फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला फाउंडेशन की पहल: डॉक्टरों ने बताया, किन कारणों से शरीर में कम हो जाती है ऑक्सीजन की मात्रा?

Mon, 26 Apr 2021 08:26 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
कोरोना रोगियों में क्यों कम हो रही हैऑक्सीजन सेचुरेशन - फोटो : Pixabay
विज्ञापन
डॉ डीके गुप्ता
विज्ञापन

बाल रोग विशेषज्ञ

डॉ शिवालक्ष्मी
एम्स 


देश में तेजी से बढ़ते जा रहे कोरोना मामलों ने स्वास्थ्य व्यवस्था को काफी तनाव में डाल दिया है। अस्पतालों पर पड़े अचानक से दबाव के कारण कई सारी मेडिकल उपकरणों की इन दिनों काफी कमी भी देखने को मिल रही है। कहीं अस्पतालों में आईसीयू बेडों की कमी है तो कहीं ऑक्सीजन के सिलेंडरों की, ऐसे में रोगियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़़ रहा है। ऑक्सीजन के सिलेंडरों की कमी वाले समाचार आप हर रोज देख और पढ़ रहे हैं। अब सवाल यह उठता है कि अगर किसी को अचानक से ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ जाए, तो फौरी तौर पर किन उपायों के साथ उसके शरीर में इसकी मात्रा को बढ़ाया जा सकता है?
अमर उजाला फाउंडेशन की पहल के माध्यम से कोरोना महामारी को लेकर सोमवार को हुई चर्चा में विशेषज्ञों ने इसी बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ डीके गुप्ता और एम्स की डॉ शिवालक्ष्मी ने ऑक्सीजन के स्तर को बढ़ाने से संबंधित सवालों के जवाब दिए।
विज्ञापन


क्यों कम हो जाता है शरीर में ऑक्सीजन का स्तर?
इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ डीके गुप्ता बताते हैं कि कोविड संक्रमितों के फेफड़ों में हो रहे संक्रमण के कारण लोगों को मेडिकल ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा यदि आप तेज बुखार में भी पैरासीटामॉल नहीं ले रहे हैं तो भी शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम हो सकता है। इसके अलावा तनाव और घबराहट की स्थिति में भी शरीर में ऑक्सीजन की जरूरत बढ़ जाती है। वैसे कोरोना के सभी रोगियों को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं होती है। वायरस, जिन लोगों के फेफड़ों को प्रभावित कर रहा है, ऐसे ही गंभीर रोगियों को मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता हो सकती है। 
विज्ञापन

ऑक्सीजन सिलिंडर की बढ़ी मांग - फोटो : pixabay
बिना सिलेंडर के कैसे बढ़ा सकते हैं ऑक्सीजन का स्तर?
डॉ शिवालक्ष्मी बताती हैं कि कोरोना संक्रमित जो लोग घर पर ही आइसोलेशन में हैं वह उल्टे लेटकर भी शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ा सकते हैं। जिन रोगियों का ऑक्सीजन सेचुरेशन 94 से कम है उन्हें इस उपाय को जरूर प्रयोग में लाना चाहिए। रोगी को करवट बदलते रहना चाहिए, ऐसा करने से कई लोगों में लाभ देखा गया है। 

क्या योग से भी मिल सकता है फायदा?
डॉ डीके गुप्ता बताते हैं कि सभी स्वस्थ लोगों को योग और प्राणायाम जरूर करना चाहिए, इससे न सिर्फ शरीर में ऑक्सीजन का संचार अच्छे से होता है साथ ही यह आपकी इम्य़ूनिटी को भी मजबूत करने में काफी सहायक हो सकता है। हालांकि अस्थमा, सीओपीडी और कोरोना के मरीजों को इस बारे में अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए, क्योंकि योग और प्राणायाम शरीर में ऑक्सीजन की आवश्यकताओं को बढ़ा देते हैं।

कोरोना के रोगी घर पर कैसे रखें अपना ख्याल?
डॉ शिवालक्ष्मी बताती हैं कि कोरोना के जो रोगी घर पर आइसोलेट हैं उन्हें बिल्कुल घबराना नहीं चाहिए। दवाइयों के साथ ऐसे रोगियों को नियमित रूप से ऑक्सीजन सेचुरेशन पर नजर बनाकर रखना चाहिए। सेचुरेशन का स्तर 95 से कम होने पर डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें। खान-पान पर विशेष ध्यान रखें औप कोविड संक्रमण को रोकने के सभी नियमों का पालन करते रहें।

-----------------
नोट: यह लेख बाल रोग विशेषज्ञ डॉ डीके गुप्ता और एम्स की डॉ शिवालक्ष्मी से एक बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें