हृदय रोग-हार्ट अटैक और मौत का खतरा
- फोटो : Adobe stock photos
क्रॉनिक बीमारियां और इसका खतरा
क्रॉनिक बीमारियां और इससे होने वाली मौत के खतरे को लेकर इस रिपोर्ट को समझने से पहले आइए ये जान लेते हैं कि आखिर क्रॉनिक बीमारियां होती क्या हैं?
क्रॉनिक बीमारियां, उन बीमारियों का कहा जाता है जो धीरे-धीरे बढ़ती हैं और लंबे समय तक शरीर को प्रभावित करती रहती हैं। ये बीमारी कुछ दिनों या हफ्तों में नहीं होती, बल्कि महीनों या वर्षों तक चलती रहती हैं। भारत में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली क्रॉनिक बीमारियों में हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन), डायबिटीज, दिल की बीमारी, कैंसर और अस्थमा शामिल हैं। ये हमारी रोजमर्रा की गलत आदतों जैसे जंक फूड, ज्यादा नमक और तेल वाला भोजन, व्यायाम न करने, तनाव में रहने, तंबाकू-शराब के सेवन के कारण बढ़ती हैं। अगर समय पर इलाज न कराया जाए तो ये जानलेवा भी हो सकती हैं।
हालिया रिपोर्ट में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि इन बीमारियों के कारण देश में मौत का खतरा अब पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है।
क्रॉनिक बीमारियों को लेकर सामने आई बड़ी बातें
- फोटो : Freepik.com
कैंसर और हृदय रोगों के कारण मौत का जोखिम
द लैंसेट की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत उन देशों में शामिल है जहां कैंसर और हृदय रोग जैसी दीर्घकालिक बीमारियों से मरने की आशंका पुरुषों और महिलाओं दोनों में बढ़ गई है, ऐसा उस समय देखा जा रहा है जब पिछले एक दशक में हर पांच में से चार देशों में इन दरों में गिरावट आई है।
भारत में पुरुषों की तुलना में महिलाओं में जोखिमों में अधिक वृद्धि देखी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक हृदय रोग और मधुमेह का क्रॉनिक बीमारी और इससे बढ़ती मौत के मामलों में योगदान सबसे अधिक है।
गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों का खतरा
- फोटो : Adobe stock photos
अध्ययन में क्या पता चला?
टीम ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर 185 देशों में दीर्घकालिक बीमारियों और इससे मरने के जोखिमों का अनुमान लगाया। लेखकों ने कहा, साल 2010 से 2019 तक 80 वर्ष तक की आयु के बीच एनसीडी (गैर-संचारी रोग) से मरने की आशंका 185 देशों में से 152 (82 प्रतिशत) में कम हुई। शेष 33 देशों में महिलाओं में और 38 देशों में पुरुषों में इसका खतरा बढ़ता हुआ देखा गया है।
चीन, मिस्र, नाइजीरिया, रूस और ब्राजील में गैर-संचारी रोगों से होने वाली मृत्यु दर में पुरुषों-महिलाओं दोनों में कमी आई है, जबकि भारत और पापुआ न्यू गिनी में दोनों लिंगों में इसकी वृद्धि हुई है।
अधिकांश देशों में, कैंसर, हृदय रोग (दिल का दौरा) और स्ट्रोक से होने वाली मौतों में कमी आई है, जो क्रॉनिक बीमारियों से होने वाली मृत्यु दर में गिरावट का सबसे बड़ा कारण है। हालांकि डिमेंशिया, शराब के कारण होने वाली बीमारियोंऔर अग्न्याशय-लिवर कैंसर से होने वाली मौतों में वृद्धि देखी गई है।
बढ़ती बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ चिंतित
- फोटो : Adobe stock
2030 तक असमय मृत्यु दर को एक तिहाई कम करने का लक्ष्य
विशेषज्ञों की टीम ने कहा कि सभी देशों ने दीर्घकालिक रोगों के उपचार में सुधार के लिए प्रतिबद्धता और योजनाएं बनाई हैं, जिसमें संयुक्त राष्ट्र का सतत विकास लक्ष्य भी शामिल है। इसके तहत साल 2030 तक इन रोगों से होने वाली असमय मृत्यु दर को एक तिहाई तक कम करना है।
शोधकर्ताओं ने कहा कि यह अध्ययन राष्ट्रीय स्तर पर दीर्घकालिक रोगों से जुड़ी मृत्यु दर में बदलाव को ट्रैक करने और ऐतिहासिक प्रदर्शन के आधार पर प्रगति का आकलन करने वाला पहला वैश्विक विश्लेषण है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा की आगामी चौथी उच्च-स्तरीय बैठक से पहले, अध्ययन के निष्कर्ष दीर्घकालिक रोगों से निपटने और जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उपायों को सुनिश्चित करने के लिए अधिक निवेश की तत्काल आवश्यकता दर्शाते हैं।
----------------------------
स्रोत
Your risk of dying from chronic disease has dropped — if you live in these countries
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।