नवजात बच्चों को दिमागी बुखार से बचाने के लिए एक नया वैक्सीन आ गया है। जानिए, इस वैक्सीन की क्या खास बात है।
ब्रितानी सरकार ने ऐलान किया है कि इंग्लैंड और स्कॉटलैंड में सितंबर से सभी नवजात बच्चों को मेनिनजाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) बी से बचाने के लिए वैक्सीन दिया जाएगा।
यह वैक्सीन दो महीने, चार महीने और 12 महीने के बच्चों को दिया जाएगा। लागत को लेकर विवाद के चलते इस योजना को लागू करने में देर हुई है।
इस घातक बीमारी के ख़िलाफ़ यह दुनिया का पहला टीकाकरण कार्यक्रम है जिसे सरकारी और सार्वजनिक खाते से पैसा दिया जा रहा है।
मेनिनजाइटिस चैरिटीज़ ने इसे सीधे 'जान बचाने वाला' क़दम करार दिया है।
अगस्त से एक अन्य मेनिनजाइटिस वैक्सीन- मेन एसीडब्ल्यूवाई- विश्वविद्यालय की पढ़ाई शुरू करने वाले 17 और 18 साल के बच्चों को दिया जाएगा।