How To Remove Shoe Smell In Monsoon: मानसून का मौसम जहां एक तरफ ठंडक और राहत लेकर आता है, वहीं दूसरी तरफ गीले जूते और उनमें से उठती बदबू बहुत परेशान करती है। अक्सर बारिश में भीग जाने के कारण जूतों में नमी रह जाती है, जिससे उनमें फंगल ग्रोथ और बदबू होने लगती है। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं, कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप मानसून में जूतों की दुर्गंध को हमेशा के लिए अलविदा कह सकते हैं।
बेकिंग सोडा का कमाल
बेकिंग सोडा नमी सोखने और बदबू हटाने के लिए बेहतरीन होता है। इसके इस्तेमाल के लिए जूतों में रातभर थोड़ी मात्रा में बेकिंग सोडा डालें और सुबह झाड़ दें। जूतों से दुर्गंध गायब हो जाएगी।
टी बैग्स से मिटाएं दुर्गंध
टी बैग्स न सिर्फ चाय के लिए, बल्कि जूतों की दुर्गंध हटाने के लिए भी कमाल के हैं। इस्तेमाल किए हुए टी बैग्स को सुखाकर रख लें। जब भी जरूरत हो, उन्हें बदबूदार जूतों में रख दें और रातभर छोड़ दें। बदबू गायब हो जाएगी।
नींबू के छिलके और लौंग
नींबू की खुशबू और लौंग का एंटीसेप्टिक गुण मिलकर बदबू को दूर करते हैं। इसके लिए नींबू के छिलकों में दो-तीन लौंग चुभोकर जूतों में रख दें। कुछ घंटों में असर दिखेगा।
अखबार और कॉटन बॉल्स का उपयोग
गीले जूतों की नमी सोखने के लिए अखबार या कॉटन बॉल्स बहुत असरदार हैं। जूतों में अखबार ठूंस दें या कॉटन बॉल रख दें। इससे जूते जल्दी सूखेंगे और बदबू भी कम होगी।
धूप और वेंटिलेशन है जरूरी
जूतों को धूप लगवाना सबसे नेचुरल और असरदार उपाय है। हर दिन कुछ देर के लिए जूतों को छांव या हल्की धूप में रखें। नमी और बदबू दूर होगी।