लंबे समय तक बैठे रहने से बचें
- फोटो : Freepik.com
स्वस्थ और लंबी पाना इतना कठिन नहीं
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्वस्थ और लंबी आयु के लिए पौष्टिक खान-पान के साथ नियमित रूप से व्यायाम करना जरूरी है। हालांकि कामकाज और ऑफिस की व्यस्तता के बीच लोगों के लिए व्यायाम करने और जिम जाने के लिए समय निकाल पाना कठिन हो गया है।
पर आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिम में जोर-शोर से समय बिताने के बजाय, अपनी डेस्क से उठकर ऑफिस में टहलने की आदत भी बना लेते हैं तो ये आपको लंबी उम्र प्राप्त करने में मददगार हो सकती है।
स्वस्थ और लंबी आयु प्राप्त करने के तरीके
- फोटो : Freepik.com
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?
इंग्लैंड स्थित सलफोर्ड यूनिवर्सिटी में बायोमेडिकल विशेषज्ञ डॉ. गैरेथ नई ने कहा कि 100 साल तक जीना सिर्फ किस्मत और आनुवंशिकी पर निर्भर नहीं है। आमतौर पर देखा गया है कि जो लोग लंबे समय तक जीवित रहे हैं, वह शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय रहते थे। नियमित व्यायाम रूटीन पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय अपने दैनिक जीवन में सक्रियता बनाए रखना आपके लिए काफी हद तक मददगार हो सकती है। यहां संदेश यह है कि दिन भर में ज्यादा से ज्यादा सक्रियता बनाए रखना और एक ही जगह पर लंबे समय तक बैठे रहने से बचना अच्छी सेहत के लिए जरूरी है।
उदाहरण के लिए, ऑफिस में काम करने वाले लोग खड़े होकर काम करने वाली मेजों का इस्तेमाल कर सकते हैं, या बदलाव के लिए लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल कर सकते हैं, डेस्क से थोड़ी-थोड़ी देर उठकर आसपास टहल सकते हैं। ये छोटे-छोटे उपाय भी सेहत में बेहतर बदलाव लाने में मददगार हो सकता है।
उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्याएं
- फोटो : Freepik.com
शारीरिक रूप से सक्रियता जरूरी
डॉ नई कहते हैं, जो लोग ज्यादा उठते-बैठते हैं, ज्यादा चलते-फिरते रहते हैं, वे उन लोगों की तुलना में ज्यादा समय तक जीवित भी रहते हैं जिनकी जीवनशैली गतिहीन है। कई अध्ययन बताते रहे हैं कि शरीर को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो दिनभर में अधिक से अधिक निष्क्रिय समय से बचना सबसे महत्वपूर्ण है।
शोध से पता चलता है कि लंबे समय तक बैठे रहने या गतिहीन रहने से अल्जाइमर का खतरा बढ़ सकता है, चाहे आप कितना भी व्यायाम करें। जिम जाने वालों के साथ समस्या यह है कि आप कुछ ही समय तक अधिक सक्रिय रहते हैं और बाकी समय निष्क्रिय। जबकि जरूरी है कि आप पूरे दिन कुछ न कुछ करते रहें।
लंबी उम्र पाने के लिए क्या किया जाए?
- फोटो : Freepik.com
विशेषज्ञों ने बताया उपाय
विशेषज्ञों ने कहा, लंबी और स्वस्थ आयु के लिए इस बात का भी ध्यान रखें कि आपके शरीर में आहार के रूप में क्या जा रहा है? शराब का सेवन कम करना, धूम्रपान छोड़ना और संतृप्त वसा वाले खाद्य पदार्थों से परहेज भी स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रतिदिन सात घंटे से कम सोने वालों में असमयमृत्यु का जोखिम 12 प्रतिशत, जबकि आठ घंटे से अधिक सोने वालों में मृत्यु का जोखिम 30 प्रतिशत बढ़ जाता है। इसलिए भी नियमित नींद के पैटर्न का ध्यान रखना आवश्यक है। नींद की कमी से लोगों में मोटापा, हृदय रोग और टाइप 2 डायबिटीज जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ये सभी असमय मृत्यु को बढ़ाने वाली स्थितियां हैं।
डॉ. नई ने कहा अंतिम सलाह ये है कि आपको और आपके परिवार में सभी लोगों को किसी भी बीमारी की फैमिली हिस्ट्री के बारे में पता होना चाहिए और साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच भी करवानी चाहिए, ताकि समय रहते इसे कंट्रोल किया जा सके।
------------
स्रोत और संदर्भ
'I'm a doctor and four things are vital if you are keen to reach 100 years old'
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।