कीटाणुओं से लड़ने और मुंह को तरोताजा रखने वाले माउथवॉश का विज्ञापन देखकर अगर आप भी इनका इस्तेमाल अधिक करते हैं तो जरूर सावधान हो जाएं।
यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो डेंटल स्कूल के शोध की मानें तो दिन में तीन बार माउथवॉश का इस्तेमाल करने वाले लोगों को मुंह के कैंसर का रिस्क अधिक होता है।
शोधकर्ता डेविड कॉनवे के अनुसार, ''शोध में हमने पाया कि जो लोग केमिकल युक्त माउथवॉश से दिन में कई बार कुल्ला करते हैं उन्हें मुंह और गले के कैंसर की रिस्क अधिक होता है। ऐसे में लोगों को इसे अपना रुटीन नहीं बनाना चाहिए।''
शोधकर्ताओं ने यह भी माना है कि अल्कोहल युक्त माउथवॉश से इस रोग का खतरा अधिक होता है इसलिए माउथवॉश के लेबल को सही तरह से जरूर पढ़ें।
शोध के दौरान 1,962 कैंसर के मरीजों और 1,993 स्वस्थ लोगों पर यह अध्ययन किया गया है। ओरल ओन्कोलॉजी जर्नल में यह शोध प्रकाशित हुआ है।