क्या कभी दवा भी मीठी और स्वादिष्ट हो सकती है? अगर आप इस सवाल का जवाब ‘ना’ में देंगे तो आप गलत हैं। स्ट्रॉबेरी का मीठा और रसीला फल कई बीमारियों की स्वादिष्ट दवा जैसा ही है। यकीन नहीं आता तो ये फैक्ट्स देखें।
ब्लड प्रेशर कम करती है
स्टॉबेरी विटामिन-सी का अच्छा स्त्रोत है। इसके सेवन से न सिर्फ ब्लड प्रेशर कम करने में मदद मिलती है, बल्कि इम्यून सिस्टम भी दुरुस्त रहता है।
हड्डियों में मजबूती
इसमें मौजूद मैग्नीज, पोटेशियम और विटामिन के हड्डियों की मजबूती के लिए खासा फायदेमंद है।
पाचन ठीक रखती है
स्ट्रॉबेरी के सेवन से पाचन क्रिया भी सही रहती है। यानी लिवर और पेट से संबंधित रोगों में बेहद फायदेमंद है।
एंटी-कैंसर एजेंट
इसमें मौजूद फिनॉल्स की पर्याप्त मात्रा इसे एंटी-ऑक्सिडेंट और एंटी-इन्फ्लामेट्री गुणों से भरपूर बनाती है। इन्हीं गुणों के कारण यह एंटी-कैंसर एजेंट की तरह भी काम करती है।
ऑस्टियोऑर्थराइटिस से बचाए
फिनॉल्स की मौजूदगी की वजह से ही स्ट्रॉबेरी ऑस्टियोऑर्थराइटिस और अस्थमा जैसी समस्याओं में भी राहत देता है।
आंखों के लिए फायदेमंद
आंखों की सेहत के लिए भी यह फल लाभदायक है। आर्काइव्स ऑफ ऑपथेलमोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन में बताया गया है कि हर रोज स्ट्रॉबेरी के सेवन से आंखों में होने वाली आयुजनित मेक्यूलर डिजनरेशन की समस्या से बचाव किया जा सकता है।