आपने अक्सर सुना होगा कि प्यार को खरीदा नहीं जा सकता। लेकिन एक रिसर्च में ठीक इसके विपरीत बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक, बहुत से लोग प्यार ना होने पर भी रिश्ते में बंधे रहते हैं।
डेली मेल की खबर के मुताबिक, यूके में कम से कम पांच में से हर एक व्यक्ति रिश्ते में रोमांस खत्म होने के बावजूद अपने रिश्ते को लंबे समय तक चलाता है और इसका एकमात्र कारण होता है पैसा।
देशभर में 19 फीसदी ऐसे लोग हैं
दरअसल, ये लोग ब्रेकअप इसलिए नहीं करना चाहते क्योंकि ये अपना खर्चा अकेले उठाने में सक्षम नहीं है।
एक पोल के जरिए ये पाया गया कि यूके के 19 फीसदी व्यस्क अपने रिश्ते को लंबे समय तक सिर्फ अपनी आर्थिक तंगी के कारण आगे बढ़ाते हैं। 19 फीसदी का आंकड़ा इस देश की 95 लाख जनता को फोकस करते हुए बनाया गया है।
जो लोग रोमांस के कारण लंबे समय तक यानी तीन महीने से ज्यादा एक-दूसरे के साथ रह रहे हैं वे मात्र 20 फीसदी हैं।
तीन साल से ढो रहे हैं रिश्ते को
बहरहाल, उन लोगों की संख्या फिर भी बहुत ज्यादा है जो पार्टनर के संग रहना तो नहीं चाहते लेकिन मजबूरी के कारण रह रहे है।
पोल में जिन 43 फीसदी लोगों ने स्वीकार किया कि वे एक साल या इससे भी ज्यादा समय से रिलेशनशिप में है, का कहना है कि उन्हें कई बार ऐसा लगा कि रिश्ता अब खत्म हो जाना चाहिए लेकिन अपनी आर्थिक स्थिति देखते ही वे इस विचार को तुंरत बदल देते।
इन प्रतिभागियों में से 24 फीसदी ऐसे भी थे जो अपने रिश्ते को मजबूरी में तीन साल से ढो रहे हैं।
इस उम्र के लोग ज्यादा ऐसा करते हैं
25 से 34 साल के कपल्स सिर्फ इसीलिए साथ रह रहे हैं क्योंकि उनका ज्वॉइंट फाइनेंस हैं। इस उम्र के 31 फीसदी लोगों का कहना है कि कई मामलों में उन्हें लगता था कि अब सब खत्म हो जाना चाहिए।
ऐसा इसीलिए भी क्योंकि इस उम्र के लोग फैमिली प्लानिंग करते हैं और प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट करते हैं।
कुछ कपल खुश भी हैं इस रिश्ते से
लंदन में ऐसी जोड़ियों का अनुपात सबसे ज्यादा है जिनका कहना है कि वे आर्थिक कारणों से साथ रहते हैं। जबकि 36 फीसदी से अधिक लोगों का कहना है कि उन्होंने आर्थिक कारणों से रिश्ता बनाया था लेकिन अब वो अतीत की बात है।
इस पोल को अंजाम देने वाले ऋण सलाहकार केंद्र, के प्रवक्ता इयन विलियम्स कहते हैं कि ये बात बेशक चौंकाने वाली है कि बहुत से लोग लंबे समय से आर्थिक कारणों से जबरन रिश्ते को निभा रहे हैं। लेकिन इसमें आश्चर्य नहीं करना चाहिए।
अन्य कारण
इयन कहते हैं कि किसी भी रिश्ते को तोड़ना बहुत मुश्किल होता है खासतौर पर आर्थिक साझेदारी में ये और भी मुश्किल हो जाता है।
संयुक्त लोन, किराया और बच्चे की देखभाल जैसे सभी कारण रिश्ता खत्म होने के बाद भी उसे लंबे समय तक चलाने के लिए मजबूर कर देते हैं।