कहां और कैसे मनाया गया पहला गणतंत्र दिवस
- फोटो : Amar Ujala
Republic Day 2025: भारतवासी 26 जनवरी 2025 को 76 वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। आज ही के दिन वर्ष 1950 को पूरे देश में उत्साह और गर्व का माहौल था। इस दिन भारत का संविधान आधिकारिक तौर पर लागू हुआ और भारत को गणराज्य घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में हर साल गणतंत्र दिवस के तौर पर मनाने की शुरुआत हुई।
अब पूरे देश के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों के अलावा कई जगहों पर देशप्रेम की भावना के साथ गणतंत्र दिवस का पर्व खास समारोह के तौर पर मनाया जाता हैं लेकिन
पहले साल गणतंत्र दिवस को कैसे मनाया गया, उस समय देश का माहौल कैसा था और कहां गणतंत्र दिवस का उत्सव सबसे पहले मनाया गया, ये जानना भी दिलचस्प होगा।
पहली बार कहां मनाया गया था गणतंत्र दिवस
पहला गणतंत्र दिवस समारोह दिल्ली के इरविन स्टेडियम (वर्तमान में राष्ट्रीय स्टेडियम) में आयोजित हुआ था। यह उस समय का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उत्सव था, जिसमें भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भारतीय ध्वज फहराया और परेड का नेतृत्व किया।
Republic Day 2025: अगर आप भी देखना चाहते हैं 26 जनवरी की परेड? तो घर बैठे ऐसे बुक करें टिकट
कैसे मनाया गया था पहला गणतंत्र दिवस
26 जनवरी 1950 को सुबह 10:18 बजे भारत का संविधान लागू किया गया। यह दिन 1930 में पूर्ण स्वराज दिवस के संकल्प के कारण चुना गया था। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भारत के पहले राष्ट्रपति के रूप में 26 जनवरी 1950 को शपथ ली। उन्होंने गवर्नमेंट हाउस जो कि अब राष्ट्रपति भवन है, में तिरंगा झंडा फहराया।
परेड और झांकी
पहली बार दिल्ली में भारतीय सेना की परेड आयोजित हुई, जिसमें भारत की ताकत और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया। इसमें सेना, नौसेना और वायुसेना ने भाग लिया। पहला गणतंत्र दिवस भारत की स्वतंत्रता के बाद एक और ऐतिहासिक कदम था, जिसने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य बना दिया।