आतंकी हमले होने पर सोनिया-मनमोहन की सरकार चुप होकर बैठ जाती
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ये नौ साल बेमिसाल रहा। पीएम नरेंद्र मोदी जहां जा रहे हैं, वहां मोदी-मोदी हो रहा। ये मोदी का सम्मान जो पूरे दुनिया भर में हो रहा है वह उनका या भाजपा का सम्मान नहीं हो रहा बल्कि आपका और पूरे देश की जनता का सम्मान हो रहा है। मुझे बताओ मुंगेर वालों पहले जब कभी पाक प्रेरित आतंकी हमले होते थे तो सोनिया-मनमोहन की सरकार चुप होकर बैठ जाती थी। मौनी बाबा दिल्ली में बैठ जाते थे। जब से भाजपा की सरकार बनी तो पाक प्रेरित आतंकियों को जगह दिखा दी। सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को घर घुसकर मारा। कांग्रेस, जदयू, राजद, ममता समेत सारे विपक्षी 70 साल से धारा 370 को गोद में खिला रहे थे। लेकिन, मोदी जी ने धारा 370 को खत्म कर दिया और कश्मीर की रक्षा की। यह लोग संसद में बैठकर काउ-काउ करते थे कि धारा 370 हटाओगे तो खून की नदियां बहेंगी। अरे राहुल बाबा खून की नदियां तो छोड़ो किसी ने कंकड़ तक चलाने की हिम्मत नहीं हुई। नरेंद्र मोदी ने देश और बिहार के विकास के लिए कई काम किए।
अमित शाह बोले- लखीसराय में भाजपा वाले जुटे हुए हैं
गृह मंत्री अमित शाह ने भारत माता के जयकारे लगाकर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि लखीसराय वालों इतना जोर से बोलिये कि पटना तक आवाज जानी चाहिए। उनको मालूम पड़ना चाहिए कि लखीसराय में भाजपा वाले जुटे हुए हैं। 2024 में बिहार की सभी 40 सीटों को जीतने का प्रण लेकर मुट्ठी भींचिए और जोर से बोलिए- भारत माता की जय। बिहार ने हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की है।
गिरिराज ने लगवाए जयश्री राम और जय बजरंग बली
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पूछा- देश में पल रहे टुकड़े-टुकड़े गैंग कॉमन सिविल कोड की चर्चा करेगा, कभी सोचा था? जयश्री राम और जय बजरंग बली के नारे लगवाते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में कॉमन सिविल कोड जल्द ही लाया जाएगा। उन्होंने नीतीश कुमार की बात करते हुए आरसीपी सिंह का नाम लिया और फिर कहा कि रावण का अंत हुआ था।
अशोक धाम मंदिर में पूजा अर्चना के बाद गृह मंत्री अमित शाह गांधी मैदान में बने मंच पर पहुंचे। यहां पर भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने गदा देकर उनका स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि आपके आने से मौसम अनुकूल हो गया।
सुशील मोदी बोले- कॉमन सिविल कोड का विरोध स्वीकार नहीं
राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार औ लालू यादव कहते हैं कॉमन सिविल कोड नहीं होना चाहिए। लेकिन, संविधान कहती है कि कॉमन सिविल कोड होना चाहिए। एक वर्ग विशेष का वोट लेने के लिए अगर कोई इसका विरोध करेगा तो यह स्वीकार नहीं होगा। भाजपा की सरकार इस कानून को जरूर लागू करवाएगी।
लखीसराय पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह
इधर, लगातार हो रही बारिश के बीच गृह मंत्री अमित शाह लखीसराय पहुंच गए हैं। वह अशोक धाम पहुंचकर पूजा अर्चना कर रहे हैं। यहां से कुछ देर में गांधी मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 2025 में जनता उन्हें जवाब दे देगी। वह 14 पार्टियों के बेटे-बेटियों को इकट्ठा कर रहे हैं। ताकि सब मिलकर उन्हें प्रधानमंत्री बना दे।
राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने कहा मुख्यमंत्री कुमार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सिंहासन खाली करो कि जनता आती है। उन्होंने कहा कि 2025 में बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि भाजपा के चेहरे को ही एक अणे मार्ग भेजेगी। नीतीश कुमार से जनता त्रस्त हो चुकी है। इसलिए जनता उन्हें अब करारा जवाब देगी।
इधर, मूसलाबारिश के कारण गांधी मैदान में कई जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं अमित शाह के आने से पहले पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री RCP सिंह ने कहा कि इंद्र भगवान को धन्यवाद देता हूं कि गर्मी से राहत दिलाई। 30 मई से भाजपा के कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उन्हें एक-एक फैक्ट याद है। एक समय था कि जब अपने देश में अकाल पड़ता था। अमेरिका से अनाज आता था। हमारे प्रधानमंत्री कटौरा लेकर अनाज मांगने जाते थे। आज मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है।
विपक्षी एकता के लिए बिहार में हुई बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रितुराज सिन्हा ने परिवार की बैठक बताया। उन्होंने कहा कि 14 दलों के नेताओं की नहीं, कुछ परिवारों की बैठक थी। इसमें राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद अपने बेटे तेजस्वी यादव के साथ थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार अपनी बेटी के साथ आए। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपने बेटे को लेकर आए थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने भतीजे को लेकर आईं। यह परिवार की ही बैठक थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने इज्जत घर की चर्चा करते हुए महिलाओं के लिए नरेंद्र मोदी सरकार के किए काम गिनाए। बार-बार भाजपा सरकार, एक बार फिर भाजपा सरकार जैसे नारे लगवाए जा रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कुछ देर रुकने के बाद गृह मंत्री अमित शाह लखीसराय के लिए रवाना हो गए। इधर, लखीसराय में मूसलाधार बारिश हो रही है।