बॉलीवुड में ऐसे कई अभिनेता हैं जिन्होंने फिल्मों के लिए अपनी बॉडी और लुक पर कुछ ऐसे प्रयोग किए जो फिटनेस के मुरीदों के लिए आदर्श साबित हुए हैं। 12 जुलाई को रिलीज होने वाली फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' के 'मिल्खा सिंह' यानी फरहान अख्तर के सिक्स पैक एब्स इन दिनों बॉडी बनाने की चाहत रखने वाले लोगों को भा रहे हैं।
एक एथलीट की फिट बॉडी के लिए फरहान ने कितनी मेहनत की और आप किस तरह उनके जैसी फिट बॉडी पा सकते हैं, इस बारे में फरहान के ही फिटनेस ट्रेनर समीर जाउरा से जानिए उनकी फिटनेस से जुड़े अहम पहलू।
बदले तीन लुक
समीर ने बताया, फरहान ने इस फिल्म के लिए अपने शरीर को तीन लुक्स में ढाला। इसमें उनके बचपन का लुक जो एक स्कूली बच्चे से मिलता-जुलता है, फिर 20 साल और 30 साल की उम्र का लुक उन्हें अपनाना था। शुरुआत हमने तीसरे लुक से की जो उनके लिए अपेक्षाकृत आसान था और फिर-फिर धीरे-धीरे वजन कम करने की कोशिश शुरू की। फरहान को मुझ पर 200 प्रतिशत यकीन था और यही वजह है कि इतने कम समय में उन्हें तीन अलग-अलग परफेक्ट बॉडी बनाने में समय कम लगा।
कितना समय लगा
एक परफेक्ट एथलीट की बॉडी के लिए फरहान ने करीब 18 महीनों तक कड़ी मशक्कत की जिसमें उन्होंने दौड़ से लेकर, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग एक्सरसाइज और डाइट पर क़ड़ा नियंत्रण रखा। जिस सिक्स पैक एब्स पर आप पूरी तरह फ्लैट हैं उसे बनाने में फरहान को पूरे पांच महीने लगे।
इन वर्कआउट से मिली मदद
फरहान ने एथलीट कोच मेल्विन क्रास्टो के प्रशिक्षण में दौड़ना शुरू किया और समीर से फिटनेस ट्रेनिंग ली। समीर का मानना है कि फरहान अपनी फिटनेस को लेकर इतने गंभीर थे कि वे दिन भर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग एक्सरसाइज करते थे।
इसके अलावा, फरहान ने शूट के पहले लेह-लद्दाख में हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग भी ली जहां हर सुबह वह करीब 500 सीढ़ियां चढ़ते थे।
डाइट पर भी कड़ा नियंत्रण
फरहान ने इस फिल्म में अपने अलग-अलग लुक के लिए वर्कआउट के साथ-साथ डाइट को भी तरजीह दी। इस दौरान वह दिन में करीब सात बार छोटे-छोटे पोर्शन में डाइट लेते रहे। इसके अलावा, वर्कआउट के बाद प्रोटीन सप्लीमेंट्स से भी उन्हें काफी मदद मिली। यहां तक कि शूटिंग के दौरान भी बीच-बीच में वह प्रोटीन पाउडर और एनर्जी बार लेते रहे।