ज्यादा चीनी खाना भी खतरनाक
- फोटो : Freepik.com
ज्यादा चीनी खाते हैं तो हो जाइए सावधान
डॉक्टर कहते हैं, दिल की सेहत को ठीक रखने के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। इसमें नमक की मात्रा सीमित रखें, ताजे फल-सब्जियों का सेवन अधिक करें। इसके साथ चीनी वाली चीजें भी खाना कम कर दें। ज्यादा चीनी खाने को आमतौर पर डायबिटीज का खतरा बढ़ाने वाला माना जाता रहा है, पर ये आदत आपके हार्ट के लिए भी मुश्किलें बढ़ाने वाली हो सकती है।
- विशेषज्ञ मानते हैं कि पैकेज्ड फूड, सॉफ्ट ड्रिंक और मिठाइयों में छिपी चीनी सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है।
- ज्यादा चीनी खाने से शरीर में अतिरिक्त कैलोरी जमा होती है, जिससे मोटापा बढ़ता है।
- कई अध्ययनों में ये साफ होता है कि मोटापा डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का बड़ा कारण है।
दिल की बीमारियों को लेकर अलर्ट
- फोटो : Adobe Stock
ज्यादा चीनी खाने से हृदय रोगों का भी खतरा
अध्ययनों के अनुसार, ज्यादा चीनी खाने से दिल की सेहत पर भी गंभीर असर पड़ता है। जब शरीर में अतिरिक्त चीनी जाती है, तो वह ट्राइग्लिसराइड्स के रूप में जमा होने लगती है, जिससे बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है और गुड कोलेस्ट्रॉल कम होता है। यह स्थिति दिल की धमनियों में फैट जमा करने लगती है जिससे दिल तक खून का संचार ठीक तरीके से नहीं हो पाता है।
- अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की रिपोर्ट बताती है कि जो लोग ज्यादा मात्रा में चीनी या इससे बनी चीजें खाते हैं उनमें इंफ्लेमेशन की समस्या होने का खतरा अधिक होता है।
- चीनी रक्त वाहिकाओं में क्रॉनिक सूजन पैदा करती है, जिससे उन्हें नुकसान होता है और दिल की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।
- इसके अलावा ज्यादा चीनी खाने से दिल की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव भी बढ़ता है जिससे हार्ट की पंपिंग क्षमता प्रभावित हो सकती है।
क्या है डॉक्टर की सलाह?
अमर उजाला से एक बातचीत में वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ अमित सचान बताते हैं कि दिल को सेहतमंद रखना है तो सिर्फ नमक कम करने से काम नहीं चलेगा, आहार से चीनी वाली चीजों की मात्रा भी कम कर दीजिए। लंबे समय तक अधिक चीनी का सेवन करने से कोरोनरी आर्टरी डिजीज और हार्ट फेलियर तक का खतरा बढ़ सकता है।
- मीठे पेय पदार्थ जैसे कोल्ड ड्रिक्स, सोडा, पैकेट वाले जूस में भी चीनी की अधिक मात्रा होती है, इनका सेवन भी कम करना चाहिए।
लिवर की बीमारी को लेकर रहें सावधान
- फोटो : Adobe Stock
दिल के अलावा लिवर को भी खतरा
मीठे पेय पदार्थ कई तरह से हमारी सेहत के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट में हमने बताया था कि ये ड्रिंक्स लंबे समय में शरीर के अंदर खोखला बना सकते हैं।
विशेषज्ञों ने बताया कि इस तरह के पेय पदार्थ हृदय के अलावा लिवर को भी गंभीर नुकसान पहुंचाने वाला पाए गए हैं। मीठे ड्रिंक्स में फ्रुक्टोज की मात्रा अधिक होती है, ये मुख्य रूप से लिवर में प्रोसेस होता है। जब आप इसका बहुत ज्यादा सेवन करते हैं, तो लिवर पर दबाव बढ़ता है जिससे गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
--------------
स्रोत:
Sugar and Cardiovascular Disease
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।