फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कमरे के पीछे जंगल और आगे समंदर...

Sun, 02 Jun 2019 05:19 PM IST
ललित फुलारा पत्रलेखा, अभिनेत्री
विज्ञापन
गोवा
विज्ञापन
मुझे देश-विदेश की यात्राएं करने का बहुत शौक है। सच कहूं, तो घूमते हुए कई बार पसंदीदा शहर भी बदल जाता है। लंदन और न्यूयॉर्क कभी मेरे पसंदीदा शहर थे, लेकिन हाल में मैंने गोवा की कुछ यात्राएं की और इन दिनों समुद्र किनारे की यही खूबसूरत जगह मेरी लिस्ट में सबसे ऊपर है। मैं दोस्तों से मिलने रोड ट्रिप पर अपने डॉग (गागा) को लेकर गई थी। गागा को कुछ महीने पहले गोद लिया था और उसे अकेला नहीं छोड़ सकती थी। इसलिए उसे अपने संग लेकर निकल पड़ी।
विज्ञापन


मेरी दोस्त कई दिनों से बुला रही थी। इस बार की गोवा यात्रा मेरे लिए वाकई सुकून देने वाली थी।  कई दोस्तों से बहुत दिनों से मिलना भी नहीं हुआ था, तो सबने वहीं मिलने का प्रोग्राम बनाया। वहां मेरे दोस्तों का जमघट था। मेरी एक दोस्त ने गोवा में एयरबीएनबी खोला है। एयरबीएनबी ऑनलाइन मार्केट प्लेस है, जिसमें लोग पर्यटकों को अपने फ्लैट/अपार्टमेंट में होटलों से कम दाम में रहने-खाने की सुविधा देते हैं।

 

कमरे में कांच की दीवारों के पीछे जंगल था। जहां सुबह से पंछी चहचहाते थे। मैं पूरा दिन कमरे में किताबें पढ़ती थी। वहीं पर पॉटरी और आर्ट रूम भी था। मैं वहां भी हाथ आजमाती थी। इस दौरान मैंने खुद को इतना रिलैक्स महसूस किया कि बता नहीं सकती। गोवा की खूबी यही है कि वहां आप हॉलीडे मूड में रहते हुए भी भीतर शांति महसूस करते हैं। वहां का माहौल, मौसम, समुद्र और उसके लंबे तट सुकून देते हैं।

गोवा मुझे इतना पसंद है कि कभी साल में तीन बार भी चली जाती हूं। ऐसा शायद इसलिए कि मुझे समुद्र तट बहुत आकर्षित करते हैं। मैं ‘वाटर बेबी’ हूं। यूं तो मुंबई में भी बीच हैं परंतु आप वहां जाकर बैठ नहीं सकते। एक तो वे साफ नहीं हैं और दूसरे मुंबई में कल्चर या सुविधा नहीं है कि आप समुंदर किनारे लेटे रहें। मैंने कई देशों के समुद्र तट देखे हैं, जिनमें केपटाउन (दक्षिण अफ्रीका) के बहुत सुंदर हैं। यूके के तट सुंदर हैं, परंतु अक्सर ऐसी ठंड होती है कि आप लेटे नहीं रह सकते। न्यूयॉर्क के तट अच्छे हैं, परंतु उनमें गोवा वाली बात नहीं।
 
विज्ञापन

हर साल क्रिसमस वाली छुट्टियों में मेरी छोटी बहन, छोटे भाई और मुझे लेकर माता-पिता देश के किसी कोने में घूमने निकलते थे। मैं शायद छह या दस साल की थी, तब माता-पिता के साथ पहली बार गोवा गई थी। गोवा में मौजूद पुर्तगाली प्रभाव वाली तमाम ऐतिहासिक जगहें मैंने खूब घूमी हैं। वे बहुत आकर्षक हैं। उनकी छवि दिमाग से जाती नहीं है। स्टूडेंट लाइफ में एक बार मैं खास तौर पर गोवा गई थी, जब मैंने फिल्म ‘दिल चाहता है’ देखी थी। इस फिल्म का कुछ हिस्सा गोवा फोर्ट में शूट हुआ था। अपने दोस्तों के साथ मैं फोर्ट में उस शूटिंग वाली जगह गई थी और हम लोगों ने वैसे ही पोज में तस्वीरें खिंचाई थीं, जैसी फिल्म के एक सीन में तीनों दोस्त (आमिर खान, सैफ अली खान, अक्षय खन्ना) वहां नजर आते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें