फास्टफूड का नशा सिगरेट-शराब जितना ही घातक है। एक शोध से पता चला है कि पिज्जा-बर्गर से दूरी बनाने पर लगभग एक हफ्ते तक वैसा ही महसूस होता है, जैसा सिगरेट-शराब छोड़ने पर। इंसान को सिरदर्द, बेचैनी, चिड़चिड़ाहट, उदासी, सुस्ती और रह-रहकर फास्टफूड की जबरदस्त तलब जगने की शिकायत हो सकती है।
अमेरिका स्थित मिशिगन यूनिवर्सिटी में 19 से 68 साल की उम्र के लोगों पर यह अध्ययन किया गया। शोधकर्ताओं ने सभी प्रतिभागियों को लगातार एक महीने तक फास्टफूड से परहेज करने या उसके सेवन में भारी कमी लाने का निर्देश दिया। उन्हें हर दिन के उनके अनुभवों और भावनाओं को डायरी में दर्ज करने को कहा। इस दौरान 98 फीसदी प्रतिभागियों ने उदासी, सुस्ती, चिड़चिड़ाहट, सिरदर्द, बेचैनी और फास्टफूड खाने की तीव्र इच्छा जगने की बात कबूली। दूसरे से पांचवें दिन के बीच ये भावनाएं सबसे ज्यादा प्रबल थीं। हालांकि, सातवें दिन के बाद से इनमें उल्लेखनीय कमी आने लगी।