सर्दियों का मौसम लोगों का बेहद पसंदीदा होता है, हालांकि तापमान गिरने के साथ कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम भी बढ़ जाता है। इस दौरान सेहत को लेकर हम सभी को विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए ठंड का सीजन और भी चुनौतीपूर्ण होता है। इस मौसम में निमोनिया, सांस की समस्या, ब्लड प्रेशर और शुगर बढ़ने का खतरा रहता है।
डॉक्टर बताते हैं, सर्दियों में ठंड बढ़ने के साथ ही शरीर पर इसका सीधा असर पड़ता है, इसलिए इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या बन सकती है। बढ़ती ठंड के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ता है। ऐसी स्थिति में दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिसपर अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो हार्ट अटैक तक का खतरा बढ़ सकता है।
यही कारण है कि विशेषज्ञ सभी लोगों को ठंड से बचाव करते रहने और सेहत को लेकर सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं।