स्मार्टफोन पर घंटों तक टेक्सटिंग या नेट सर्फिंग ने भले ही आपके नेटवर्क को खूब बढ़ा दिया हो लेकिन जरूरत से ज्यादा इनका इस्तेमाल आपकी कलाई, पंजे, उंगलियों और हाथों के लिए परेशानी का सबब हो सकता है।
बदलती तकनीकी हमारी जीवनशैली में आज इस तरह घुल चुकी है कि स्मार्टफोन और टैबलेट जैसे गैजेट्स पर देर तक सर्फिंग अब हमारे हाथों के लिए 'टेक्स्ट क्लॉ' नामक रोग की वजह हो सकता है।
न्यूयॉर्क के वेल कॉर्नेल मेडिकल सेंटर के वरिष्ठ डॉक्टर व ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आरो दालूस्की ने हफिंगटनपोस्ट डॉट कॉम को बताया, ''स्मार्टफोन के बहुत अधिक इस्तेमाल से हाथ, मुट्ठी, उंगलियों, कलाई और बाजुओं को तरह-तरह की समस्याएं होना आजकल आम है जिसे किसी एक रोग की तरह नहीं देखा गया है। इसे टेक्स्ट क्लॉ की समस्या कह सकते हैं। इसमें हाथों की मांसपेशियों और हड्डियों में जकड़न, दर्द और सूजन जैसी दिक्कतें आम हैं।''
उनका मानना है कि इन समस्याओं को हल्के में लेने से हाथों की मांसपेशियां और हड्डी कमजोर हो सकती हैं। स्मार्टफोन पर देर तक वेब ब्राउजिंग, टे्क्सटिंग, चैट आदि हाथों के लिए समस्याएं बढ़ा देते हैं।
अगर आप भी देर तक स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने की वजह से अपने हाथों में दर्द, सूजन जैसी समस्याएं महसूस करते हैं तो स्मार्टफोन का इस्तेमाल कम करने के साथ-साथ इन उपायों से भी आराम पा सकते हैं।
गर्म या ठंडी सेंक
हाथों पर दर्द व सूजने वाले भाग पर गर्म पानी के बैग या गर्म पानी में तौलिया निचोड़कर सेंक सकते हैं। चाहें तो बर्फ को कपड़े में लपेटकर भी सेंक सकते हैं। इससे मांसपेशियों की जकड़न खत्म होगी और दर्द में आराम होगा।
हाथों की कसरत
हाथों को सीधा स्ट्रेच करें फिर हथेली को आगे की और फिर पीछे की ओर स्ट्रेच करें। इससे कलाई के दर्द में आराम मिलेगा और हाथों की जकड़न दूर होगी।
नमस्कार
हाथों, कलाई और उंगलियों की जकड़न दूर करने के लिए नमस्कार की मुद्रा बनाएं। ब्रेक के दौरान कम से कम 15 से 20 सेकंड तक हाथों से नमस्कार की मुद्रा बनाएं, स्ट्रेच करें और फिर छोड़ दें।
स्ट्रेचिंग
हाथों को सीधा रखें, दाएं हाथ की उंगलियों को बाएं हाथ से खींचें और फिर बाएं हाथ की उंगलियों को दाएं हाथ से अपनी ओक खींचें।
मोबाइल फोन का अधिक इस्तेमाल आपके लिए परेशानी का सबब हो सकता है। इससे
होने वाली मानसिक समस्या के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें।