आगे

अब तक 165 सीटों का रुझान आ चुका है इसमें भाजपा 54, जदयू 39, राजद 47, कांग्रेस सात सीटों पर आगे चल रही है। जमुई सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह के चल रही हैं। वहीं करगहर विधानसभा से जनसुराज प्रत्याशी रितेश पांडे आगे चल रहे हैं।

08:35 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result: रुझानों में आगे चल रहे तेजस्वी यादव

पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद अब ईवीएम खुल गए हैं। शुरुआती रुझानों में NDA आगे चल रहा है। राघोपुर से तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं। वही उनके भाई तेज प्रताप यादव महुआ से पीछे चल रहे हैं। 

08:31 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: शुरुआती रुझानों में NDA 65 पर आगे

पोस्टल बैलेट की गिनती खत्म हो चुकी है। अब तक के रुझानों में एनडीए आगे चल रहा है। एनडीए 65 सीटों पर आगे चल रहा है। इनमें भाजपा 38 और जदयू 27 सीटों पर आगे चल रहा। वहीं महागठबंधन 42 सीटों पर आगे चल रहा है। इनमें राजद 33 और कांग्रेस पांच सीटों पर आगे चल रहा है।

08:20 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result 2025: पोस्टल बैलेट के रुझानों में भाजपा पर 27 पर आगे

पोस्टल बैलेट के रुझानों में एनडीए 50 सीटों पर आगे चल रहा है। इनमें भाजपा 27 और जदयू 20 सीटों पर आगे चल रहा। वहीं महागठबंधन 29 सीटों पर आगे चल रहा है। इनमें राजद 22 और कांग्रेस चार सीटों पर आगे चल रहा है।

08:14 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: रुझान में NDA आगे चल रहा

पोस्टल बैलेट के रुझान आने लगे हैं। अब तक NDA 32 सीटों के आगे चल रहा है। वहीं महागठबंधन 19 सीटों पर आगे चल रहा है।

08:00 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result: पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव में पड़े मतों की गिनती शुरू हो चुकी है। अभी पोस्टल बैलेट की गिनती चल रही है। साढ़े आठ बजे तक पोस्टल बैलेट की गिनती चलेगी।

07:38 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result : पोस्टल बैलेट रखे जा चुके काउंटर पर, अब 8 बजे से गिनती

घड़ी जैसे ही 8 बजाएगा, बिहार के सभी 38 जिलों में एक साथ मतगणना शुरू हो जाएगी। सभी 243 सीटों पर उतरे प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होनी है। उसके बाद हर राउंड में 14 टेबल पर ईवीएम की गिनती होनी है। पोस्टल बैलेट बॉक्स टेबलों पर रखे जा चुके हैं। जैसे ही 8 बजेगा, गिनती शुरू हो जाएगी। पोस्टल बैलेट का रुझान पहले मिलेगा। पोस्टल बैलेट के रुझान तक गति धीमी रहेगी, लेकिन फिर ईवीएम के वोटों की गिनती झटके से सामने आने लगेगी।

07:28 AM, 14-Nov-2025
सीएम नीतीश कुमार के पैतृक गृह क्षेत्र नालंदा के बिहारशरीफ में मतगणना केंद्र पर जुटी भीड़। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

Bihar Chunav Result 2025 : मतगणना केंद्रों पर एजेंट अब पहुंच चुके, तैयारियां पूरी

बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के लिए हुए चुनाव का रुझान सुबह साढ़े आठ के बाद आने की उम्मीद है। आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। पहले पोस्टल बैलेट की गणना होगी। मतगणना केंद्रों पर पार्टी प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों के एजेंट भी पहुंच चुके हैं। वह ईवीएम की सील आदि देख रहे हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, जिसके लिए टेबलों पर तैयारी हो रही है।

07:25 AM, 14-Nov-2025

Independent Candidate Win : बिहार में दो निर्दलीय थे, इस बार क्या रहेगा परिणाम

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में जीते इकलौते निर्दलीय सुमित सिंह जदयू कोटे में रहते हुए मंत्री बने। रूपौली उप चुनाव में बीमा भारती की सीट निर्दलीय शंकर सिंह ने जीती। यह दोनों निर्दलीय ही बिहार चुनाव 2025 से पहले थे। इस बार सुमित सिंह जदयू प्रत्याशी हैं। देखना है कि निर्दलीय विधायकों की संख्या बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम 2025 के बाद क्या रहती है?

07:19 AM, 14-Nov-2025

Deputy CM Bihar : मुकेश सहनी की ताकत का अंदाजा लग जाएगा आज, डिप्टी सीएम बनना चाह रहे

बिहार में महागठबंधन के अंदर सीट बंटवारे के बाद सबसे बड़ी रार एक मुद्दे पर चली कि तेजस्वी यादव को सीएम और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम का चेहरा घोषित किया जाए। यह बातें घोषित अंत में हो भी गईं। लेकिन, सबकुछ चुनाव परिणाम पर निर्भर करता है। आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। पोस्टल बैलेट से शुरुआत होगी। इसके पहले यह जानना रोचक है कि मुकेश सहनी की वीआईपी बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में एनडीए के साथ थी। तब इसके चार विधायक जीते थे। एक के निधन से खाली सीट राजद ने जीत ली थी, जबकि तीन विधायक भाजपा के साथ चले गए थे।

07:11 AM, 14-Nov-2025

Chirag Paswan : लोजपा रामविलास के लिए सबसे बड़ा दिन आज, जानिए वजह

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सीट बंटवारे में तीसरे नंबर की पार्टी रही चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)। इस दल को एनडीए में 29 सीटें चुनाव लड़ने के लिए मिली। एक की प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया। इस तरह इसके सिंबल पर 28 प्रत्याशी मैदान में हैं। बिहार चुनाव परिणाम 2025 के पहले विधानसभा में चिराग की पार्टी के पास कोई विधायक नहीं। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में राजग से बगावत करने वाली लोक जनशक्ति पार्टी के एक ही विधायक जीते थे, जिन्होंने जदयू का दामन थाम लिया था।

07:06 AM, 14-Nov-2025

AIMIM Seats : बिहार चुनाव 2020 के बाद ओवैसी को लगा था बड़ा झटका; इस बार क्या?

भाजपा की बी टीम का आरोप झेल रहे असद्दुदीन ओवैसी ने अपनी पार्टी AIMIM को बिहार चुनाव 2025 के पहले महागठबंधन के घटक के रूप में शामिल कराने के लिए हर स्तर से कोशिश की, लेकिन एंट्री नहीं दी गई। इसके बाद वह तेजस्वी यादव के खिलाफ भी खुलकर सामने आए। पिछली बार, बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में AIMIM के चार विधायकों ने जीत हासिल की थी, लेकिन तेजस्वी यादव ने इनमें से तीन को अपनी पार्टी राजद में मिला लिया था। बिहार चुनाव 2025 तक प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान इकलौते AIMIM विधायक के रूप में विधानसभा सदस्य रहे। अब देखना है कि इस चुनाव में सीमांचल सहित बाकी चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में AIMIM का क्या प्रदर्शन रहता है।

07:01 AM, 14-Nov-2025

Jitan Ram Manjhi : मांझी की पार्टी के विधायक नहीं हिले, इस बार बढ़ेगा क्या?

बिहार चुनाव 2025 में जीतन राम मांझी 20 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की जिद में थे, लेकिन उनकी बात नहीं बनी। यह जिद इसलिए थी कि 8 सीटें जीतने पर पार्टी को राज्य के दल के रूप में मान्यता मिल जाती। लेकिन, उन्हें एनडीए ने छह सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका दिया। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा- सेक्युलर के चार विधायक जीते थे। मांझी लोकसभा चुनाव में उतर खुद सांसद बने तो उप चुनाव में उनकी इमामगंज सीट बहू दीपा मांझी ने जीत ली। इस तरह विधानसभा में हम-से के चार विधायक ही रह गए। आज देखना है कि छह में से उसे कितनी सीटें मिल पाती हैं।

06:54 AM, 14-Nov-2025

Left Parties Performance : वामदलों की सीटें इस बार कितनी? पिछला गणित देखें

वामदलों ने महागठबंधन सरकार बनने पर विभाग संभालने तक की तैयारी रखी है। ऐसे में आज चुनाव परिणाम पर पूरे देश में बैठे वामपंथी नेताओं और समर्थकों की नजर बिहार चुनाव 2025 के परिणाम पर है।बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में वामदलों में से भाकपा माले ने 12 सीटें जीती थीं। उनमें से एक मनोज मंजिल की सदस्यता उम्रकैद के बाद रद्द की गई थी। उनकी सीट के लिए उप चुनाव हुआ तो शिव प्रकाश रंजन ने भाकपा-माले की यह सीट कायम रखी। भाकपा माले की संख्या 12 ही रह जाती, लेकिन लोकसभा चुनाव में तरारी विधायक सुदामा प्रसाद सांसद बने तो उप चुनाव में यह सीट भाजपा ने जीत ली थी। इस तरह भाकपा-माले की संख्या 12-1=11 है आज के चुनाव परिणाम आने से पहले तक। इसके अलावा, वामदलों में सीपीआई-एम के दो और सीपीआई के दो विधायक बने थे। आज देखना है कि इन दलों का परिणाम कैसा आता है?

06:41 AM, 14-Nov-2025

Congress Party : 19 सीटें जीतने वाली कांग्रेस के पास 17 विधायक थे; आज क्या होगा?

एग्जिट पोल आने के बाद से ही ईवीए पर सवाल खड़ी कर रही कांग्रेस आज चुनाव परिणाम में किस स्थिति में रहती है, यह देखने वाला विषय होगा। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में इसने 19 सीटें जीती थीं, लेकिन 12 फरवरी 2024 को जब बिहार में एनडीए सरकार ने जनादेश 2020 की वापसी की तो फ्लोर टेस्ट के दौरान कांग्रेस के दो विधायकों सिद्धार्थ सौरव और मुरारी गौतम ने सत्ता का समर्थन किया था। इनकी सदस्यता रद्द करने के लिए कांग्रेस ने लिख रखा था। यानी, कांग्रेस के पास 19-2=17 विधायक थे। अब देखना है कि बिहार चुनाव 2025 का परिणाम क्या आता है?

06:33 AM, 14-Nov-2025

JDU Party Result : पिछले चुनाव में तीसरे नंबर की पार्टी बना जदयू; आज क्या होगा?

जिस तरह विपक्ष को एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं है और वह परिणाम में जीत का दावा कर रहा है, उसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी- जनता दल यूनाईटेड को इस चुनाव में वापसी की उम्मीद है। 2020 के झटके से उबरने की। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में जनता दल यूनाईटेड तीसरे नंबर पर उतर गया था। महज 43 सीटें मिली थीं। बाद में, जदयू ने बहुजन समाज पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी के इकलौते विधायकों को साथ कर अपनी संख्या 45 कर ली। नवंबर 2020 में जनादेश से बनी राजग सरकार के बाद बीच में आई महागठबंधन सरकार फरवरी 2024 में गई तो जदयू को नुकसान भी हुआ। तत्कालीन जदयू विधायक बीमा भारती ने राजद का दामन थाम लिया। तब जदयू के विधायकों की संख्या 44 रह गई थी। बीमा की रूपौली सीट से निर्दलीय शंकर सिंह जीते, जदयू के नए प्रत्याशी नहीं। फिर, उप चुनाव 2024 में बेलागंज सीट राजद से छीनकर जदयू ने अपनी संख्या वापस 45 कर ली थी। अब देखना है कि बिहार चुनाव 2025 के परिणाम में जैसी उम्मीद है, जदयू बेहतर स्थिति में आता है या नहीं।

06:20 AM, 14-Nov-2025

RJD Party Seats : राजद ने जीती थी सर्वाधिक 75 सीटें, इस बार क्या होगा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल में महागठबंधन की हार दिखाई गई, हालांकि इसका नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने 18 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का एलान कर रखा है। अब देखना है कि बिहार चुनाव 2020 में सर्वाधिक 75 सीटें जीतकर अंतिम तौर पर 69 विधायकों की पार्टी रहे राजद को इस बार कैसा नतीजा देखने को मिलता है। बिहार चुनाव 2020 की 75 सीटों में से एक कुढ़नी सीट राजद ने उप चुनाव में गंवा दिया था। मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी के बोचहां विधायक के निधन से खाली हुई सीट पर उप चुनाव हुआ तो जीत हासिल कर राजद ने अपने विधायकों की संख्या फिर से 75 कर ली थी। इधर, तेजस्वी यादव ने असद्दुदीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के पांच में से चार विधायकों को राजद में मिला लिया था। इस तरह राजद की संख्या 79 थी। उसके बाद घटने का सिलसिला शुरू हुआ।

बेलागंज और रामगढ़ विधायकों के लोकसभा चुनाव में सांसद बनने के बाद उप चुनाव 2024 हुआ तो राजद यह सीटें बचा नहीं सका। उसके विधायकों की संख्या 77 रह गई। कागज पर यह आंकड़ा चुनाव की अधिसूचना तक रहा, क्योंकि बिहार विधानसभा में एनडीए सरकार के फ्लोर टेस्ट के समय 12 फरवरी 2024 और उसके बाद पार्टी का साथ छोड़ने वालों की मान्यता रद्द नहीं हुई। फ्लोर टेस्ट के समय राजद के चार विधायक चेतन आनंद, प्रह्लाद यादव और नीलम देवी ने जदयू और संगीता कुमार ने भाजपा का दामन थाम लिया था। फिर बजट सत्र 2024-25 के आखिरी दिन भभुआ के राजद विधायक भरत बिंद भाजपा में औपचारिक तौर पर आ गए थे। इसके अलावा, लालू प्रसाद यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को परिवार के साथ पार्टी से भी निष्कासित कर दिया तो उनकी मान्यता रद्द करने के लिए राजद ने आवेदन नहीं दिया है। यानी, बिहार चुनाव 2025 के परिणाम से पहले, लालू की पार्टी के कुल विधायकों की ताकत 77-6=71 रह जाती। लेकिन, यह ताकत और घट गई, जब दो विधायकों विभा देवी और प्रकाश वीर ने चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी के मंच पर हाजिरी लगा दी। यानी, कागज पर 77 और चुनाव के समय वास्तव में साथ महज 69 के साथ राजद ने नए जोश में बिहार चुनाव 2025 की तैयारी की।

06:12 AM, 14-Nov-2025

BJP Seats : बदलेगा गणित, 74 सीटें जीत आई भाजपा चुनाव के पहले 80 पर थी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का परिणाम आते ही गणित बदलेगा। बिहार चुनाव 2020 में भाजपा को 74 सीटें हासिल हुई थीं। कुढ़नी में उप चुनाव हुआ तो भाजपा ने राजद की यह सीट जीत ली। इसके अलावा, मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी के जीते तीनों विधायकों को भाजपा ने अपने साथ कर लिया था। इससे भाजपा के विधायकों की संख्या 78 हो गई थी। फिर पिछले साल लोकसभा चुनाव हुआ तो राजद के रामगढ़ विधायक और भाकपा-माले के तरारी विधायक सांसद बन गए और उप चुनाव हुआ। दोनों का परिणाम भाजपा के खाते में रहा था। यानी, बिहार चुनाव 2025 के रिजल्ट के पहले भाजपा के पास 80 विधायकों की ताकत थी।

06:05 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Counting Time : बिहार में किसका परिणाम सबसे पहले, पटना में कहां

बिहार में शेखपुरा जिले के बरबीघा विधानसभा में बूथों की संख्या सबसे कम है, इसलिए माना जा रहा है कि सबसे पहले वहीं का परिणाम सामने आएगा। जहां तक पटना जिले का सवाल है तो यहां सबसे हॉट सीट मोकामा का परिणाम सबसे पहले आ जाएगा। 

06:02 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election 2025 Result : मतगणना केंद्रों पर पहुंचने लगे प्रत्याशियों के एजेंट भी

बिहार के सभी 38 जिलों में वोटों की गिनती एक साथ सुबह 8 बजे शुरू होगी। मतगणना करने वाले अधिकारियों का जत्था हर जगह पहुंच चुका है। सुबह होने के पहले ही हर मतगणना केंद्र पर विधानसभावार प्रत्याशियों और उनके एजेंटों का आना शुरू हो गया है। मतगणना की शुरुआत प्रत्याशियों के एजेंट के सामने पोस्टल बैलेट बॉक्स और ईवीएम की सील खोलने के बाद होगी।

05:58 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result : एग्जिट पोल में एनडीए की वापसी, आज होगा हकीकत सामने

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए हुए चुनाव में राष्टीय जनतांत्रिक गठबंधन और महागठबंधन आमने-सामने की लड़ाई में हैं। कई सीटों पर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने इसे त्रिकोणात्मक बनाने की कोशिश की है। कुछ सीटों पर दलों के बागी निर्दलीय के कारण भी त्रिकोणात्मक संघर्ष नजर आया। दूसरी तरफ, दूसरे चरण के मतदान के तुरंत बाद जारी बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में लगभग सभी ने एनडीए सरकार की वापसी के संकेत दिए हैं। 

05:45 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: बिहार चुनाव में NDA की 202 सीटों पर शानदार जीत, महागठबंधन 35 पर ही सिमटा

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में इसी महीने की 6 और 11 तारीख को संपन्न हुआ। दो चरणों के इस मतदान के बाद फैसले की तारीख, यानी 14 नवंबर भी आ गया। बाल दिवस के दिन बिहार के अगले पांच साल का भाग्य लिखा जाएगा। पोस्टल बैलेट और ईवीएम में कैद उम्मीदवारों का भविष्य आज सुबह 8 बजे से सामने आने लगेगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें