Famous Shiva Temples in Delhi: आज हरतालिका तीज का पर्व है। हरतालिका तीज पर सुहागिन स्त्रियां अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए उपवास करती हैं और शिव गौरी की पूजा करती हैं। कई स्थानों पर महिलाएं इस पर्व पर निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि जो स्त्रियां हरतालिका तीज का उपवास करती हैं वो मिट्टी के गौरी शंकर बनाकर उसे चौक पर स्थापित करते हैं। उनका श्रृंगार और वस्त्र आदि धारण कराकर भोग लगाते हैं। मध्य रात्रि और तड़के भोर में उनकी पूजा के बाद ही स्त्रियां उपवास खोलती हैं।
हालांकि जो घर महिलाएं घर पर गौरी शंकर की मिट्टी की प्रतिमा स्थापित नहीं कर सकती हैं, वह मंदिर में जाकर पूजा कर सकती हैं। इसके अलावा जो महिलाएं व्रत नहीं रखती, वो भी हरतालिका तीज की पूजा करके सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद मांगती हैं। इसके लिए वह भी शिव पार्वती के मंदिर में जाकर दर्शन और पूजा कर सकती हैं। दिल्ली या आसपास के रहने वाले हैं तो यहां कई प्रसिद्ध और प्राचीन शिव गौरी के मंदिर हैं, जहां आप दर्शन के साथ पूजा अर्चना कर सकते हैं।
चांदनी चौक का गौरी शंकर मंदिर
दिल्ली के प्रसिद्ध और पुराने मंदिरों में चांदनी चौक का श्री गौरी शंकर मंदिर शामिल है। सावन मास में इस मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त आते हैं। यहां भगवान शिव के दर्शन और पूजा के साथ भक्त मंदिर की सुंदरता को भी देखने के लिए आते हैं।
यमुना बाजार का नीली छतरी मंदिर
दिल्ली के यमुना बाजार स्थित प्राचीन नील छत्री मंदिर के दर्शन के लिए भी आ सकते हैं। मान्यता है कि इस मंदिर को महाभारत काल में स्थापित किया गया था। मंदिर का माहौल शांत है जो भक्तों को भगवान के करीब महसूस कराता है।
प्रीत विहार का शिव मंदिर
दिल्ली के प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन के पास गुफा वाले शिव मंदिर में दर्शन के लिए जा सकते हैं। इस मंदिर की खूबसूरती देखते ही बनती है। मंदिर के अंदर गुफा बनी है। मंदिर परिसर में पार्क बना है।
रंगपुरी का मंगल महादेव बिरला कानन मंदिर
दिल्ली के रंगपुरी में मंगल महादेव बिरला कानन मंदिर स्थित है, जिसे आधुनिकता के साथ बनाया गया है। इस मंदिर की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की उपस्थिति में हुई थी।