वजन घटाने के लिए अगर आप जिम में घंटों मशक्कत करके तंग आ चुके हैं, तो वजन घटाने का सबसे सस्ता, टिकाऊ और कारगर तरीका यानी रोज सैर करना क्यों नहीं अपनाते हैं?
शायद इसलिए कि रोज सैर करना काफी बोरिंग लगता है या फिर इसके लिए समय निकालना आपको मुश्किल लगता है? ऐसे में अगर सैर को इतना दिलचस्प बना दिया जाए कि उसमें मजा भी आए और अतिरिक्त समय भी न लगे।
हां, इतना ध्यान रखें कि वजन घटाने के लिए सैर हमेशा तेज गति से ही फायदेमंद है। जानिए, सैर को दिलचस्प बनाने के पांच आसान उपाय।
1. सैर के साथ निपटाएं काम
रोज अगर सैर पर जाने का समय नहीं निकाल पाते हैं तो पास की मार्केट या एटीएम जैसी जगहों तक जाने के लिए वाहन के बजाय तेजी से चलकर जाएं। काम भी निपटेगा और सेहत भी बनी रहेगी।
2. दोस्तों से मिलने के बहाने
दोस्तों से मिलने के लिए हमेशा सिनेमाहॉल ही क्यों, कभी पार्क में टहलते या पास की मार्केट तक ही चलते-चलते बात कर लें। आस-पास ही कहीं मिलना है तो तेजी से चलकर मिलने जाएं। इससे आपका ध्यान भले ही इस बात पर नहीं होगा कि आप कितना चले, लेकिन सेहत के लिए जितना चलना जरूरी है, उतना तो आप चल ही लेंगे।
3. रास्ता बदलें
हर रोज एक ही रास्ते पर सैर करके बोर हो गए हैं तो रास्ता बदलकर सैर करें, यकीन मानें आप अपने वर्कआउट में नयापन जरूर महसूस करेंगे।
4. शॉर्टकट सैर
सैर से मतलब घंटों सैर का नहीं है। आप सुबह 15 से 20 मिनट भी तेजी से सैर करेंगे और इसे अपना रूटीन बना लेंगे, तो यह भी वजन घटाने में आपके लिए कम मददगार नहीं है।
5. परिवार के साथ
रोज रात में भोजन के बाद परिवार के साथ टीवी देखने के बजाय क्यों न अपने परिवार के साथ पार्क के दो चक्कर लगाएं। इससे आपकी थकान तो दूर होगी ही परिवार के साथ क्वालिटी टाइम भी मिलेगा।