फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डब्ल्यूएचओ रिपोर्ट: टीबी के खिलाफ भारत की बड़ी जीत, 10 साल में घटे मौत के मामले; इसमें AI कैसे कर रहा मदद?

Fri, 13 Nov 2026 12:47 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

WHO TB Report 2026: डब्ल्यूएचओ की ग्लोबल टीबी रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, भारत में 2015 के मुकाबले टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है। मरीजों के इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत है। AI आधारित जांच, 25 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग, पोषण और सामुदायिक भागीदारी ने इस प्रगति में अहम भूमिका निभाई है।
विज्ञापन
टीबी से मौत के मामलों में कमी - फोटो : Amarujala.com/AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ट्यूबरकुलोसिस (टीबी) को कुछ दशकों पहले तक ऐसी बीमारी माना जाता था, जिसका इलाज काफी लंबा और मुश्किल होता था। आज भी यह बीमारी दुनिया के सामने बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है, लेकिन भारत में इसे खत्म करने की दिशा में कुछ उत्साहजनक बदलाव देखने को मिले हैं।

विज्ञापन


गौरतलब है कि भारत ने साल 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया था पर अब भी न सिर्फ बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं बल्कि भारत टीबी के बड़े बोझ वाला देश बना हुआ है। भारत टीबी को खत्म करने में कई बड़ी चुनौतियां लगातार बनी हुई हैं। टीबी के मामलों का भारी बोझ (दुनिया भर के मामलों का 26%), कुपोषण, जांच में देरी, दवाओं के प्रति प्रतिरोधी टीबी सभी लोगों के लिए चुनौतियां बढ़ाती जा रही है।

हालांकि इस दिशा में थोड़ी अच्छी खबर सामने आ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2015 के मुकाबले भारत में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है। आइए इस बारे में विस्तार से जान लेते हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

टीबी की बीमारी और इसके खतरे - फोटो : Adobe Stock
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट से पता चलता है कि टीबी से होने वाली मौत के मामले में भारत ने वैश्विक औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। देश में टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। लेकिन इस बदलाव के पीछे आखिर कौन-सी रणनीति काम कर रही है? कैसे एआई तकनीक, करोड़ों लोगों की जांच और पोषण सहायता से टीबी के खिलाफ लड़ाई मजबूत हुई है? आइए इस बारे में जानते हैं।

भारत में घटे टीबी से मौत के मामले

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से गुरुवार को जारी ग्लोबल ट्यूबरकुलोसिस रिपोर्ट 2026 में भारत की इस प्रगति को रेखांकित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि टीबी की जल्दी पहचान, समय पर इलाज, नई तकनीकों के इस्तेमाल और मरीजों की बेहतर देखभाल के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।

टीबी से होने वाली मौतों में आई कमी इस बात का संकेत है कि भारत इस बीमारी के कारण होने वाली मौतों को कम करने में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
 


डब्ल्यूएचओ की इस रिपोर्ट में भारत में टीबी से होने वाली मौतों का अनुमान लगाने के लिए कई अलग-अलग स्रोतों से मिले आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें भारत के रजिस्ट्रार जनरल का सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (RGI/SRS), समुदाय के स्तर पर किए गए वर्बल ऑटोप्सी आकलन और निक्षय पोर्टल पर उपलब्ध टीबी कार्यक्रम के आंकड़े शामिल हैं।
 
  • इन सभी आंकड़ों और आकलनों के आधार पर रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है। 
  • साल 2015 में जहां हर एक लाख की आबादी पर टीबी से 28 लोगों की मौत होती थी, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर 18 रह गई।

फेफड़ों की बीमारी - फोटो : Adobe Stock
जानिए कैसे मिली ये सफलता

स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि यह प्रगति राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत किए जा रहे लगातार प्रयासों का नतीजा है। इसमें घर-घर और समुदाय के स्तर पर टीबी के संभावित मरीजों की तलाश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से एक्स-रे जांच, तेजी से बीमारी का पता लगाने वाले टेस्ट, समय पर इलाज शुरू करना और मरीजों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग देखभाल जैसी पहल मदद कर रहे हैं।
 
इसके अलावा, मरीजों को पोषण संबंधी सहायता देने के लिए निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र पहल भी चलाई जा रही हैं।
 
  • निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पोषण संबंधी मदद दी जाती है
  • जबकि निक्षय मित्र पहल के माध्यम से व्यक्ति और संस्थाएं मरीजों की मदद के लिए आगे आती हैं।

एआई कर रहा है टीबी के इलाज में मदद - फोटो : Adobe Stock
टीबी से लड़ाई में एआई की मदद

टीबी की पहचान और इलाज को बेहतर बनाने के लिए एआई आधारित कई तकनीकी साधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इनकी मदद से उन इलाकों की पहचान की जाती है जहां टीबी के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। साथ ही ऐसे मरीजों का भी पहले से पता लगाने की कोशिश होती है, जिन्हें बीमारी के कारण गंभीर स्थिति या इलाज के दौरान प्रतिकूल परिणामों का खतरा ज्यादा हो सकता है।
  • इसके अलावा खुशी-एआई चैटबॉट और अवतार वीडियोबॉट जैसे डिजिटल साधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

मंत्रालय के अनुसार, टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत होना भी देश की मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती को दिखाता है। इसका मतलब है कि दवाओं से ठीक होने वाले टीबी के 100 मरीजों में से 94 मरीजों का इलाज सफल हो रहा है। बेहतर इलाज व्यवस्था और लगातार मिलने वाली सहायता ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीबी के खिलाफ भारत की लड़ाई अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। इसमें सरकारी संस्थानों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ी है। इसका उद्देश्य देश को टीबी मुक्त बनाना है।
विज्ञापन

टीबी की बीमारी का इलाज - फोटो : Amarujala.com/AI
फेफड़ों में छिपे बैक्टीरिया पर अटैक करने वाली दवा

अमर उजाला में हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट में हमने एक दवा के बारे में जानकारी दी थी जो फेफड़ों में छिपे बैक्टीरिया पर सीधे अटैक करके उन्हें मार सकती है। 

लखनऊ स्थित सीएसआईआर-सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट यानी सीएसआईआर-सीडीआरआई के वैज्ञानिक ऐसी दवा पर काम कर रहे हैं, जिसे खाने के बजाय सीधे सांस के रास्ते फेफड़ों तक पहुंचकर बैक्टीरिया पर अटैक कर सकती है। इसमें रिफाब्यूटिन और आइसोनियाजिड को मिलाया गया है। जानवरों पर इसका परीक्षण पूरा हो चुका है और अब इंसानों पर परीक्षण की तैयारी शुरू हो रही है। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें