फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HMPV: संक्रामक रोगों के बढ़ते खतरे के बीच कैसे मजबूत करें इम्युनिटी? अभी से शुरू कर दें ये उपाय

Thu, 09 Jan 2025 03:59 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विशेषज्ञ कह रहे हैं कि एचएमपीवी से डरने की जरूरत नहीं है, ये कोविड से मिलता-जुलता जरूर है पर कोविड जितना खतरनाक नहीं है। हालांकि संक्रमण से बचाव के उपाय करते रहना, विशेषकर इम्युनिटी को मजबूत बनाने वाले उपाय आपके लिए बहुत जरूरी हैं। आइए जानते हैं कि आप अपनी इम्युनिटी को कैसे मजबूत कर सकते हैं?
विज्ञापन
एचएमपीवी से बचाव के लिए क्या करें? - फोटो : Freepik.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत-चीन सहित दुनिया के कई देश इन दिनों ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, एचएमपीवी वैसे तो हम सभी के बीच छह दशकों से अधिक समय से है और करीब 25 साल से इस वायरस के बारे में जानकारी है, हालांकि इस बार वायरस में कोई नया म्यूटेशन हुआ है जिसके कारण संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।

विज्ञापन


दुनियाभर से प्राप्त हो रही जानकारियों के मुताबिक इस संक्रमण के सबसे ज्यादा शिकार पांच साल से कम उम्र के बच्चे हो रहे हैं। इसके अलावा 65 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग या फिर वो लोग जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है उनमें भी संक्रमण विकसित होने का जोखिम हो सकता है।

ज्यादातर विशेषज्ञ कह रहे हैं कि एचएमपीवी से डरने की जरूरत नहीं है, ये कोविड से मिलता-जुलता जरूर है पर कोविड जितना खतरनाक नहीं है। हालांकि संक्रमण से बचाव के उपाय करते रहना, विशेषकर इम्युनिटी को मजबूत बनाने वाले उपाय आपके लिए बहुत जरूरी हैं। ये न सिर्फ आपको एचएमपीवी से बचाने में सहायक है साथ ही आपको कई अन्य संक्रामक रोगों से भी सुरक्षा देगा। 

विज्ञापन

इम्युनिटी पावर कैसे बढ़ाएं? - फोटो : Freepik.com
कमजोर इम्युनिटी वालों में संक्रमण का खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, एचएमपीवी कोविड की तरह ही एक श्वसन वायरस है जो ज्यादातर शिशुओं और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को अपना शिकार बनाता है। कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में हल्के स्तर के वायरस या रोगजनकों के कारण भी बीमारी बढ़ने का खतरा देखा जाता रहा है। यही कारण है कि सभी लोगों को अपनी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। 

चूंकि इन दिनों दुनियाभर में एचएमपीवी नया खतरा बनकर उभर रहा है इसलिए इससे बचाव के लिए आप कुछ उपाय शुरू कर दें जो आपको गंभीर और संक्रामक बीमारियों से बचा सकें।



आइए जानते हैं कि इसके लिए क्या प्रयास किए जा सकते हैं?

खान पान में करें सुधार - फोटो : Freepik.com
आहार में सुधार करना सबसे जरूरी

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अपनी इम्युनिटी को मजबूत बनाए रखने के लिए सबसे जरूरी है अपने खान-पान को ठीक रखना। खट्टे फलों का सेवन जरूर करें। विटामिन-सी से भरपूर, संतरे, नींबू और कीवी जैसे फल संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाओं के उत्पादन में मदद करते हैं। इसके अलावा ओमेगा-3 फैटी, विटामिन-ई और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर चीजों को भी अपने भोजन का हिस्सा जरूर बनाएं। 

रोजाना ग्रीन-टी पीने की आदत आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। ये कैटेचिन से भरपूर होती है, ये एंटीऑक्सीडेंट इंफ्लामेशन को कम करने और प्रतिरक्षा को बढ़ाने में मदद करता है।

योग के अभ्यास से बढ़ती है इम्युनिटी - फोटो : Adobe Stock
लाइफस्टाइल को ठीक रखना आवश्यक

अच्छी इम्युनिटी के लिए खान-पान में सुधार के साथ दिनचर्या को ठीक रखने के लिए भी प्रयास करना जरूरी है। इसके लिए हाइड्रेटेड रहना, अच्छी स्वच्छता का अभ्यास करना, पर्याप्त नींद लेना, नियमित रूप से योग-व्यायाम करना भी जरूरी है।

शोधकर्ता बताते हैं, जिन लोगों की नींद पूरी नहीं होती है उनमें इम्युनिटी कमजोर होने की दिक्कत अधिक देखी जाती रही है, इसलिए दिनचर्या में सुधार किया जाना भी आवश्यक है।
विज्ञापन

शराब के नुकसान - फोटो : Freepik.com
इन चीजों से करें परहेज

अच्छी प्रतिरक्षा के लिए क्या खाना चाहिए, इससे जरूरी ये जानना है कि आपको क्या नहीं खाना चाहिए या क्या चीजें नहीं करनी चाहिए?

कुछ खाद्य पदार्थ आपकी प्रतिरक्षा को कमजोर कर सकते हैं और श्वसन संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। इसमें ज्यादा चीनी वाली चीजें आपके लिए सबसे नुकसानदायक हैं। ज्यादा चीनी खाना प्रतिरक्षा कार्यों को दबा देती है और संक्रमण से आपकी रिकवरी को धीमा कर देती है। इसी तरह से मसालेदार और चिकना भोजन भी आपकी सेहत के लिए ठीक नहीं है। इन चीजों का सेवन कम करना चाहिए। 

शराब-धूम्रपान से बिल्कुल दूरी बनाकर रखना सबसे आवश्यक है, इसका प्रतिरक्षा प्रणाली पर नकारात्मक असर देखा जाता रहा है।


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें