क्या आपको पता है कि आप जिन चीजों को स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद समझते हैं वे वाकई फायदेमंद हैं या नहीं? कई बार हम जिन चीजों के बारे में जो राय कायम कर लेते हैं, जरूरी नहीं कि असलियत भी वैसी ही हो। ऐसे में नजर डालिए सेहत से जुड़ी ऐसी ही कुछ धारणाओं पर जिनके दूसरे पहलुओं की जानकारी भी जरूरी है।
हर्बल चाय
अमूमन हम सब मानते हैं कि हर्बल चाय सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है और इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट हमारे शरीर की कई समस्याओं को दूर करने में मददगार है। लेकिन क्या आपको पता है कि हर्बल चाय आपके दांतों के लिए बहुत नुकसानदायक है। मानचेस्टर की डेंटल हॉस्पिटल युनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने हर्बल चाय पर शोध में पाया कि हर्बल चाय भी दांतों के लिए उतनी ही नुकसानदायक है जितनी सामान्य चाय या कॉफी है।
लो फैट उत्पाद
बाजार में अक्सर आप ऐसे उत्पाद देखते या खरीदते हैं जिनपर आप 'लाइट', 'लो फैट' या 'लो कोलेस्ट्रॉल' का लेबल लगा रहता है। लेकिन क्या ये सचमुच उतने ही फायदेमंद हैं जितने हमकों लगते हैं? दरअसल जिन उत्पादों को हम लो फैट या लो कोलेस्ट्रॉल उत्पाद समझकर घर ले आते हैं उनका लेबल अगर सही तरह से पढ़ें तो पाएंगे कि उनमें शक्कर या सोडियम की मात्रा अधिक होगी। तो फिर आंख बंद करके लो फैट चीजों को क्यों खरीदना?
टोफू या सोया पनीर
टोफू में प्रोटीन और अमीनो एसिड अच्छी मात्रा में उपलब्ध है, यह तो हम सभी जानते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसमें कुछ ऐसे तत्व भी हैं जो एंटी न्यूट्रियेंट्स का काम करते हैं? नहीं जानते तो जान लें कि ये तत्व शरीर में मिनिरल्स, आयरन और प्रोटीन के घुलने में बाधा डालते हैं। कोर्नेल विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन के आधार पर यह तथ्य माना है और यह भी माना है कि टोफू के सेवन से ब्रेस्ट कैंसर की आशंका भी बढ़ जाती है।