अच्छा दिखने और सजने-संवरने की चाहत भला किसमें नहीं होती है? यही वजह है कि हम बाजार से कई बार बिना सोचे-समझे कुछ ऐसे उत्पाद उठा लाते हैं और उनमें मौजूद कुछ तत्व हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। आइए जानें, कुछ ऐसे ही कॉस्मेटिक्स व बॉडी केयर प्रोडक्ट्स के बारे में जो आपकी सेहत के लिए खतरा हो सकते हैं।
1. पर्मानेंट हेयर डाइ
बालों को रंगने या मनचाहा रंग पाने के लिए आजकल पर्मानेंट हेयर डाइ के तरह-तरह के ब्रांड्स बाजारों में उपलब्ध हैं लेकिन कई शोधों में इनके उपयोग के खामियाजों का भी पता लगा है।
कुछ शोधों में इनसे कैंसर का संबंध माना है तो कुछ शोधों में गाढ़े रंग के पर्मानेंट हेयर डाइ से महिलाओं में ल्यूकेमिया या लिम्फोमा जैसे रोग की आशंका जताई है। हालांकि इनके प्रभावों को लेकर कुछ शोधों में इन्हें नकारा भी गया है पर चिकित्सकों की राय है कि कम से कम गर्भवती महिलाएं ऐसे हेयर डाइ का इस्तेमाल डॉक्टरी परामर्श के बाद ही करें।
विकल्प
आप चाहें तो बाजार में बिकने वाले हेयर डाइ की जगह प्राकृतिक हेयर डाइ खुद बना सकते हैं। इन्हें बनाने की विधि जाने के लिए यहां क्लिक करें-
घर पर बनाएं प्राकृतिक हेयर कलर
2. बालों के लिए कैराटिन स्ट्रेटनर्स
हेयर सैलून में आमतौर पर केराटिन स्ट्रेटनर्स का इस्तेमाल बालों को कुछ महीनों तक सीधा व सिल्की टच देने के लिए किया जाता है। इनके इस्तेमाल के सिथ जिन केमिकल्स का प्रयोग किया जाता है, उनके लंबे समय तक उपयोग से न सिर्फ बालों को बल्कि त्वचा को भी नुकसान हो सकता है।
विकल्प
विकल्प के तौर पर आप बालों को सामान्य कंडिशनर से कंडिशन करके साधारण स्ट्रेटनर से सीधा करें। भले ही इनका प्रभाव आपके बालों पर लंबे सम तक नहीं रहेगा लेनिक यह आपकी सेहत के लिए हानिकारक नहीं हैं।
3.रंगीन कॉन्टैक्ट लेन्स
रंगीन कॉन्टैक्ट लेन्स भले ही आपके लुक का कायापलट कर दें लेकिन इन्हें बिना प्रिस्क्रिप्शन लगाना आंखों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इनसे आंखों में संक्रमण या रोशनी खोने तक का खतरा हो सकता है।
विकल्प
सैलून या पार्लर से कॉन्टैक्ट लेन्स लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लें और आइ टेस्ट के बाद ही रंगीन कॉन्टैक्ट लेन्स पहनें। वैसे कुदरत का दिया आपकी आंखों का रंग ही इतना बेहतरीन है कि सामान्य कॉन्टैक्ट लेन्स से गुरेज क्यों करना।
4. आइलैश सिरम या मस्कारा
पलकों को लंबा और घना लुक देने के लिए आजकल बाजार में आइलैश सिरम का चलन बढ़ा है। इसमें मौजूद तत्व 'लैटिस' आंपकी आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसी तरह मस्कारे से पलकें घनी तो लगती हैं पर इसके अधिक प्रयोग से पलकें झड़ भी सकती हैं।
विकल्प
आंखों पर अधिक केमिकल्स लगाने के बजाय आप आइलैश एक्सटेंशन का प्रयोग कर सकते हैं। इन्हें पलकों पर फिट करने से कोई साइड एफेक्ट भी नहीं और लुक भी बेहतरीन।
5. पैराबेन्स युक्त कॉस्मेटिक्स
मेकअप उत्पादों, मॉश्चयराइजर्स या हेयर केयर उत्पाद खरीदते वक्त उस पर यह जरूर पढ़ लें कि उनमें पैराबेन्स है या नहीं। कई शोधों में इनके इस्तेमाल से ब्रेस्ट कैंसर जैसे रोगों की आशंका जताई गई है।
विकल्प
बाजार में ऐसे कई कॉस्मेटिक्स मौजूद हैं जो पैराबेन्स फ्री हैं, आप उन्हें ही चुनें।