होली का हर रंग कुछ कहता है और अपने जज्बातों को जाहिर करते समय सही शख्स पर सही रंग का चयन करें। दोस्त हो या प्रेमी, परिवार हो या बच्चे , जिसके साथ भी होली खेल रहे हैं, उसे सही मायनों और अर्थ वाले रंग से रंग दें। यहां आपको होली के रंगों के मतलब बताएं जा रहे हैं। आइए जानते हैं विभिन्न रंगों के अर्थ और उन्हें किसे लगाना उचित होगा।
लाल रंग
लाल रंग प्रेम,, साहस, ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक होता है। यह शक्ति और दृढ़ता को भी दर्शाता है। लाल रंग का गुलाल या अबीर अपने जीवनसाथी, प्रेमी या करीबी दोस्तों को लगा सकते हैं, जिनसे आप गहरा स्नेह रखते हैं।
पीला रंग
पीला रंग प्रसन्नता, ज्ञान और विद्या का प्रतीक है। सुख, शांति और मानसिक उन्नति को दर्शाने वाला पीला रंग गुरु, शिक्षक या बुजुर्गों को लगा सकते हैं। उन लोगों को पीले रंग से रंग दें जिनसे ज्ञान और मार्गदर्शन प्राप्त किया हो।
गुलाबी रंग
गुलाबी रंग करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों को लगा सकेत हैं। ये रंग दोस्ती, स्नेह और दयालुता का प्रतीक है। जिससे भी आपका स्नेह औऱ देखभाल का संबंध है, उसे पिंक कलर लगा सकते हैं।
हरा रंग
हरा रंग हरियाली, नई शुरुआत और वसंत रंगों का प्रतीक है। यह मन को शांति और हृदय को शीतलता प्रदान करता है। होली में हरा रंग परिवार के सदस्यों और बच्चों को लगाएं, जिनके साथ नई उम्मीदें और खुशियां साझा करना चाहते हैं।
नीला रंग
दोस्तों और सहकर्म्यों को नीला रंग लगा सकते हैं। ये रंग उन्हें लगाएं जिनके साथ आप स्थायी और स्थिर संबंध रखना चाहते हैं। दरअसल नीले रंग का अर्थ विशालता, शांति और स्थिरता को दर्शाता है।