सलमान खान जैसे डोले बनाने के लिए आप रोज पुश-अप्स लगाते हैं और जिम में घंटों कसरत करके पसीना बहाते हैं, लेकिन अगर बाजुओं में बैंड पहनकर ही मनमुताबिक डोले बन जाएं तो? बॉडी बनाने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा ही होगा।
दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा चुंबकीय पट्टा 'ओ2 मैग्नेटिक बैंड' तैयार किया है जिसे बाजुओं पर बांधने से आप 24 किलोग्राम के डंबल उठाने जितनी मशक्कत बिना डंबल उठाए कर सकेंगे।
वैज्ञानिकों का दावा है कि इस पट्टे में लगे चुंबक की मदद से आप कई स्तर की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग एक्सरसाइज कर सकेंगे जिसमें आप अपनी सुविधा के अनुसार वजन घटा या बढ़ा सकेंगे। यानी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग एक्सरसाइज के लिए आपको जिम जाने या डंबल उठाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
इस मैग्नेटिक किट में आपको दो पट्टे बांधने होंगे, पहला कोहनी के ऊपर और दूसरा कोहनी के नीचे। इसका प्रोग्राम सेट करके आप वजन सेट कर सकते हैं। इसमें आप तीन किलो से लेकर 24 किलो तक का वजन सेट कर सकेंगे।
कूकमिन यूनिवर्सिटी के छात्र सुनयुन यू, होंगसिओक किम और जूहयेओन ली ने मिलकर इसे तैयार किया है जो न सिर्फ बाजुओं की कसरत में आपकी मदद करेगा बल्कि आपके वर्कआउट का रिकॉर्ड भी रखेगा।