ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने वाली प्रभावी दवा की खोज
ब्लड प्रेशर की समस्या को कैसे कम किया जा सकता है, इसका क्या इलाज हो सकता है इस बारे में शोधकर्ताओं को एक बड़ी कामयाबी मिली है। वैज्ञानिकों की टीम ने एक आशाजनक नई चिकित्सा खोज की है, जिससे सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर को काफी कंट्रोल किया जा सकता है।
कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने अनियंत्रित या उपचार-प्रतिरोधी उच्च रक्तचाप वाले लोगों के लिए इसे काफी असरदार बताया है, जिसकी मदद से न सिर्फ ब्लड प्रेशर को कंट्रोल किया जा सकता है, साथ ही ये हाई ब्लड प्रेशर के कारण होने वाली कई तरह की गंभीर समस्याओं- जैसे हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को भी कम कर सकती है।
हाई ब्लड प्रेशर की समस्या
- फोटो : Freepik.com
हाइपरटेंशन की कारगर दवा- लोरुंड्रोस्टैट
लोरुंड्रोस्टैट नामक की इस दवा के क्लीनिकल ट्रायल्स में अच्छे परिणाम देखे गए हैं।
न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित इस अध्ययन में पाया गया कि जिन प्रतिभागियों को ये दवा (लोरुंड्रोस्टैट) दी गई, उनमें
सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में औसतन 15 प्वाइंट्स की कमी देखी गई, जबकि प्लैसीबो लेने वालों में ब्लड प्रेशर 6-7 प्वाइंट्स तक ही कम हुआ।
यूसी सैन डिएगो स्कूल ऑफ मेडिसिन में अध्ययन के मुख्य लेखक और हृदय रोगों के विशेषज्ञ माइकल विल्किंसन कहते हैं, यह अध्ययन उन व्यक्तियों में रक्तचाप को कम करने में एक नई और प्रभावी दवा के प्रभाव को जानने के लिए किया गया है, जिनका ब्लड प्रेशर मौजूदा दवाओं के साथ ठीक तरीके से कंट्रोल नहीं हो पा रहा है।
ब्लड प्रेशर की नई दवा की खोज
- फोटो : Freepik.com
यू.एस. सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के अनुसार, अकेले अमेरिका में लगभग 120 मिलियन (12 करोड़) लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है।
ब्लड प्रेशर में एल्डोस्टेरोन हार्मोन की भूमिका
एल्डोस्टेरोन हार्मोन को हमारे ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण माना जाता है। जब यह असंतुलित हो जाता है तो इसके कारण हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। प्रोफेसर विल्किंसन ने कहा, हमने विशेष रूप से असंतुलित एल्डोस्टेरोन को कंट्रोल करने वाले तरीकों को समझने के लिए ये अध्ययन किया, जिसके परिणाम अच्छे देखे गए हैं।
(ये भी पढ़िए- हाई ब्लड प्रेशर से हैं परेशान? ये पांच उपाय कर लें तो बिना दवा के भी कर सकते हैं इसे कंट्रोल)
ब्लड प्रेशर को कैसे कंट्रोल किया जा सकता है?
- फोटो : Freepik.com
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
शोधकर्ताओं ने कहा, लोरुंड्रोस्टैट के अब तक के ट्रायल में आशाजनक परिणाम देखे गए हैं, इस आधार पर हमें उम्मीद है कि आगे के ट्रायल्स में भी हमें इसे और बेहतर तरीके से समझने में मदद मिल सकती है। विशेषज्ञों ने बताया कि अगर इस दवा के ट्रायल्स अच्छे रहते हैं और इसके इस्तेमाल के लिए अनुमति मिलती है तो ये एक गंभीर और वैश्विक स्वास्थ्य समस्या की रोकथाम में मददगार हो सकता है।
------------
स्रोत और संदर्भ
Lorundrostat Efficacy and Safety in Patients with Uncontrolled Hypertension
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।