होली के मौके पर मीठे में तो कई डिश बनाने के लिए होती है। गुझिया से लेकर ठंडाई तक मुंह मीठा करने के काम आता है। लेकिन बात जब कुछ चटपटा और तीखा खाने की आती है तो बस वहीं नमकीन और पापड़ का विकल्प बचता है। लेकिन इस बार घर में बनाएं खस्ता कचौड़ी। इसका स्वाद लाजवाब होने के साथ ही मुंह में घुल जाने वाला होगा। तो चलिए जानें करारी कचौड़ियां बनाने की रेसिपी।
सामग्री
मैदा -2 कप
खाने वाला सोडा -आधा छोटा चम्मच
नमक स्वादानुसार
तेल -5 बड़े चम्मच
भरावन के लिए सामग्री
धुली उड़द दाल -1/2 कप
अदरक -एक इंच का टुकड़ा
हरी मिर्च -एक
काजू -6 - 8
किशमिश -एक बड़ा चम्मच
तेल -3 बड़े चम्मच
हींग -एक चुटकी
धनिया पाउडर -एक छोटा चम्मच
जीरा पाउडर -आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर -एक छोटा चम्मच
सौंफ पाउडर -एक चौथाई चम्मच
चीनी -आधा छोटा चम्मच
नमक स्वादानुसार
नींबू का रस -एक छोटा चम्मच
तेल तलने के लिए
विधि
मैदा, नमक और सोडा मिलाकर छान लें। इसमें तेल अच्छी तरह मिलाएं। इसे पर्याप्त पानी मिलाकर नरम गूंद लें। अब इसे भीगे कपड़े से ढंक दें और एक किनारे रख दें। उड़द दाल को एक कप पानी में एक घंटे के लिए भिगो दें। एक घंटे के बाद दाल का पानी निकालकर उसे बहुत थोड़ा पानी डालकर दरदरा पीस लें। अदरक को छीलकर, धो कर महीन काट लें। हरी मिर्च काट लें। काजू को भी छोटे टुकड़ों में काट लें। किशमिश को धोएं और हलके हाथ से दबाते हुए कपड़े में सुखा लें।
एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें पिसी हुई दाल, अदरक, हरी मिर्च, हींग, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, लाल मिर्च, सौंफ, काजू और किशमिश मिलाएं। तब तक पकाएं, जब तक कि सारी नमी सूख ना जाए। इसमें चीनी, नमक और नींबू का रस मिलाएं। इसे अच्छी तरह मिलाकर आंच से उतार लें। मिश्रण को ठंडा होने दें। अब गूंदे हुए मैदे की लोई बना लें। प्रत्येक लोई को हाथों से दबाकर बड़ा करें जिससे कि बीच में भरावन भरा जा सके। इसके बीच में भरावन की सामग्री भरकर उन्हें बंद कर गोल लोई बनाएं और हल्के हाथ से चपटा बेल दें। अब कड़ाही में तेल गर्मकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तल लें। इसे इमली की चटनी के साथ परोसें।