इडली ढोकला दिखने में इडली जैसा होता है लेकिन इसका स्वाद ढोकला से एकदम अलग होता है। इसे कभी भी झट से बनाकर परोसा जा सकता है।आइए जानते हैं क्या है इसे बनाने का सही तरीका।
सामग्री
एक कप सूजी, एक कप बेसन, एक कप दही, स्वादानुसार नमक, एक चौथाई छोटा चम्मच लाल मिर्च, एक छोटा चम्मच चीनी, आधे नींबू का रस, आधा चुकंदर उबला और पीसा हुआ, दो सौ ग्राम उबली और पीसी हुई पालक, आधा छोटा चम्मच हल्दी, एक छोटा चम्मच ईनो, दो बड़ा चम्मच तेल, एक छोटा चम्मच राई, 10-15 करी पत्ता, राई, हरी मिर्च 5 से 6 लंबी कटी हुई।
यों बनाएं
सूजी, बेसन, दही, नमक, चीनी, लाल मिर्च और आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर एक घोल बना लें। घोल को एक घंटे के लिए ढक कर रख दें। अब इस घोल को तीन हिस्सों में बांट दें। पहले में हल्दी, दूसरे में पालक और तीसरे में चुकंदर मिला दें। अब तीनों भागों में थोड़ा ईनो डालें। इडली मेकर के खांचों में एक-एक करके तीनों रंगों के घोल को एक-एक चम्मच डालें। अब उसे 15 से 20 मिनट तक पकनें दें। ठंडा होने पर निकालें और बीच से काट दें। अब एक अलग पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, करी पत्ता और हरी मिर्च डालें। राई जब भून जाए, तो इस तड़के को ढोकले के ऊपर डालें।