स्तन कैंसर का पता लगाने के लिए अध्ययन
- फोटो : Freepik.com
अध्ययन में क्या पता चला?
हाल ही में किए गए एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया कि सफल उपचार के बाद भी एक प्रकार का कैंसर आपके शरीर में सालों तक शरीर में छिपा रह सकता है। ये सुनकर आपको जरूर डरावना लग सकता है, लेकिन वास्तविकता यही है।
अमेरिका स्थित मिशिगन यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर डॉ. गैरी ल्यूकर के नेतृत्व में कैंसर को लेकर किए गए एक अध्ययन में पाया गया है कि स्तन कैंसर के कई मामले ऐसे देखे गए हैं जिसमें कैंसर के सेल्स लंबे समय से शरीर में मौजूद थे।
जर्नल ऑफ क्लिनिकल इन्वेस्टिगेशन में प्रकाशित शोध में विशेषज्ञों ने बताया कि ये 'स्लीपर कैंसर सेल्स' शरीर में सालों तक निष्क्रिय रह सकती हैं और कुछ वर्षों बाद स्तन कैंसर के फिर से उभरने का कारण बन सकती हैं। शोधकर्ताओं ने कहा कि ये अध्ययन इस तरफ ध्यान आकर्षित करता है कि इलाज के दौरान ऐसे तरीके अपनाएं जाएं कि कैंसर सेल्स दोबारा न विकसित होने पाएं।
इलाज के बाद भी शरीर में छिपे रह सकते हैं सेल्स
अध्ययनकर्ताओं ने कहा कि आमतौर पर माना जाता रहा है कि कैंसर के सफल उपचार का मतलब है कि हमारा शरीर इस बीमारी से मुक्त हो गया है, हालांकि एस्ट्रोजन रिसेप्टर-पॉजिटिव ब्रस्ट कैंसर के मामले में, यह उतना सरल नहीं है जितना दिखता है। ये कैंसर कोशिकाएं बोन मैरो के अंदर वर्षों और यहां तक कि दशकों तक छिपी रह सकती हैं और फिर से उभर सकती हैं।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि चिकित्सा प्रगति और अधिक जागरूकता के बावजूद युवा महिलाओं में स्तन कैंसर बढ़ रहा है। इस बीच ये जानकारी और भी चिंता बढ़ाने वाली है। अध्ययनकर्ताओं ने कहा, इसकी रोकथाम को लेकर विस्तृत शोध की आवश्यकता है।
ब्रेस्ट कैंसर और इसका खतरा
स्तन कैंसर दुनियाभर में महिलाओं में होने वाले आम कैंसर में से एक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा एकत्र किए गए 2022 के आंकड़े बताते हैं कि हर साल लगभग 30% महिलाओं में स्तन कैंसर का निदान किया जाता है। संयुक्त राज्य अमेरिका में, यह अनुमान है कि अकेले 2024 में लगभग 3.10 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और मृत्यु दर बहुत अधिक है, जिससे यह महिलाओं में मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण बन गया है। इसके लक्षणों पर सभी महिलाओं को कम उम्र से ही ध्यान देते रहना चाहिए।
कैंसर के शुरुआती लक्षणों पर दें ध्यान
डॉक्टर बताते हैं, कैंसर के शुरुआती चरण में लक्षण बहुत स्पष्ट दिखाई दें ये जरूरी नहीं है। बीमारी के गंभीर होने पर कई लक्षण एक साथ दिखाई देते हैं। 20 से अधिक उम्र की महिलाओं को शरीर में होने वाले बदलावों के लिए अक्सर खुद की जांच करना जरूरी है। अगर आपके स्तन में कोई गांठ है, डिस्चार्ज होता रहता है या अक्सर कुछ असहजता होती है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Breast cancers that disseminate to bone marrow acquire aggressive phenotypes through CX43-related tumor-stroma tunnels
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।