पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी (फाइल)
- फोटो : ANI
पाकिस्तान के राष्ट्रपति कोरोना से हुए संक्रमित
कोविड के एक नए वैरिएंट के सामने आने के बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के कोरोना संक्रमित होने की भी खबर है।
स्थानीय मीडिया
'द डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद से उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि जरदारी को सांस संबंधी समस्या और बुखार के बाद कराची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। इससे पहले वह जुलाई 2022 में भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। फिलहाल विशेषज्ञों की एक टीम उनकी सेहत पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
राष्ट्रपति जरदारी कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित हुए हैं फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है।
फिर लौट रहा है कोरोनावायरस
- फोटो : Amarujala.com
कोरोना का नया वैरिएंट (LP.8.1)
कोरोना के इस वैरिएंट (LP.8.1) के बारे में सबसे पहले जुलाई 2024 में पता चला था। वैज्ञानिकों की टीम ने बताया था कि यह ओमिक्रॉन के KP.1.1.3 का एक सब-वैरिएंट है, जिसके मामले पहले भी देखे जाते रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने जनवरी 2025 में LP.8.1 को 'वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग' के रूप में वर्गीकृत किया था।
ओमिक्रॉन और इसके तमाम सब-वैरिएंट्स की प्रकृति शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को आसानी से चकमा देकर लोगों को संक्रमित करने वाली मानी जाती रही है। हालांकि ओमिक्रॉन को अधिक गंभीर रोग फैलाने वाला नहीं पाया गया है।
नए वैरिएंट की प्रकृति कैसी?
अब तक की जानकारियों के मुताबिक LP.8.1 के स्पाइक प्रोटीन में छह म्यूटेशन (उत्परिवर्तन) हैं, इस आधार पर वैज्ञानिकों का मानना है कि ये इंसानी कोशिकाओं से अधिक आसानी से बाइंड हो सकता है। इसमें V445R नामक एक म्यूटेशन देखा गया है जो इसे अन्य वैरिएंट की तुलना में अधिक आसानी से फैलने के योग्य बनाता दिख रहा है। प्रयोगशाला अध्ययनों में पाया गया है कि V445R फेफड़ों की कोशिकाओं को क्षति पहुंचाने वाला भी हो सकता है।
कितना खतरनाक है नया कोरोनावायरस
- फोटो : Freepik.com
ज्यादा चिंता का विषय नहीं है ये नया वैरिएंट
प्रारंभिक रिपोर्ट्स से पता चलता है कि एलपी.8.1 के लक्षण अन्य सब-वैरिएंट्स की तुलना में अधिक गंभीर नहीं दिखते हैं, ऐसे में इसे फिलहाल सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम नहीं माना जा रहा है।
इन सबके बीच कोविड पर लगातार नजर रखने वाली विशेषज्ञों की टीम कह रही है कि भले ही कोविड काफी कंट्रोल में है लेकिन ये अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य चिंता बना हुआ है। इस साल अब तक ऑस्ट्रेलिया में करीब 45,000 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जबकि लगभग 260 लोगों को संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में XEC और KP.3 के बाद LP.8.1 तीसरा सबसे प्रमुख स्ट्रेन बना हुआ है। सभी देशों को इस नए वैरिएंट के प्रसार को रोकने के लिए अलर्ट किया गया है।
-------------
स्रोत और संदर्भ
new Covid strain affecting three in five UK patients
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।