आप अपने कोलेस्ट्रॉल पर नियंत्रण करने के लिए क्या नहीं करते, कभी डाइटिंग तो कभी एक्सरसाइज। लेकिन क्या आपको पता है कि कोलेस्ट्रॉल पर नियंत्रण रखने के लिए एक जान रेड वाइन का एक जाम भी बहुत फायदेमंद है। हाल में जेरुसलेम की हिब्र्यू युनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने अपने शोध के आधार पर यह दावा किया है कि रेड मीट जैसे भोजन से बढ़ने वाले बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए रेड वाइन का सेवन बहुत फायदेमंद है।
शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन के आधार पर माना है कि रेड वाइन में पोलेफेनॉल्स नामक एंटी ऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं जो बैड कोलेस्ट्रॉल को रक्त में प्रवाहित होने से रोकते हैं और सोख लेते हैं।
शोध के दौरान युवाओं के एक समूह को चार दिनों तक रेड मीट का सेवन कराया गया और दूसरे प्रकार के मीट और मछली से दूर रखा गया। चौथे दिन पाया गया कि उनका कोलेस्ट्रॉल लेवल 97 प्रतिशत की तेजी से बढ़ा। फिर उन्हें रेड मीट के साथ रेड वाइन का सेवन कराया गया। उनके परीक्षण में पाया गया कि रेड वाइन लेने से न सिर्फ कोलेस्ट्रॉल बढ़ना बंद हुआ बल्कि इसका स्तर भी घटा।
शोधकर्ता डॉ. रॉन कोहेन ने माना कि इस शोध के आधार पर अब कह सकते हैं कि रेड वाइन के सेवन से कोलेस्ट्रॉल, बीपी और दिल के रोगों से निपटने में आसानी हो सकती है। वह बताते हैं, 'मीट में पोलीअनसैचुरेटेड फैट और कोलेस्ट्रॉल बहुत अधिक मात्रा में होता है जिसके सेवन से लोगों को दिल की बीमारियों और मोटापे की समस्या अधिक होती है। रेड वाइन का सेवन इसके बचाव के लिए फायदेमंद है।' इस शोध का विस्तृत विवरण 'जर्नल ऑफ फंक्शनल फूड्स' नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।