कोरोना वायरस दिन-ब-दिन खतरनाक होता जा रहा है और इससे संक्रमण के मामले भी बढ़ते ही जा रहे हैं। अब तक हुए शोधों से इतना तो पता चल ही गया है कि कोरोना वायरस उन लोगों को जल्दी अपनी चपेट में ले ले रहा है, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है। इसमें बुजुर्ग और पहले से ही किसी न किसी बीमारी से पीड़ित लोग शामिल हैं। इस वायरस के संक्रमण से लोगों में लिवर, किडनी, हार्ट और फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं, लेकिन जो लोग पहले से ही इन समस्याएं से परेशान हैं, उनके लिए तो कोरोना वायरस और भी ज्यादा घातक साबित हो सकता है। इसमें डायबिटीज के मरीज भी शामिल हैं। इस बीमारी से पीड़ित मरीजों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।