सॉफ्ट ड्रिंक के शौकीन पुरुषों के लिए बुरी खबर है। जो पुरुष बहुत अधिक सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन करते हैं उनमें प्रोस्टेट कैंसर का खतरा अधिक होता है। हाल में एक स्वीडिश अध्ययन में शोधकर्ताओं ने सॉफ्ट ड्रिंक्स से प्रोस्टेट कैंसर बढ़ने का दावा किया गया है।
शोधकर्ता ईसाबेल ड्रेक ने इस शोध के आधार पर बताया, 'जो पुरुष बहुत अधिक सॉफ्ट ड्रिंक्स या शुगर वाली प्रिजरवेटिव ड्रिंक्स का सेवन करते हैं उनमें सामान्य पुरुषों की अपेक्षा प्रोस्टेट कैंसर होने की आशंका 40 प्रतिशत अधिक रहती है।' यह शोध 'अमेरिकन जनरल ऑफ क्लीनिकल न्यूट्रिशन' में प्रकाशित हुआ है जिसमें 45 से 73 साल के 8000 पुरुषों पर 15 सालों तक अध्ययन किया गया।
शोधकर्ताओं ने यह भी माना कि सॉफ्ट ड्रिंक के अलावा, बहुत अधिक चावल या पास्ता खाने वाले पुरुषों में प्रोस्टेट का खतरा 31 प्रतिशत अधिक होता है और बहुत अधिक मीठा या प्रिजरवेट्विस वाली डाइट लेने वाले पुरुषों में यह खतरा 38 प्रतिशत अधिक रहता है।
ड्रेक ने बताया, 'अगर हम अपनी डाइट में इन चीजों का ध्यान दें तो पुरुषों में बढ़ते प्रोस्टेट कैंसर के मामलों को कम करने में बहुत अधिक आसानी हो सकती है। हालांकि हम अभी इस क्षेत्र में और अधिक अध्ययन कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि सॉफ्ट ड्रिंक्स के सेवन का हमारे जीन्स पर आखिर क्या प्रभाव पड़ता है।'