मीठा खाने के शौकीन हैं तो घर में तैयार करें शाही टुकड़ा। सुबह के नाश्ते के लिए ब्रेड तो लगभग हर घर में आती ही होगी। ऐसे में अगर कुछ ब्रेड बच जाए तो इनकी मदद से आसानी से शाही टुकड़ा बनाया जा सकता है। जानें शाही टुकड़ा बनाने की आसान सी रेसिपी।
शाही टुकड़ा बनाने के लिए सामग्री
तीन से चार ब्रेड की स्लाइस, आधा लीटर दूध, दो चम्मच चीनी या फिर शुगर फ्री, एक से दो लच्छे केसर, थोड़े से किशमिश, थोड़े से काजू, तलने के लिए रिफाइंड।
शाही टुकड़ा बनाने की विधि
शाही टुकड़ा बनाने के लिए पहले ब्रेड को लेकर उनके किनारों को काट कर अलग कर दें। इसके बाद इन ब्रेड के मनचाहे चौकोर या तिकोने आकार के टुकड़े काट लें। अब एक पैन में रिफाइंड ऑयल को लेकर गर्म कर लें। अब इसमें ब्रेड के टुकड़ों को डालकर हल्का सुनहरा होने तक तलें। अब इन लाइट गोल्डन ब्रेड के टुकड़ों को एक टिश्यू पेपर पर निकालकर रख दें।
एक पैन में दूध, चीनी या फिर शुगर फ्री और केसर डालकर गर्म करें। अब इस दूध में किशमिश, काजू डालकर अच्छे से मिलाएं।
अब एक प्लेट में ब्रेड के टुकड़ों को लगाकर उसके ऊपर इस दूध और केसर के मिश्रण को डालें। साथ ही कुछ टुकड़े ड्राई फ्रूट्स के ऊपर से सजाएं। तैयार है आपका शाही टुकड़ा। जो बनाने में आसान होने के साथ ही खाने में काफी स्वादिष्ट होगा।