आप बॉडी बिल्डिंग में हैं तो जो मन में आया वो खाने की आजादी आपको नहीं है। गलत डाइट आपकी मेहनत और पैसे दोनों पर पानी फेर सकती है। इसलिए आप ये गलतियां न करें, जो हम आगे गिनाने जा रहे हैं।
पानी कम पीना
आप बाथरूम में जिन बाजुओं को फुला-फुलाकर देखते हैं उनमें 70 फीसदी पानी भरा होता है। मसल्स पानी से भरे गुब्बारे की तरह होते हैं। पानी कम, साइज कम। कितनी भी अच्छी डाइट ले लीजिए अगर पानी जरूरत के मुताबिक नहीं है तो दस मिनट की कसरत में दम निकल जाएगा। दिन में तीन से पांच लीटर पानी निपटा दीजिए।
सप्लीमेंट को देवता मानना
फूड सप्लीमेंट सबकुछ नहीं हैं। वो सिर्फ सप्लीमेंट है। यकीन मानिए एक भारी थाली का मुकाबला कोई पाउडर या गोली नहीं कर सकती। हम वक्त की कमी या भूख की कमी के चलते अपनी डाइट पूरी नहीं कर पाते तो सप्लीमेंट हमारी मदद करते हैं। दाल, चावल, रोटी, सलाद, फल, दूध की जगह गोली, सीरप, वियाल, पाउडर नहीं ले सकते।
प्रोटीन पूरा, कार्बोहाइड्रेट अधूरा
अक्सर जिम जाने वालों का पूरा ध्यान प्रोटीन पर रहता है। वो प्रोटीन की मात्रा तो पूरी कर लेते हैं, लेकिन कार्बोहाइड्रेट कम लेते हैं। शरीर को तो अपना काम करना ही है तो वो प्रोटीन को शरीर की और जरूरतों को पूरा करने में लगा देता है। अगर आप कार्ब्स पूरा लेंगे तो सारा प्रोटीन मसल्स बनाने में ही इस्तेमाल होगा।
फैट से दुश्मनी
कई लोग लीन मास के चक्कर में फैट से दुश्मनी पाल लेते हैं। भाई साहब, शरीर को फैट भी चाहिए। थोड़ा बहुत फैट मसल्स बनाने में मदद ही करता है। अंडे की जर्दी, जैतून का तेल, मछली का तेल, मक्खन वगैरा सीमित मात्रा में खाना चाहिए।
हर दिन एक समान
हर रोज एक जैसी डाइट जीभ और शरीर दोनों को बोर कर देती है। थोड़ा-बहुत बदलाव किया करें। थोड़ी पढ़ाई करें, देखें कि आप किस खाने के बदले में कौन सा खाना खा सकते हैं। एक दिन गोल-गप्पे खा लेंगे और दूध नहीं पिएंगे तो डोले घट नहीं जाएंगे। कभी रेस्ट के दिनों में पूरा दिन फ्रूट डाइट पर रह कर देखें।