ब्लड प्रेशर के छिपे हुए कारणों का चलेगा पता
- फोटो : Adobe Stock Images
एड्रिनल ग्रंथि की गड़बड़ी से बढ़ता है खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, उच्च रक्तचाप वाले लगभग एक चौथाई लोगों में एल्डोस्टेरोन नाम के हार्मोन की मात्रा अधिक देखी जाती है। ये एड्रिनल ग्रंथि द्वारा उत्पादित होती है। यह हार्मोन शरीर में नमक के स्तर को नियंत्रित करता है। आमतौर पर लोगों में इस तरह के हार्मोनल असुंतलन का पता ही नहीं चल पाता है।
अब यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं ने एक कारगर स्कैन तैयार किया है जो एड्रिनल ग्रंथि की समस्या और एल्डोस्टेरोन हार्मोन के असंतुलन का आसानी से पता लगाने में मदद कर सकती है। अब तक के टेस्ट में एड्रिनल ग्रंथि की इस दिक्कत का पता नहीं चल पाता था। समय रहते समस्या का निदान होने से ब्लड प्रेशर का सही तरीके से इलाज करने में आसानी हो सकती है।
हार्मोनल असुंतलन का चलेगा पता
- फोटो : Adobe Stock Images
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों का कहना है कि इस टेस्ट की मदद से ब्लड प्रेशर के रोगियों के लिए सर्वोत्तम उपचार निर्धारित करने में मदद मिल सकती है। यदि ग्रंथि बहुत अधिक हार्मोन का उत्पादन कर रही है तो दवाओं के माध्यम से इसे कंट्रोल किया जा सकता है। अब तक ब्लड प्रेशर के उपचार में लाइफस्टाइल और आहार में सुधार पर ज्यादा जोर दिया जाता रहा है पर इस हार्मोन पर लोगों का ध्यान कम जाता है।
यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में मेडिसिन के प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखक ब्रायन विलियम्स कहते हैं, हम कई दशकों से इस तरह के टेस्ट का इंतजार कर रहे थे। यह कई मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर के लिए एक जरूरी और छिपे हुए कारणों का पता लगाने में मदद कर सकती है, जिससे ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करना और आसान हो सकेगा।
मरीजों का इलाज होगा आसान
न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने कहा, इससे हमारे डायग्नोसिस करने के तरीके को पूरी तरह से बदलने और हमें मरीजों को बेहतर टारगेटेड इलाज देने में मदद मिलने की संभावना है। प्रारंभिक अध्ययन में विशेषज्ञों ने मरीजों पर किए इस टेस्ट में पाया कि स्कैन ने मरीजों में हार्मोन के अत्यधिक उत्पादन को आसानी से ढूंढ लिया।
प्रोफेसर विलियम्स कहते हैं, हाई ब्लड प्रेशर के जिन मरीजों का इलाज मुश्किल होता है, उनके लिए ये स्कैन रामबाण साबित हो सकती है। फिलहाल इस स्कैन का फेज-2 क्लिनिकल ट्रायल किया जा रहा है।
उच्च रक्तचाप की समस्या
- फोटो : Freepik.com
हाई ब्लड प्रेशर के कारण होती हैं गंभीर दिक्कतें
हाई ब्लड प्रेशर के मामले जिस तरह से कम उम्र के लोगों में बढ़ते जा रहे हैं, ये काफी चिंता का कारण बना हुआ है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि अगर इसे नियंत्रित न किया गया तो आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र पर हृदय-किडनी और लिवर से संबंधित रोगियों का अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है।
डॉक्टर कहते हैं, ब्लड प्रेशर हाई रहना किस तरह से खतरे की घंटी हो सकती है।
दिल के साथ दिमाग पर भी हाई ब्लड प्रेशर के गंभीर दुष्प्रभावों को लेकर अलर्ट किया जाता रहा है।
--------------------------
स्रोत
Adrenal Aldosterone Synthase Expression Imaging in Primary Aldosteronism
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।