Dahi Handi 2023: भारत में 6 और 7 सितंबर 2023 को जन्माष्टमी का महापर्व मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के त्योहार की बाजारों में अलग धूम देखने को मिल रही है। भगवान कृष्ण के वस्त्र खरीदने से लेकर लोग उनके लिए नई-नई चीजों की खरीदारी कर रहे हैं। कुछ लोग इसकी तैयारी महीने भर पहले ही शुरू कर देते हैं। हिंदू धर्म में जन्माष्टमी काफी धूमधाम से मनाई जाती है तो वहीं मथुरा-वृंदावन में जन्माष्टमी की अलग रौनक देखने को मिलती हैं। सभी जानते हैं कि, श्री कृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ था और बचपन गोकुल और वृंदावन की गलियों में बिताया था। इसलिए इस खास दिन पर इन गलियों को बहुत खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है। वहीं दही हांडी उत्सव का भी अपना अलग मजा है। यह जन्माष्टमी के अगले ही दिन मनाई जाती है। मुख्य रूप से इसे मुंबई-महाराष्ट्र में मनाया जाता है। हालांकि, अब देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी इसका आयोजन किया जाता है। अगर आप भी इस खास दिन घूमने की योजना बना रहे हैं तो आप इस बार मुंबई की दही हांडी का लुत्फ उठा सकते हैं।