दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ कर अब दो करोड़ 42 लाख हो चुके हैं जबकि मौतों का आंकड़ा आठ लाख 27 हजार के पार पहुंच गया है। भारत में तो स्थिति गंभीर होती जा रही है। यहां शुक्रवार को संक्रमण के रिकॉर्ड 77,266 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 30 लाख 39 हजार हो गए हैं। साथ ही इस बीमारी से मरने वालों का कुल आंकड़ा भी 61 हजार के पार हो गया है। ये ऐसी बीमारी है, जो बुजुर्गों और पहले से ही किसी न किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को जल्दी अपनी चपेट में ले ले रही है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले से ही कमजोर होती है। हालांकि बच्चों पर इस वायरस के प्रभाव को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी, लेकिन ब्रिटेन में इससे संबंधित एक रिसर्च हुई है, जिसमें कई सारी बातें निकलकर सामने आई हैं।