“
हम युवा पीढ़ी, जो फ्यूचर मेकर हैं, अब फ्यूचर फेकर बनती जा रही हैं”, शालिनी ने अपनी दोस्त रोहिणी से कहा।
“
हम अपने साथी को ऐसे लुभावने सपने दिखाते हैं, वादे करते हैं और बड़े-बड़े प्लान बनाते हैं, जिन्हें हम कभी पूरा ही नहीं कर सकते।”
आखिर हुआ क्या है? रोहिणी ने कहा।
इस पर शालिनी बोली, “
यार, मैं फ्यूचर फेकिंग में फंस गई।”
रोहिणी चौंककर बोली, “
क्या है यह फ्यूचर फेकिंग?”
फ्यूचर फेकिंग
यह एक मनोवस्था है, जिसका प्रयोग वर्तमान में लोग अपने साथी का साथ पाने के लिए करते हैं। वे साथी को झूठे सपने दिखाते हैं और उसके साथ ढेर सारी योजनाएं बनाते हैं, बिना यह सोचे कि उन योजनाएं के पूरा होने की गुंजाइश कितनी है। वास्तव में, उन्हें इन वादों और सपनों से कोई मतलब नहीं होता। मगर यह टर्म सिर्फ रिश्तों में ही नहीं है, बल्कि ऑफिस, कॉलेज और दोस्तों के बीच भी काफी इस्तेमाल किया जाता है। फ्यूचर फेकिंग एक प्रकार की मानसिक धोखाधड़ी है, जो रिश्ते की नींव को कमजोर कर सकती है।
क्यों लेते हैं सहारा
कई बार आपका साथी फ्यूचर फेकिंग का सहारा अपनी इमेज अच्छी बनाए रखने के लिए करता है। वह रिश्ते में खुद को छोटा फील नहीं कराना चाहता, इसलिए भ्रामक प्रलोभन देकर आपको बातों में उलझाए रखता है। एक तरह से वह फ्यूचर फेकिंग को मास्क की तरह इस्तेमाल करता है, जिससे असलियत छुपी रह सके। कुछ लोग अपनी मजबूत छवि बनाने के लिए भी इसका सहारा लेते हैं। वहीं अक्सर जिन लोगों में आत्मविश्वास नहीं होता, वे भी इसका सहारा लेते हैं।
व्यवहार से पहचा
फ्यूचर फेकिंग करने वाले व्यक्ति की बातों और व्यवहार में आपको अंतर साफ नजर आ जाता है। ऐसा व्यक्ति आपसे जरूरत से ज्यादा वादे करता है। साथ ही वह बार-बार खुद को सबसे ईमानदार बताता है और दुनिया को झूठा। इससे बचने के लिए आपको समय-समय पर अपने साथी से उसके द्वारा बनाई गई योजनाओं और किए गए वादों के बारे में पूछना चाहिए। वह उनको पूरा करने के लिए क्या कर रहा है? इसके बारे में अपडेट लें। ये सवाल आपको इस निष्कर्ष पर पहुंचाएंगे कि आपका साथी वादों को पूरा करने के लिए कोशिश कर भी रहा है या वे महज ख्याली पुलाव हैं?
अंधविश्वास न करें
आपका साथी भविष्य को लेकर आपको कितने भी बड़े ख्वाब दिखाए, भविष्य ऐसा होगा-वैसा होगा के कितने ही वादे करे, आपको उस पर आंखें बंद कर भरोसा नहीं करना है। अगर वह अपने वादे पूरे करने में अक्षम है तो आप उससे बात करें और उसे समझाएं कि आप दोनों का रिश्ता केवल सच पर कायम है। उसे अपने रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए किसी झूठे या ख्याली पुलाव की जरूरत नहीं है।
बातों और एक्शन में कितनी एकरूपता
रिलेशनशिप काउंसलर रुकैया जीरापुर कहती हैं, फ्यूचर फेकिंग रिश्तों को कमजोर करता है। एक पार्टनर का दूसरे पार्टनर को सुनहरे भविष्य के सपने दिखाना, लेकिन उस पर काम नहीं करना पार्टनर को निराश और दुखी करता है। रिश्ते भरोसे पर चलते हैं, लेकिन जब पार्टनर फ्यूचर फेकिंग करने लगता है तो साथी में संबंधों को लेकर असुरक्षा की भावना आ जाती है। वह अपने रिश्ते पर शक करने लगता है, जिससे रिश्ते की नींव कमजोर होती है। इसलिए आपको अपने पार्टनर की ऐसी बातों पर ध्यान देना चाहिए, जो सुनने में तो अच्छी हैं, लेकिन सच्ची नहीं। ध्यान दें कि उसकी बातों और एक्शन में कितनी एकरूपता है। साथ ही सबसे जरूरी है उससे खुला संवाद करना।