मौका कुछ भी हो, जब बात जश्न मनाने की हो तो दोस्तों से बीयर पार्टी का बहाना तो आप खोज ही लेते हैं। संतुलित मात्रा में बीयर के सेवन से जुड़े फायदों को लेकर कई शोध हो चुके हैं लेकिन क्या आपको पता है कि बीयर का इस्तेमाल केवल ड्रिंक के रूप में ही नहीं बल्कि कई अन्य कामों के लिए हो सकता है।
आइए जानें, बीयर के ऐसे उपयोगों के बारे में जिन्हें जानकर आप जरूर चौंक जाएंगे।
बालों और त्वचा के लिए
बीयर, बालों के लिए बेहतरीन शैंपू व कंडिशनर का काम करता है। यही वजह है कि कई बड़े ब्रांड इसे शैंपू व कंडिशनर के तौर पर बाजार में उतार चुके हैं। लंदन के ब्राउन्स होटल में ब्रिटिश बीयर एंड बार्ले ट्रीटमेंट नामक स्पा तक दिया जाता है जिसमें शहद, बीयर और जौ का इस्तेमाल फेशियल के लिए किया जाता है। त्वचा विशेषज्ञों का मानना है कि बीयर से त्वचा और बालों की अच्छी कंडिशनिंग हो सकती है।
कभी-कभी बीयर पीने के फायदे जानने के लिए यहां क्लिक करें।
थकान गायब करती है बीयर
बहुत अधिक थक जाने पर अगर एक बाल्टी में थोड़ी बीयर और ढेर सारी बर्फ डालकर उसमें पैर डालें तो पैरों की सूजन, थकान और दर्द बिल्कुल दूर हो जाता है। यह बेहतरीन पेनकिलर का भी काम करती है।
अच्छी नींद के लिए
नींद न आए तो बीयर पीने के बजाय उसके पौधे यानी हॉप को छोटे बैग में अपने पास रखें और सोने से पहले उसे सूंघ लें। इससे अच्छी और गहरी नींद आती है। हां, अगर आपको किसी प्रकार की एलर्जी है तो इस उपाय को न ही आजमाएं।
बागबानी के लिए
कई जगहों पर बीयर का इस्तेमाल पौधों को संक्रमण से बचाने के लिए भी किया जाता है। शुद्ध बीयर का पौधों पर छिड़काव करने से उन पर फंगस नहीं लगता और वे अच्छी तरह पनपते हैं।
सफाई के लिए
बीयर का इस्तेमाल पॉलिशिंग के लिए भी किया जाता है। कपड़े में बीयर डालकर उससे फर्नीचर पोंछने से वे चमक उठते हैं यानी यह एक बेहतरीन क्लीनर भी है।