Right Way to Wash Jackets : सर्दियों में ठंडक से बचने और स्टाइल दोनों के लिए जैकेट बहुत काम आता है। जैकेट सिर्फ एक कपड़ा नहीं, ठंड ससे लड़ने की ढाल होती है। लेकिन हैरानी की बात ये है कि जिस चीज को हम सबसे ज़्यादा संभालकर पहनते हैं, उसे धोते वक्त सबसे ज़्यादा लापरवाही कर बैठते हैं। एक गलत वॉश, गलत डिटर्जेंट या गलत तरीके से सुखाने का तरीका जैकेट के रंग, शेप और गर्माहट को खराब कर सकता है। जैकेट धुलवाने के लिए लोग ड्राई क्लीनर पर पैसे खर्च करते हैं लेकिन अगर आप घर पर ही बिना पैसा व्यय किए जैकेट को धोना चाहते हैं और उसे नए जैसा ही रखना चाहते हैं तो कुछ आसान तरीके हैं। अगर चाहते हैं कि आपकी जैकेट हर सर्दी नई जैसी लगे, तो ये विंटर वॉशिंग टिप्स जरूर जान लें।
धोने से पहले जैकेट का लेबल पढ़ें
हर जैकेट एक जैसी नहीं होती जैसे डाउन जैकेट, पफर, ऊनी या सिंथेटिक जैकेट। इन जैकेट्स की देखभाल के लिए लेबल जरूर पढ़ें। लेबल पर लिखा, Wash, Dry, Temperature का निर्देश आपकी जैकेट की उम्र तय करता है। अगर हैंड वाॅश लिखा है और आपने मशीन में डाल दी तो नुकसान तय है।
बार-बार धोना सबसे बड़ी गलती
जैकेट को हर हफ्ते धोना उसकी फिलिंग को कमजोर कर देता है। हल्की गंदगी हो तो गीले कपड़े से स्पॉट क्लीनिंग ही काफी है। पूरी धुलाई तभी करें जब सच में जरूरत हो।
हल्का डिटर्जेंट ही इस्तेमाल करें
तेज डिटर्जेंट या ब्लीच जैकेट के फाइबर को जला देता है। बेहतर है कि आप लिक्विड माइल्ड डिटर्जेंट या बेबी वॉश का इस्तेमाल करें। पाउडर डिटर्जेंट अक्सर अंदर जाकर जम जाता है, जिससे जैकेट सख्त हो जाती है।
मशीन में धो रहे हैं तो ये सेटिंग रखें
अगर लेबल मशीन वॉश की इजाजत देता है तो ठंडा पानी चुनें। जेंटल या डेलिकेट मोड रखें। जैकेट को उल्टा करके धोएं। जिप और बटन बंद करना न भूलें। तेज स्पिन जैकेट की शेप बिगाड़ सकता है इसलिए कम स्पिन बेहतर रहता है।
सुखाने का सही तरीका
जैकेट को कभी भी निचोड़कर या धूप में सीधे न सुखाएं। छांव में, हवा वाली जगह पर फैलाकर सुखाएं। डाउन जैकेट हो तो बीच-बीच में हल्के हाथ से थपथपाएं ताकि फिलिंग फिर से फूली रहे।
ड्राई क्लीनिंग कब जरूरी है?
लेदर जैकेट, भारी ऊनी या ब्रांडेड डाउन जैकेट के लिए ड्राई क्लीनिंग ही सुरक्षित विकल्प है। घर पर धोने का रिस्क लेने से बेहतर है थोड़ा खर्च कर लेना।