माता-पिता को भगवान से भी ऊपर माना जाता है। हालांकि पिछले कुछ दशकों में इंसान की जीवनशैली में एक बड़ा परिवर्तन आया है, जिसकी वजह से भावनात्मक रिश्ते काफी हद तक कमजोर हो गए हैं, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं। इसी रिश्ते को बरकरार रखने और जीवन में माता-पिता के महत्व की याद दिलाते रहने के लिए हर साल जुलाई महीने के चौथे रविवार को 'पेरेंट्स डे' (parents day) मनाया जाता है। पहली बार दक्षिण कोरिया में इसे 8 मई, 1973 को मनाया गया था। दरअसल, पहले दक्षिण कोरिया में मातृ दिवस और पितृ दिवस अलग-अलग मनाया जाता था, लेकिन बाद में इसे एक करके 'पेरेंट्स डे' मनाने का फैसला किया गया।