How To Reusing Oil After Deep Frying : अक्सर महिलाओं को रसोई घर में एक समस्या आती है, वह ये कि एक बार तेल का उपयोग करने के बाद बचे हुए तेल का क्या करें। इस्तेमाल किए तेल को दोबारा उपयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, वहीं खाने के स्वाद में भी बदलाव आ सकता है। हालांकि इस्तेमाल किए हुए कुकिंग ऑयल को दोबारा इस्तेमाल करना स्मार्ट और बचत करने का एक बेहतरीन तरीका हो सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ सावधानियों का पालन करना बेहद जरूरी है। यदि सही तरीके से इसे दोबारा उपयोग में लाया जाए तो इससे न केवल तेल की बर्बादी रुकती है, बल्कि यह सेहत के लिए भी सुरक्षित बना रहता है।
छान लें
जब भी आप किसी चीज को डीप फ्राई करें तो बचे हुए तेल को ठंडा होने के बाद साफ सूती कपड़े या मलमल की छलनी से छान लें। इससे उसमें मौजूद जले हुए कण, मसाले या खाद्य पदार्थ हट जाते हैं, जो बार-बार गरम करने पर तेल को जहरीला बनाने में सहायक होते हैं।
सही तरह से स्टोर करें
छाने हुए तेल को एक एयर टाइट कांच या स्टील के जार में भरें और इसे किसी ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें। तेल को धूप या गर्मी से बचाना जरूरी है, क्योंकि इससे उसकी गुणवत्ता खराब हो सकती है। साथ ही इसका 1-2 हफ्ते के भीतर उपयोग कर लें।
बार-बार गर्म न करें
इस्तेमाल किया हुआ तेल दोबारा सिर्फ 1-2 बार ही इस्तेमाल करें। बार-बार गरम करने से इसमें हानिकारक ट्रांस फैट बनने लगते हैं, जो हृदय रोग, हाई कोलेस्ट्रॉल और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। सेहतमंद रहने के लिए इसका संयमित उपयोग जरूरी है।
कम तापमान वाली कुकिंग
बचे हुए तेल का सब्जी भूनने, पराठा सेंकने या तड़का लगाने जैसे लो टेम्परेचर वाले कुकिंग कामों में ही इस्तेमाल करें। इसका दोबारा डीप फ्राई के लिए उपयोग न करें, क्योंकि ज्यादा तापमान पर यह तेल हानिकारक तत्व उत्पन्न कर सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है।